रंग पंचमी पर देवी-देवता खेलते हैं होली, करें ये 6 उपाय, घर में आएगी सुख-समृद्धि
रंग पंचमी पर मान्यता है कि इस दिन देवी-देवता भी होली खेलते हैं और वातावरण में सकारात्मक ऊर्जा बढ़ती है. ऐसे में इस दिन कुछ खास उपाय करने से घर में सुख-समृद्धि और खुशहाली आने की मान्यता है.
आज रंग पंचमी पर्व है. हिंदू धर्म में होली के बाद आने वाला रंग पंचमी का पर्व बेहद शुभ और पवित्र माना जाता है. हिंदू पंचांग के अनुसार यह त्योहार चैत्र माह के कृष्ण पक्ष की पंचमी तिथि को मनाया जाता है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन स्वर्गलोक के देवी-देवता भी पृथ्वी पर आकर रंगों का उत्सव मनाते हैं और भक्तों को सुख, समृद्धि और खुशहाली का आशीर्वाद देते हैं. रंग पंचमी का विशेष महत्व खासतौर पर ब्रज क्षेत्र में देखने को मिलता है. यहां होली का उत्सव कई दिनों तक चलता है और रंग पंचमी के दिन इसका समापन माना जाता है.
इस वजह से इसे देव पंचमी और श्री पंचमी के नाम से भी जाना जाता है. मान्यता है कि इस दिन राधा-कृष्ण और माता लक्ष्मी की पूजा करने से जीवन में खुशहाली, प्रेम और समृद्धि आती है. इसके साथ ही रंग पंचमी के दिन कुछ विशेष उपाय करने से घर में सुख, शांति, सपन्नता और सकारात्मक ऊर्जा बढ़ती है और कई प्रकार की परेशानियां दूर हो सकती हैं.
लाल गुलाल से शिवलिंग का अभिषेक करें
रंग पंचमी के दिन भगवान शिव की पूजा करना अत्यंत शुभ माना जाता है. इस दिन शिवलिंग पर जल अर्पित करने के साथ-साथ लाल गुलाल चढ़ाने से घर में सुख-समृद्धि बनी रहती है. इससे वैवाहिक जीवन में प्रेम, विश्वास और आपसी समझ बढ़ती है. यह उपाय दांपत्य जीवन को सुखी बनाने में विशेष लाभकारी माना जाता है.
भगवान विष्णु को पीला गुलाल अर्पित करें
पीला रंग भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी को अत्यंत प्रिय माना जाता है. रंग पंचमी के दिन भगवान विष्णु और लक्ष्मी माता को पीला गुलाल अर्पित करना शुभ फलदायी होता है. रंग अर्पित करते हुए “ॐ श्रीं महालक्ष्म्यै नमः” मंत्र का जाप अवश्य करें. पीला रंग अर्पित करने और मंत्र का जाप करने से घर में धन-धान्य की वृद्धि होती है और आर्थिक परेशानियां धीरे-धीरे दूर होने लगती हैं.
मुख्य द्वार पर गुलाल से रंगोली बनाएं
रंग पंचमी के दिन घर के मुख्य दरवाजे पर लाल और पीले गुलाल से स्वास्तिक या शुभ रंगोली बनाना बहुत शुभ माना जाता है. ऐसा करने से घर में सकारात्मक ऊर्जा का प्रवेश होता है और नकारात्मक शक्तियां दूर रहती हैं.
कामदेव और रति की पूजा करें
रंग पंचमी को प्रेम और सौहार्द का प्रतीक भी माना जाता है. इस दिन कामदेव और उनकी पत्नी रति की पूजा करने का विशेष महत्व बताया गया है. पूजा के दौरान सफेद और गुलाबी फूल अर्पित करें तथा गुलाबी गुलाल चढ़ाएं.
घर के कोनों में गुलाल छिड़कें
रंग पंचमी के दिन घर के चारों कोनों में थोड़ा-थोड़ा गुलाल छिड़कना भी शुभ माना जाता है. ऐसा करने से घर की नकारात्मक ऊर्जा समाप्त होती है और सकारात्मक वातावरण बनता है. खासतौर पर गुलाबी गुलाल छिड़कने से परिवार में प्रेम और आपसी सौहार्द बढ़ता है.
राधा-कृष्ण की पूजा करें
रंग पंचमी का दिन भगवान श्रीकृष्ण और राधा रानी को समर्पित माना जाता है. इस दिन उनकी प्रतिमा या चित्र पर गुलाल अर्पित करके विधिवत पूजा करनी चाहिए. ऐसा करने से जीवन में प्रेम, खुशियां और समृद्धि का आगमन होता है. साथ ही परिवार में आनंद और सौहार्द का वातावरण बना रहता है.