पौष्टिक है खीरा लेकिन गलत समय पर खाना पड़ सकता है भारी
इसमें विटामिन-C, बीटा कैरोटीन और एंटी-ऑक्सीडेंट आदि पाए जाते हैं, जो रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करते हैं। हालांकि, गलत समय में खीरा खाने का सेहत को नुकसान भी हो सकता है।;
खीरा एक बेहद पोषक खाद्य पदार्थ माना जाता है। खीरा पेट के लिए बेहद फायदेमंद होता है। साथ ही यह बॉडी को हाइड्रेट करने और वजन नियंत्रित रखने में मदद करता है। अक्सर खीरे को सलाद के तौर पर खाया जाता है।
खीरे के सेवन से शरीर को कई फायदे मिलते हैं। खीरे से मेटाबॉलिज्म को बढ़ावा मिलता है और पेट जल्दी भर जाता है। खीरे में 95 प्रतिशत तक पानी होता है, जिससे शरीर में पानी की कमी नहीं होती। इसमें विटामिन-C, बीटा कैरोटीन और एंटी-ऑक्सीडेंट आदि पाए जाते हैं, जो रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करते हैं।
हालांकि, गलत समय में खीरा खाने का सेहत को नुकसान भी हो सकता है। आइए, समझते हैं क्या है खीरा खाने का सही समय।
रात में खाने से करें परहेज
रात में खीरा खाने से पेट में गैस और एसिडिटी की समस्या हो सकती है। रात के समय खीरे से इसलिए परहेज करना चाहिए क्योंकि यह पचने में समय लेता है और इससे पेट में भारीपन महसूस होता है। इस तरह अगर पाचन बिगड़ जाता है तो इससे नींद भी प्रभावित हो सकती है। जिन लोगों का पाचन कमजोर है, उन्हें तो बिल्कुल भी रात के समय खीरा नहीं खाना चाहिए।
आपको सुबह के समय खीरा खाना चाहिए। यह खीरा खाने का सबसे अच्छा समय माना जाता है। अगर आप चाहें तो नाश्ते के बाद और भोजन से पहले खीरा खा सकते हैं। इससे आपका पेट भर जाएगा और आप ज्यादा खाने से बच जाएंगे।आपको खाने से कम से कम आधे घंटे पहले खीरा खाना चाहिए क्योंकि यह पचने में काफी समय लेता है।
खीरे को साधारण तरीके से खाने के अलावा इसका पेय बनाकर पिया जा सकता है। इसके लिए एक शेकर में खीरे के टुकड़े, नींबू का रस, सोडा और बर्फ के टुकड़े डालकर अच्छे से मिलाएं, फिर इसे गिलास में डालकर पिएं। इसके अतिरिक्त आप खीरे का सलाद, खीरे का सूप और खीरे का चीजकेक बनाकर खा सकते हैं। खीरा पेट के साथ-साथ शरीर को ठंडक पहुंचाने में मदद करता है। रोज सही समय पर इसके सेवन से शरीर को कई फायदे हो सकते हैं।