पार्टनर संग हिल स्टेशन पर कर रहे हैं ट्रिप प्लान? हो सकते हैं Alpine Divorce का शिकार, जानें क्या है ये नया ट्रेंड

हिल स्टेशन पर पार्टनर के साथ ट्रिप प्लान करना जितना रोमांटिक लगता है, उतना ही यह आपके रिश्ते के लिए टेस्ट भी बन सकता है. हाल ही में चर्चा में आया Alpine Divorce ट्रेंड बता रहा है कि कई कपल्स की छुट्टियां ही उनके रिश्ते के टूटने की वजह बन रही हैं.

( Image Source:  AI SORA )
Edited By :  हेमा पंत
Updated On : 19 March 2026 12:40 PM IST

आजकल पहाड़ों की खूबसूरत वादियों में बिताए गए रोमांटिक ट्रिप्स सिर्फ यादें ही नहीं, बल्कि रिश्तों की सच्चाई भी सामने ला रहे हैं. जिसे लोग सुकून और करीबियों का समय समझते हैं, वहीं कुछ कपल्स के लिए यही सफर रिश्ते के अंत की शुरुआत बन रहा है.

Alpine Divorce नाम का यह नया ट्रेंड धीरे-धीरे चर्चा में आ रहा है, जहां छुट्टियों के दौरान ही रिश्ते टूटने लगते हैं. लेकिन क्या ये सब सिर्फ इत्तेफाक है या इसके पीछे कोई गहरी वजह छिपी है? अगर आप भी किसी हिल स्टेशन ट्रिप की प्लानिंग कर रहे हैं, तो जरा ठहरिए कहीं आप भी अनजाने में इस खतरनाक ट्रेंड का हिस्सा तो नहीं बनने जा रहे?

Alpine Divorce क्या है?

अल्पाइन डाइवोर्स एक इनफॉर्मल शब्द है, जो उन स्थितियों के लिए इस्तेमाल होता है जहां पार्टनर को किसी सुनसान और खतरनाक जगह पर छोड़ दिया जाता है. यह किसी लीगल प्रोसेस का हिस्सा नहीं है, बल्कि रिश्तों में लापरवाही, इनसेंसेटिविटी या कभी-कभी जानबूझकर नुकसान पहुंचाने का साइन देता है. यह शब्द नया नहीं है. इसकी जड़ें 1890 के दशक की एक कहानी से जुड़ी मानी जाती हैं, जिसमें एक आदमी अपनी पत्नी को पहाड़ से धक्का देने का प्लान बनाता है. आज यह शब्द आधुनिक घटनाओं के जरिए फिर चर्चा में आया है.

क्यों बढ़ रही है इसकी चर्चा?

हाल ही में यूरोप में एक महिला की मौत और उससे जुड़े केस के बाद यह शब्द सोशल मीडिया और खबरों में तेजी से वायरल हुआ. इसके बाद कई महिलाओं ने अपने एक्सपीरियंस शेयर किए, जहां उन्हें ट्रेकिंग या हाइकिंग के दौरान अकेला छोड़ दिया गया था. कुछ लोगों के लिए यह अनुभव बेहद खतरनाक साबित हुआ.

इस ट्रेंड में क्या-क्या होता है?

हर मामला एक जैसा नहीं होता, लेकिन इसमें कुछ आम पैटर्न देखने को मिलते हैं, जैसे-

  • पार्टनर का जानबूझकर तेज चलना और पीछे छोड़ देना
  • कठिन रास्तों पर बिना मदद के अकेला छोड़ देना
  • फिजिकल या मेंटल हेल्थ खराब होने पर भी ध्यान न देना
  • खतरनाक जगहों पर सेफ्टी की अनदेखी करना
  • साथी को बोझ जैसा महसूस कराना
  • कई बार यह बिहेवियर धीरे-धीरे शुरू होता है और बाद में गंभीर रूप ले सकता है.

अल्पाइन डाइवोर्स के साइन क्या हैं?

  • अगर आपका साथी आपकी थकान, डर या हेल्थ कंडीशन को नजरअंदाज कर रहा है, तो यह एक बड़ा साइन हो सकता है.
  • हाइकिंग या ट्रैकिंग के दौरान अगर कोई व्यक्ति जानबूझकर आपको पीछे छोड़ देता है और रुककर इंतजार नहीं करता, तो यह नॉर्मल नहीं है.
  • ऐसे कंडीशन में सहारा देने के बजाय अगर पार्टनर आपको कमजोर या परेशानी का कारण बताता है, तो यह एक चेतावनी है.
  • बिना तैयारी के जोखिम भरे रास्ते चुनना या आपको मजबूर करना कि आप भी वही करें, यह भी खतरे का साइन है.

क्या हर मामला इतना खतरनाक होता है?

जरूरी नहीं कि हर अल्पाइन डाइवोर्स मामला जानलेवा हो. कई बार यह सिर्फ रिश्ते में मौजूद दूरी, असंवेदनशीलता या समझ की कमी को दिखाता है. लेकिन समस्या तब बढ़ जाती है जब यह बिहेवियर खतरनाक परिस्थितियों में होता है, जैसे पहाड़, जंगल या सुनसान इलाके, जहां छोटी सी गलती भी बड़ी दुर्घटना बन सकती है.

Similar News