सर्दियों में पालक, मेथी और सरसों जैसी हरी पत्तेदार सब्जियां खूब मिलती हैं. इनसे स्वादिष्ट खाना तो बनता है, लेकिन इन्हें साफ करना किसी झंझट से कम नहीं होता है. पत्तों के बीच मिट्टी, छोटे कीड़े और मिट्टी छिपी रहती है, जिसे निकालने के लिए बार-बार पानी से धोना पड़ता है. कई बार जल्दी में कुछ पत्ते ठीक से साफ भी नहीं हो पाते.

ऐसे में सब्जी बनाने से पहले उनकी सफाई पर खास ध्यान देना जरूरी है. लेकिन अब हरी सब्जियों को साफ करने के लिए घंटों मेहनत करने की जरूरत नहीं है. रसोई में मौजूद नमक की मदद से आप सफाई को थोड़ा आसान बना सकते हैं. 

सबसे पहले करें ये काम

  • सबसे पहले पालक, मेथी या मूली के पत्तों को गुच्छे से अलग कर लें. पीले, सूखे और खराब पत्तों को निकाल दें. 

कैसे साफ करें हरी पत्तेदार सब्जी

  • अगर हरी पत्तेदार सब्जियों पर काफी मिट्टी जमी है, तो उन्हें पानी में कुछ देर रख सकते हैं.
  • इसके लिए एक गहरे बर्तन में ठंडा पानी भरें और उसमें थोड़ा नमक डाल दें.
  • अब पत्तों को इस पानी में लगभग 10 मिनट के लिए छोड़ दें.
  • समय पूरा होने पर पत्तों को हाथों से धीरे-धीरे हिलाएं, ताकि उन पर चिपकी मिट्टी ढीली होकर नीचे बैठ जाए.
  • इसके बाद पत्तों को दूसरे बर्तन में निकालें और साफ बहते पानी से अच्छी तरह धो लें.
  • ध्यान रहे कि नमक मिले पानी में भिगोने से सभी कीटनाशक पूरी तरह निकल जाएं, यह जरूरी नहीं है. इसलिए सब्जियों को साफ पानी से धोना न भूलें.

किन बातों का भी रखें ध्यान

  • सब्जियों को धोने के बाद कुछ देर छन्नी में छोड़ दें, ताकि उनमें जमा पानी निकल जाए. इसके बाद किसी साफ सूती कपड़े से पत्तों को धीरे-धीरे पोंछ लें.
  • अगर आप इन्हें बाद में इस्तेमाल करने वाले हैं, तो पहले अच्छी तरह सुखाएं और फिर फ्रिज में रखें.
  • पत्तों को गीली हालत में बंद डिब्बे में रखने से वे जल्द सड़ सकते हैं.
  • एक और बात का ध्यान रखें कि पालक, मेथी या मूली के पत्तों को काटने से पहले ही धो लें. ऐसा करने से ऊपर लगी मिट्टी और गंदगी कटे हुए हिस्सों के जरिए सब्जी के अंदर जाने से बच सकती है.