सब्जियों की बात हो और लौकी का नाम आए, तो कई लोग मुंह बनाने लगते हैं. किसी को इसका स्वाद पसंद नहीं आता, तो कोई इसे खाने से बचता है. लेकिन पटौदी परिवार में इस सब्जी को लेकर कहानी कुछ अलग है. करीना कपूर ने द ग्रेट इंडियन कपिल शो में बातचीत के दौरान बताया था कि उनके पति सैफ अली खान को लौकी काफी पसंद है. यही नहीं, सैफ की मां शर्मिला टैगोर, उनकी बहनें सोहा और सबा अली खान के साथ उनकी बेटी सारा अली खान भी इस सब्जी को पसंद करती हैं.

दूसरी तरफ, करीना ने मजाकिया अंदाज में बताया कि उनकी पसंद कुछ अलग है और उन्हें पिज्जा जैसी चीजें ज्यादा भाती हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि साधारण सी दिखने वाली लौकी सेहत के लिए भी कई तरह से फायदेमंद हो सकती है. लौकी खाने से वजन कम होता है. इसके अलावा, इसमें पाया जाने वाला पोटेशियम ब्लड प्रेशर को नॉर्मल बनाए रखने में भी मदद करता है.

वजन घटाने में कैसे मदद करती है लौकी?

अगर आप अपना वजन कम करना चाहते हैं, तो खाने में लौकी को शामिल कर सकते हैं. 100 ग्राम लौकी में करीब 15 से 17 कैलोरी होती हैं. इसमें पानी भी खूब होता है, इसलिए इसे खाने से पेट भरा हुआ महसूस हो सकता है और बार-बार भूख लगने से बचने में मदद मिल सकती है. इससे आप जरूरत से ज्यादा खाने से भी बच सकते हैं. हालांकि, सिर्फ लौकी खाने से वजन कम नहीं होगा. इसके लिए सही खानपान, रोजाना थोड़ी कसरत और अच्छी दिनचर्या अपनाना भी जरूरी है.

पेट के लिए कैसे फायदेमंद है लौकी?

अगर आपका पेट ठीक से साफ नहीं होता या कब्ज की परेशानी रहती है, तो खाने में लौकी शामिल कर सकते हैं. इसमें पानी और फाइबर होता है, जो खाना पचाने और पेट साफ रखने में मदद करता है. इसलिए लौकी को अपने रोज के खाने का हिस्सा बनाना फायदेमंद हो सकता है. हालांकि, कब्ज की परेशानी लंबे समय तक बनी रहे, तो डॉक्टर से सलाह जरूर लें.

दिल और ब्लड प्रेशर के लिए कैसी है लौकी?

लौकी खाना दिल की सेहत के लिए भी अच्छा हो सकता है. इसमें पोटेशियम होता है, जो शरीर में पानी का सही बैलेंस बनाए रखने और ब्लड प्रेशर को सामान्य रखने में मदद करता है. वहीं, इसमें मौजूद फाइबर भी दिल को हेल्दी रखने में मददगार हो सकता है. हालांकि, अगर आपको ब्लड प्रेशर या कोलेस्ट्रॉल की परेशानी है, तो सिर्फ लौकी खाने से समस्या ठीक नहीं होगी. इसके लिए सही खानपान और डॉक्टर की सलाह लेना भी जरूरी है.

गर्मी में शरीर को रखती है हाइड्रेटेड

लौकी में पानी की मात्रा बहुत ज्यादा होती है. इसे खाने से शरीर में पानी की कमी पूरी करने में मदद मिलती है. खासकर गर्मी के मौसम में लौकी खाना अच्छा विकल्प हो सकता है. आप इसे दाल, रोटी या दूसरी पौष्टिक चीजों के साथ अपनी रोज की थाली में शामिल कर सकते हैं.

ध्यान रखें: अगर लौकी स्वाद में कड़वी लगे, तो उसे बिल्कुल न खाएं. कड़वी लौकी में जहरीले तत्व हो सकते हैं, जो उल्टी, पेट दर्द और गंभीर परेशानी पैदा कर सकते हैं. ऐसी लौकी का जूस भी न पिएं.