4 साल से पाकिस्तान से नहीं हारा भारत, लगातार जीते 7 मैच, अब Asian Games में गोल्ड भी किया अपने नाम
एशियन गेम्स 2026 में भारतीय क्रिकेट टीम ने एक बार फिर अपना दम दिखाया है. पुरुष टीम ने गोल्ड मेडल मुकाबले में पाकिस्तान को 19 रनों से हराकर लगातार दूसरी बार स्वर्ण पदक अपने नाम किया. यह पाकिस्तान के खिलाफ टी-20 में भारत की लगातार 7वीं जीत है. इससे पहले महिला टीम भी गोल्ड जीत चुकी है, यानी क्रिकेट के दोनों स्वर्ण भारत के नाम रहे.
भारत और पाकिस्तान के बीच टी-20 मुकाबला अब शायद मुकाबला कम और एक औपचारिकता ज्यादा बनता जा रहा है. सामने पाकिस्तान हो तो टीम इंडिया की जीत जैसे पहले से तय लगती है. एशियन गेम्स के गोल्ड मेडल मैच में भी कुछ ऐसा ही हुआ. टीम इंडिया ने पाकिस्तान को 19 रनों से हराया और गोल्ड मेडल अपने नाम किया. पाकिस्तान के खिलाफ ये भारत की टी20 में लगातार 7वीं जीत है.
ये जीत कई मायनों में खास थी, क्योंकि एशियन गेम्स में टीम इंडिया ने लगातार दूसरी बार गोल्ड मेडल जीता है. 2023 में गोल्ड जीतने के बाद अब 2026 में भी पुरुष टीम ने अपना खिताब बचा लिया है. इससे पहले महिला क्रिकेट टीम ने भी गोल्ड जीता. इस तरह क्रिकेट के दोनों गोल्ड भारत को मिले हैं. इस गोल्ड के साथ भारत के एशियन गेम्स में कुल 19 गोल्ड हो गए हैं.
टीम इंडिया ने कितना किया स्कोर?
टीम इंडिया ने पहले खेलते हुए 6 विकेट पर 211 रन बनाए. अभिषेक शर्मा ने सबसे ज्यादा 28 गेंदों में 61 रन बनाए, वहीं तिलक वर्मा ने 22 गेंदों में नाबाद 51 रन बनाए. शिवम दुबे ने 15 गेंदों में 27 रन बनाए.
पाकिस्तान ने कितने रन बनाए?
वहीं पाकिस्तान रनों का पीछा करते हुए 19 रनों से चूक गई. पाकिस्तान ने 6 विकेट खोकर 192 रन बनाए. हसन नवाज आखिरी गेंद तक प्रयास करते रहे और 51 गेंदों में 96 रन बनाए. भारत के लिए अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर और शिवम दुबे ने 2-2 विकेट लिए.
2022 में पाकिस्तान से आखिरी बार हारा था भारत
भारत की पाकिस्तान पर टी20 में ये लगातार सातवीं जीत है. एशिया कप 2022 में पाकिस्तान ने भारत को आखिरी बार हराया था. उसके बाद से दोनों टीमें 7 बार आमने-सामने हुई हैं और हर बार भारत को जीत मिली है. भारत ने पाकिस्तान को पहले 2022 वर्ल्ड कप में हराया, इसके बाद 2024 के वर्ल्ड कप में भी हराया.
2025 में हुए एशिया कप में फाइनल के साथ दोनों टीमें 3 बार आमने-सामने हुईं और तीनों बार पाकिस्तान को हार का सामना करना पड़ा. फिर इसी साल हुए वर्ल्ड कप में भी टीम इंडिया को जीत मिली.