दुनिया का पहला ‘Protein Condom’ भारत में होगा लॉन्च! सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर Gaurav Taneja की कंपनी के पोस्ट ने मचाया बवाल
सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर गौरव तनेजा की कंपनी बीस्ट लाइफ ने दुनिया का पहला Protein Condom लॉन्च करने का दावा किया है. हालांकि इसे पब्लिसिटी स्टंट के तौर पर भी देखा जा रहा है.
Protein Condom Beast Life: भारतीय सप्लीमेंट ब्रांड Beast Life इन दिनों सोशल मीडिया पर जबरदस्त चर्चा में है. इसकी वजह है कंपनी का एक अनोखा दावा, जिसमें उसने खुद को 'दुनिया का पहला प्रोटीन कंडोम लॉन्च करने वाला बताया.
यह दावा इंस्टाग्राम पर एक मजेदार टैगलाइन के साथ शेयर किया गया, जिसमें लिखा था कि हम आपकी नाइट परफॉर्मेंस को अपग्रेड करने आ रहे हैं. इसके बाद यह पोस्ट तेजी से वायरल हो गई और सोशल मीडिया पर हजारों रिएक्शन मिलने लगे.
कैसे वायरल हुआ पोस्ट?
हालांकि इस घोषणा में कई अहम जानकारियां गायब थीं. कंपनी ने न तो प्रोडक्ट के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी दी, न ही उसके इंग्रीडिएंट्स, कीमत या लॉन्च डेट का खुलासा किया. सिर्फ एक चौंकाने वाला दावा और मजाकिया अंदाज में लिखी गई लाइन-बस यही इस कैंपेन का हिस्सा था. यही अधूरी जानकारी इस कैंपेन की सबसे बड़ी ताकत बन गई. लोगों के मन में जिज्ञासा बढ़ी, तरह-तरह की अटकलें लगने लगीं और सबसे ज्यादा लोगों की भागीदारी बढ़ गई.
एक इंग्रीडिएंट का जिक्र, वह कौनसा है?
एड के अंदर केवल एक ही इनग्रीडिएंट का जिक्र किया गया है. जिसे एलार्जेनिन कहते हैं. यह शरीर में जाकर ब्लड फ्लो बढ़ाने का काम करता है और साथ ही नसों को खोलता है. एलार्जेनिन एक तरह का अमीनो एसिड है, जो कई तरह के प्री वर्कआउट सप्लीमेंट्स में भी इस्तेमाल किया जाता है.
सोशल मीडिया पर यूजर्स ने इस पोस्ट को लेकर जमकर मजाक भी किया. कमेंट सेक्शन में पंस और जोक्स की भरमार दिखी. किसी ने पूछा, 'ये व्हे आइसोलेट है या नॉर्मल?' तो किसी ने लिखा, “मेरी फैमिली में पहली बार कोई प्रोटीन कंडोम देख रहा है.” वहीं कुछ लोगों ने इसे सीधे-सीधे “एक ऐसी समस्या का हल, जो है ही नहीं” बता दिया.
क्या अप्रैल फूल बनाने की कोशिश?
मजाक के बीच लोगों के मन में शक भी बढ़ने लगा. खासकर इसलिए क्योंकि यह पोस्ट अप्रैल फूल डे से ठीक दो दिन पहले आई थी. कई यूजर्स को लगा कि यह एक सोची-समझी शरारत हो सकती है. कुछ ने इसे “पूरी तरह अप्रैल फूल की प्लानिंग” बताया और 1 अप्रैल को इसके खुलासे की उम्मीद जताई.
कंपनी ने क्या कहा?
फिलहाल कंपनी ने इस पर कोई साफ प्रतिक्रिया नहीं दी है. न तो उसने इस प्रोडक्ट की सच्चाई की पुष्टि की है और न ही इसे खारिज किया है. कंपनी की यह चुप्पी ही लोगों की दिलचस्पी और अटकलों को और बढ़ा रही है, जिससे यह चर्चा लगातार बनी हुई है.
क्या पहले भी कोई कर चुका है ऐसा?
वैसे कंडोम कैटेगरी में इस तरह के अलग और अनोखे मार्केटिंग प्रयोग नए नहीं हैं. साल 2024 में जर्मनी के ब्रांड Billy Boy ने ‘Camdom’ नाम का एक डिजिटल समाधान पेश किया था, जिसका उद्देश्य निजी पलों के दौरान बिना अनुमति रिकॉर्डिंग को रोकना था. इससे पहले भी कंपनियां बेकन, व्हिस्की, चिकन टिक्का मसाला और पान जैसे अलग-अलग फ्लेवर के साथ-साथ ग्लो-इन-द-डार्क जैसे डिजाइन के प्रयोग कर चुकी हैं.