Chandra Grahan 2026: दोपहर 3:20 से शुरू होगा साल का पहला चंद्र ग्रहण , जानें आपके शहर में कब दिखेगा ब्लड मून
आज 3 मार्च 2026 को साल का पहला चंद्र ग्रहण लग रहा है, जो भारत में देखा जा सकेगा. जानिए आपके शहर में ग्रहण का सही समय, सूतक काल और धार्मिक नियम.
Lunar Eclipse 2026: आज साल का पहला चंद्र ग्रहण है. जो खगोलीय, धार्मिक और ज्योतिषीय नजरिए से बहुत ही महत्वपूर्ण है. यह चंद्र ग्रहण भारत में देखा जा सकेगा जिसके चलते इसका सूतक काल भी मान्य रहेगा. हिंदू धर्म में ग्रहण को अच्छा नहीं माना जाता है और सूतक काल में सभी तरह के शुभ कार्य, पूजा-पाठ करना वर्जित होता है. खगोल शास्त्र के अनुसार, चंद्र ग्रहण की घटना तब होती है जब पृथ्वी सूर्य और चंद्रमा के बीच आ जाती है, जिसमें पृथ्वी की छाया चंद्रमा पर पड़ती है तो इसे ही चंद्र ग्रहण कहते हैं. जब चंद्रमा पूरी तरह से पृथ्वी की परछाई से ढक जाता है तो इस दौरान आसमान में चांद लाल रंग का दिखाई देने लगता है. जिसे वैज्ञानिक भाषा में ब्लड मून कहा जाता है. वहीं ज्योतिष शास्त्र में भी चंद्र ग्रहण का खास महत्व होता है, जिसमें राहु-केतु चंद्रमा को अपना ग्रास बना लेते हैं इसे ही चंद्र ग्रहण कहते हैं. धार्मिक नजरिए से चंद्र ग्रहण को अशुभ माना जाता है क्योंकि इस दौरान चंद्रदेव कष्ट में होते हैं. आज लगने वाला चंद्र ग्रहण आपके शहर में किस समय दिखाई देगा और इस ग्रहण से जुड़ी अन्य जानकारी जानते हैं.
आज चंद्र ग्रहण लगने का समय
भारतीय समय के अनुसार, आज मंगलवार 3 मार्च को चंद्र ग्रहण दोपहर 03 बजकर 20 मिनट से आरंभ हो जाएगा जो शाम 06 बजकर 47 मिनट तक चलेगा.
- चंद्रोदय आज- 06 बजकर 26 मिनट पर
- चंद्र ग्रहण की शुरुआत- दोपहर 03 बजकर 20 मिनट
- चंद्र ग्रहण का सूतक काल- सुबह 06 बजकर 20 मिनट
- चंद्र ग्रहण का खग्रास काल- शाम 4 बजकर 34 मिनट
- चंद्र ग्रहण का मध्य काल- शाम 5 बजकर 4 मिनट
- खग्रास चंद्र ग्रहण समाप्त- शाम 5 बजकर 33 मिनट
- चंद्र ग्रहण समाप्त- शाम 6 बजकर 47 मिनट
चंद्र ग्रहण का सूतक काल
शास्त्रों के अनुसार चंद्र ग्रहण के शुरू होने से 9 घंटे पहले से सूतक काल आरंभ हो जाता है. ऐसे में आज सुबह 6 बजकर 20 मिनट से सूतक काल शुरू हो चुका है जो ग्रहण के खत्म होने के साथ ही यह भी समाप्त हो जाएगा. सूतक काल को अशुभ माना जाता है ऐसे में इस दौरान शुभ कार्य, पूजा-पाठ, भोजन करना और भोजन बनाना वर्जित होता है.
देश में कितने देर तक दिखाई देगा साल का पहला चंद्र ग्रहण
भारत में चंद्रोदय का समय आज शाम 6 बजकर 20 मिनट पर होगा, ऐसे में चंद्रोदय के साथ ही चंद्र ग्रहण का नजारा दिखाई देने लगेगा. भारतीय समय के अनुसार चंद्र ग्रहण दोपहर 3 बजकर 20 मिनट से आरंभ हो जाएगा. भारत में सबसे पहले यह चंद्र ग्रहण पूर्वोत्तर के हिस्सों में अच्छी तरह से देखा जा सकेगा. वहीं देश के दूसरे हिस्सों में ग्रहण की समाप्ति के समय ही चंद्र ग्रहण को देखा जा सकता है. इस तरह स ब्लड मून का नजारा पूरे देश में नहीं देखा जा सकेगा.
आपके शहर में कब दिखेगा चंद्र ग्रहण
शहर चंद्र ग्रहण समय
दिल्ली 6.22 PM
नोएडा 6.20 PM
गुरुग्राम 6.02 PM
लखनऊ 6.02 PM
कोलकाता 5. 43 PM
भोपाल 6.21 PM
चैन्नई 6.21 PM
पटना 5.55 PM
बेंगलूरु 6.32 PM
हैदराबाद 6.26 PM
कानपुर 6.14 PM
वाराणसी 5.43 PM
प्रयागराज 5.55 PM
इंदौर 6.26 PM
देहरादून 6.14 PM
मथुरा 6:25 PM
चंडीगढ़ 6:27 PM
जयपुर 6.14 PM
चंद्र ग्रहण के दौरान क्या करें
सूतक काल के दौरान घर के मंदिर के दरवाजे को कपड़े से ढक कर रखना चाहिए. ग्रहण के दौरान मंत्रों का लगातार जाप करना शुभ माना जाता है. चंद्र ग्रहण के खत्म होने के बाद पूरे घर में गंगाजल का छिड़काव करना चाहिए और दान-पुण्य का काम करना चाहिए. ग्रहण के बाद चालव, दूध, घी, सफेद और चांदी का दान करना चाहिए.