दिवाली-छठ खत्म, अब साल के अंत तक हिंदुओं के कौन-कौन से आने वाले हैं त्योहार
| छठ पूजा का समापन हो गया है. अब इसके बाद भी कई त्योहार हैं. इनमें उत्तराखंड केइगास बग्वाल से लेकर देव दीपावली शामिल है. नवंबर के महीने में गुरु नानक जयंती भी है.
दिवाली की रौनक और छठ पूजा की भक्ति के बाद अब साल 2026 अपने आखिरी पड़ाव की ओर बढ़ रहा है. नवंबर और दिसंबर के महीने भी धार्मिक नजरिए से काफी खास रहने वाले हैं. इस दौरान भगवान विष्णु की पूजा से लेकर भगवान शिव के व्रत, गीता जयंती, विवाह पंचमी और देव दीपावली जैसे कई बड़े पर्व मनाए जाएंगे.
वहीं, उत्तराखंड का लोकपर्व इगास बग्वाल भी लोगों के बीच उत्साह लेकर आएगा. ऐसे में अगर आप भी जानना चाहते हैं कि दिवाली और छठ के बाद साल खत्म होने तक कौन-कौन से व्रत और त्योहार पड़ेंगे, तो यहां देखिए नवंबर और दिसंबर 2026 की पूरी लिस्ट.
नवंबर 2026 के प्रमुख व्रत और त्योहार
17 नवंबर – गोपाष्टमी
गोपाष्टमी का त्योहार भगवान श्रीकृष्ण और गायों से जुड़ा है. मान्यता है कि इसी दिन श्रीकृष्ण ने पहली बार गायों को चराने की जिम्मेदारी संभाली थी.इस दिन गायों को नहलाकर सजाया जाता है और उनकी पूजा की जाती है.उन्हें हरा चारा खिलाकर सुख-समृद्धि की कामना भी की जाती है.
20 नवंबर – देवउठनी एकादशी और इगास बग्वाल
देवउठनी एकादशी को भगवान विष्णु के चार महीने की योगनिद्रा से जागने का दिन माना जाता है.इसके साथ ही विवाह और दूसरे मांगलिक कामों की शुरुआत होती है.कई जगह इस दिन तुलसी विवाह भी कराया जाता है.इसी तारीख को उत्तराखंड में इगास बग्वाल का लोकपर्व भी मनाया जाएगा.इस मौके पर लोग पारंपरिक तरीके से दीप जलाते हैं, भैलो खेलते हैं और लोकगीतों के साथ खुशियां मनाते हैं.
24 नवंबर – देव दीपावली और गुरु नानक जयंती
काशी की देव दीपावली देशभर में मशहूर है.मान्यता है कि इस दिन देवता धरती पर आकर गंगा किनारे दीप जलाते हैं.वहीं, इसी दिन सिख धर्म के पहले गुरु श्री गुरु नानक देव जी की जयंती भी मनाई जाएगी.गुरुद्वारों में कीर्तन, अरदास और लंगर के आयोजन होंगे.
दिसंबर 2026 के प्रमुख व्रत और त्योहार
1 दिसंबर को कालभैरव जयंती और कालाष्टमी है. इस दिन भक्त व्रत रखते हैं और कालभैरव की पूजा करके जीवन से डर और परेशानियां दूर करने की प्रार्थना करते हैं.
4 दिसंबर – उत्पन्ना एकादशी
यह एकादशी भगवान विष्णु को समर्पित है.मान्यता है कि इसी दिन एकादशी माता का प्राकट्य हुआ था.भक्त इस दिन व्रत रखकर भगवान विष्णु की पूजा करते हैं.
6 और 7 दिसंबर – रवि प्रदोष और मासिक शिवरात्रि
6 दिसंबर को रवि प्रदोष व्रत रखा जाएगा.वहीं, 7 दिसंबर को मासिक शिवरात्रि है.दोनों ही दिन भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा का विशेष महत्व माना जाता है.
8 दिसंबर – मार्गशीर्ष अमावस्या
इस दिन स्नान, दान और पितरों के लिए तर्पण करने की परंपरा है.धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन जरूरतमंदों की मदद करना शुभ माना जाता है.
14 दिसंबर – विवाह पंचमी और गीता जयंती
इस दिन भगवान राम और माता सीता के विवाह की खुशी में विवाह पंचमी मनाई जाएगी.साथ ही गीता जयंती पर भगवान श्रीकृष्ण के दिए भगवद्गीता के उपदेशों को याद किया जाएगा.
15 और 16 दिसंबर को क्या है?
15 दिसंबर को चंपा षष्ठी, भगवान दत्तात्रेय की जयंती और अन्नपूर्णा जयंती मनाई जाएगी.इसके अगले दिन सूर्य धनु राशि में प्रवेश करेंगे, जिसे धनु संक्रांति कहते हैं.
20 से 23 दिसंबर – एकादशी और पूर्णिमा
इस दौरान मोक्षदा एकादशी, वैकुंठ एकादशी और मार्गशीर्ष पूर्णिमा जैसे पर्व पड़ेंगे.इन दिनों भगवान विष्णु की पूजा, व्रत और दान का विशेष महत्व माना जाता है.
25 दिसंबर – क्रिसमस
साल का आखिरी बड़ा त्योहार क्रिसमस होगा.इस दिन ईसाई समुदाय के लोग प्रभु यीशु के जन्म की खुशी मनाते हैं.