45 गेंद में 105 रन बनाकर तोड़ा बाबर आजम का रिकॉर्ड, अब एशियन गेम्स में खेली 96 रनों की तूफानी पारी, जानिए कौन हैं हसन नवाज
भारतीय क्रिकेट टीम ने पाकिस्तान को हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया, लेकिन पाकिस्तान के एक बल्लेबाज ने करोड़ों भारतीयों को कुछ समय के लिए टेंशन जरूर दे दिया था. इस बैटर का नाम है- हसन नवाज. आइए जानते हैं उनके बारे में...
हसन नवाज
(Image Source: x.com/@WicketReport )Who is Hasan Nawaz: भारत ने पाकिस्तान को हराकर एक बार फिर से एशियन गेम्स का गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया. भारतीय टीम ने 6 विकेट के नुकसान पर 211 रन बनाए, जिसके जवाब में पाकिस्तान की टीम 192 रन ही बना सकी. इस तरह भारत ने 19 रनों से जीत दर्ज की. पिछली बार हुए एशियन गेम्स में भी भारतीय टीम ने गोल्ड मेडल अपने नाम किया था.
हालांकि, एक समय ऐसा लग रहा था कि भारत कहीं इस मैच को हार न जाए... क्योंकि हसन नवाज ने ऐसी बैटिंग का नजारा पेश किया, जिसने पड़ोसी मुल्क के लोगों को कुछ समय के लिए खुश जरूर कर दिया था... लेकिन यह पारी भी भारतीय टीम के विशाल स्कोर के आगे बौना साबित हुई.
हसन नवाज ने कितने रन बनाए?
हसन नवाज ने 51 गेंद में 96 रन की शानदार पारी खेली. हालांकि, पूरे 20 ओवर खेलने के बावजूद वे शतक नहीं बना पाए. उनका विकेट अंतिम ओवर की आखिरी गेंद पर गिरा. हालांकि, नवाज ने इस दौरान 7 गगनचुंबी छक्के और 5 चौके लगाए. उन्होंने सैम अयूब के साथ चौथे विकेट के लिए 48 गेंद में 87 रन, अब्दुल समद के साथ पांचवें विकेट के लिए 20 गेंद में 36 रन और साद मसूद के साथ 15 गेंद में 30 रन की पार्टनरशिप की.
कौन हैं हसन नवाज?
24 साल के हसन नवाज पाकिस्तान के दाएं हाथ के विस्फोटक बल्लेबाज हैं. उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ पिछले साल 16 मार्च को अपने टी-20 इंटरनेशनल करियर की शुरुआत की थी. नवाज का जन्म 21 अगस्त 2022 को दक्षिणी पंजाब के लय्याह में हुआ.
बाबर आजम का रिकॉर्ड तोड़ा
न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे टी-20 इंटरनेशनल मैच में हसन नवाज ने 45 गेंद में नाबाद 105 रन की तूफानी पारी खेली. वे पाकिस्तान के लिए टी-20 में सबसे तेज शतक जड़ने वाले और सबसे कम उम्र में शतक लगाने वाले बल्लेबाज हैं. उन्होंने बाबर आजम का रिकॉर्ड तोड़ा.
हसन नवाज पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) में इस्लामाबाद यूनाइटेड और क्वेटा ग्लैडिएटर्स जैसी टीमों की तरफ से खेल चुके हैं. इसके अलावा कैरेबियन प्रीमियर लीग (CPL) में एंटीगुआ एंड बारबुडा फाल्कन्स का भी वे हिस्सा रहे.
हसन नवाज का कैसा रहा है T20I करियर?
हसन नवाज ने अब तक 27 टी-20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं. इस दौरान उन्होंने 26 पारियों में 25.22 की औसत और 157.18 की स्ट्राइक रेट से 580 रन बनाए. नवाज ने इस दौरान 3 अर्धशतक और 1 शतक लगाया है. यूएई के खिलाफ 30 अगस्त 2025 को उन्होंने आखिरी बार अर्धशतक जड़ा था. अब 1 साल से ज्यादा समय बाद उनके बल्ले से अर्धशतक निकला है.