बांग्लादेश ने लिया यू-टर्न! पाकिस्तान से बोला- दोस्त, T20 वर्ल्ड कप में भारत से खेल लो मैच; आखिर ये सब हुआ कैसे?
बांग्लादेश ने पाकिस्तान से भारत के खिलाफ मैच बहिष्कार का फैसला वापस लेने को कहा. PCB चेयरमैन मोहसिन नक़वी इस पर प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ से चर्चा करेंगे.;
बांग्लादेश ने बदला रुख, PCB से की भारत के खिलाफ मैच खेलने की अपील
(Image Source: Sora_ AI )IND vs PAK Match: भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर बड़ी खबर सामने आई है. कुछ दिन पहले तक पाकिस्तान के समर्थन में खड़े दिख रहे बांग्लादेश ने अब अपना रुख बदल लिया है. ताज़ा रिपोर्ट्स के मुताबिक, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) से भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार का फैसला वापस लेने की अपील की है. इससे अगले हफ्ते कोलंबो में होने वाले बहुप्रतीक्षित India vs Pakistan मुकाबले की उम्मीदें फिर जिंदा हो गई हैं.
दरअसल, कुछ दिन पहले बांग्लादेश के स्पोर्ट्स एडवाइजर ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ का धन्यवाद किया था, जब पाकिस्तान ने बांग्लादेश के समर्थन में भारत के खिलाफ ग्रुप मैच के बहिष्कार की धमकी दी थी, लेकिन अब हालात बदल गए हैं.
BCB ने क्या फैसला लिया है?
PCB चेयरमैन मोहसिन नक़वी ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम के अनुरोध पर प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ से बहिष्कार का फैसला वापस लेने की सिफारिश करने का मन बनाया है. अमीनुल इस्लाम रविवार को लाहौर में PCB प्रमुख और ICC के उपाध्यक्ष इमरान ख्वाजा से मुलाकात के लिए पहुंचे थे.
बांग्लादेश के अलावा किन बोर्ड्स ने पाकिस्तान से मैच खेलने की अपील?
सिर्फ बांग्लादेश ही नहीं, बल्कि श्रीलंका क्रिकेट (SLC) और एमिरेट्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने भी पाकिस्तान से अपना फैसला दोबारा सोचने की अपील की है. इन बोर्ड्स ने माना कि पाकिस्तान ने बांग्लादेश का साथ दिया, लेकिन अब हालात को सामान्य करना ज़रूरी है. PCB सूत्रों के मुताबिक, मोहसिन नक़वी प्रधानमंत्री को बताएंगे कि उन्हें ICC और अन्य क्रिकेट बोर्ड्स से इस मुद्दे पर क्या संदेश मिले हैं.
हालांकि, अंतिम फैसला पूरी तरह से प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ के हाथ में होगा और PCB सरकार के निर्देशों से बंधा रहेगा. एक रिपोर्ट के अनुसार, नक़वी सोमवार को प्रधानमंत्री से मुलाकात करने वाले हैं और दिन के अंत तक ICC या PCB की ओर से आधिकारिक ऐलान हो सकता है.
ICC ने पूरे मामले पर क्या कहा?
ICC ने इस पूरे मामले में साफ रुख अपनाया है. उसने कहा है कि पाकिस्तान के पास मैच के बहिष्कार का कोई ठोस आधार नहीं है और उसे Members Participation Agreement (MPA) और दिसंबर 2024 में हुए समझौते का पालन करना होगा, जिसके तहत भारत या पाकिस्तान के मेज़बान होने पर हाइब्रिड मॉडल अनिवार्य है.
PCB ने क्या मांग की?
इस बीच पाकिस्तान और बांग्लादेश ने कुछ नई मांगें भी रखी हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, PCB ने भारत-पाकिस्तान के साथ-साथ भारत-बांग्लादेश के बीच भी द्विपक्षीय क्रिकेट बहाल करने की मांग की है. इसके अलावा भारत, पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच त्रिकोणीय सीरीज़ का प्रस्ताव भी रखा गया है. हालांकि BCCI की ओर से इस पर सहमति मिलने की संभावना बेहद कम है, क्योंकि भारत-पाकिस्तान द्विपक्षीय क्रिकेट को लेकर अभी तक भारत सरकार से कोई मंज़ूरी नहीं है. वहीं, भारत का सितंबर में बांग्लादेश दौरा भी मौजूदा भू-राजनीतिक हालात के चलते खतरे में पड़ सकता है.