Kamada ekadashi 2026: क्या है कामदा का मतलब, ये 6 उपाय बदल देंगे करियर से लेकर जीवन की दिशा

Kamada Ekadashi 2026 का विशेष महत्व है क्योंकि ‘कामदा’ का अर्थ होता है इच्छाओं को पूरा करने वाली. इस दिन किए गए 6 खास उपाय करियर, धन और जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं. इस आर्टिकल को स्टेट मिरर के लिए टैरो, एंजल कार्ड्स रीडर खुशी साहा ने लिखा है.

( Image Source:  AI SORA )
Edited By :  हेमा पंत
Updated On : 28 March 2026 3:18 PM IST

Kamada Ekadashi 2026: इस बार 29 मार्च को कामदा एकादशी मनाई जाएगी और इसे हिंदू नववर्ष की पहली एकादशी भी माना जाता है. ‘कामदा’ शब्द का अर्थ 'इच्छाओं को पूरा करने वाली' होता है. मान्यता है कि इस दिन किया गया व्रत और पूजा व्यक्ति के जीवन में सुख, समृद्धि और सफलता लेकर आती है, खासकर करियर और आर्थिक मामलों में इसका विशेष महत्व बताया गया है.

इस दिन कुछ खास उपाय करने से रुके हुए काम पूरे हो सकते हैं और तरक्की के नए रास्ते खुलते हैं. सूर्य पूजा से लेकर विष्णु आराधना और तुलसी पूजन तक, ये 6 उपाय न सिर्फ करियर में उन्नति दिला सकते हैं बल्कि जीवन की दिशा भी सकारात्मक रूप से बदल सकते हैं.

1. सूर्य देव को जल अर्पित करें

इस बार एकादशी का दिन रविवार को पड़ रहा है, जो सूर्य देव की उपासना के लिए बेहद शुभ माना जाता है. ऐसे में सुबह जल्दी उठकर स्नान करने के बाद तांबे के लोटे में साफ पानी भरें और उसमें एक चुटकी हल्दी या पीले फूल डालकर सूर्य देव को अर्घ्य दें. जल अर्पित करते समय सूर्य की ओर मुख करके धीरे-धीरे पानी चढ़ाएं और मन ही मन अपनी सफलता और उन्नति की कामना करें. इस उपाय का महत्व इसलिए बढ़ जाता है क्योंकि सूर्य को ऊर्जा, आत्मविश्वास और नेतृत्व का प्रतीक माना जाता है. 

2. भगवान विष्णु को पीली चीजें चढ़ाएं

भगवान विष्णु या श्रीकृष्ण की पूजा में पीले रंग का विशेष महत्व होता है, क्योंकि यह रंग ज्ञान, समृद्धि और उन्नति का प्रतीक माना जाता है. इस दिन आप पूजा करते समय भगवान को पीला चंदन और पीले फूल अर्पित करें. पूजा के दौरान पूरे मन से अपनी मनोकामनाएं रखें, खासकर करियर और तरक्की से जुड़ी इच्छाएं. इससे सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और मन में स्थिरता आती है. पूजा के बाद उसी पीले चंदन का तिलक अपने माथे और नाभि पर लगाना भी महत्वपूर्ण माना गया है. माथे पर तिलक लगाने से सोचने-समझने की क्षमता मजबूत होती है, जबकि नाभि पर तिलक लगाने से शरीर की ऊर्जा संतुलित रहती है. मान्यता है कि यह उपाय व्यक्ति के अंदर आत्मविश्वास बढ़ाता है, सही निर्णय लेने की क्षमता देता है और धीरे-धीरे करियर में सफलता और प्रगति के रास्ते खोलता है.

3. तुलसी के पास दीपक जलाएं

शाम के समय तुलसी के पौधे के पास गाय के घी का दीपक जलाएं और 11 बार परिक्रमा करें. इस दौरान अपने करियर से जुड़े लक्ष्य के बारे में सोचें. इससे आपके अंदर नई ऊर्जा और फोकस आता है.

4. मंत्र जाप करें

“ॐ नमो भगवते वासुदेवाय” मंत्र का 108 बार जाप करें. यह मंत्र मन को शांत करता है और सही फैसले लेने की क्षमता बढ़ाता है, जिससे करियर में आगे बढ़ने में मदद मिलती है.

5. कार्यस्थल को सकारात्मक बनाएं

काम करने की जगह का वातावरण आपके सोचने और काम करने के तरीके पर सीधा असर डालता है. वास्तु शास्त्र में उत्तर-पूर्व दिशा (ईशान कोण) को सबसे पवित्र और सकारात्मक ऊर्जा का केंद्र माना गया है. इसलिए इस दिशा में एक साफ पीला कपड़ा बिछाकर उस पर हल्दी की 5 साबुत गांठें रखना बेहद शुभ माना जाता है. पीला रंग समृद्धि, ज्ञान और उन्नति का प्रतीक होता है, जबकि हल्दी को शुद्धता और सकारात्मकता बढ़ाने वाला तत्व माना जाता है.

6. पीपल के पेड़ की सेवा करें

पीपल के पेड़ की जड़ में पानी, कच्चा दूध और थोड़ा सा शहद मिलाकर अर्पित करें. मान्यता है कि इससे करियर में आ रही रुकावटें दूर होती हैं और तरक्की के रास्ते साफ होते हैं. कामदा एकादशी का दिन आध्यात्मिक रूप से बहुत खास माना जाता है. इस दिन किए गए छोटे-छोटे उपाय आपके जीवन और करियर में बड़ा बदलाव ला सकते हैं. अगर आप सफलता और तरक्की चाहते हैं, तो इन उपायों को सच्चे मन से जरूर अपनाएं.

Similar News