कहते हैं कि पहला प्यार जिंदगी में एक खास जगह बना लेता है. उसके साथ जुड़ी यादें, पहली मुलाकात, छोटी-छोटी बातें और साथ बिताए पल लंबे समय तक दिल में रहते हैं. लेकिन कई बार हालात ऐसे बन जाते हैं कि दो लोग एक-दूसरे से अलग हो जाते हैं. वक्त गुजरता है और दोनों अपनी-अपनी जिंदगी में आगे बढ़ने की कोशिश करते हैं. फिर अचानक एक दिन आपका एक्स दोबारा आपकी जिंदगी में लौट आता है. ऐसे में मन में कई सवाल उठते हैं कि क्या उसे फिर से अपनी जिंदगी में जगह देनी चाहिए? क्या वह सच में बदल गया है या फिर पुरानी गलतियां दोहराएगा?

इसी मुद्दे पर पर्सनैलिटी ट्रांसफॉर्मेशन कोच साक्षी भोगल ने स्टेट मिरर से बातचीत की. उन्होंने बताया कि अगर कोई पुराना प्यार दोबारा जिंदगी में लौटता है तो उसे एक और मौका देने के बारे में सोचना चाहिए. हालांकि, इसके लिए यह समझना जरूरी है कि सामने वाला इंसान सच में कितना बदला है.

क्या पहले प्यार को दोबारा मौका देना चाहिए?

साक्षी भोगल के मुताबिक, जब कोई व्यक्ति दोबारा आपकी जिंदगी में आता है तो हो सकता है कि इस बार वह पहले से ज्यादा समझदार और परिपक्व हो चुका हो. मुमकिन है कि उसे अपनी पुरानी गलतियों का एहसास हुआ हो और अब वह उन्हें सुधारना चाहता हो. इसलिए बिना कुछ समझे उसे पूरी तरह गलत मान लेना भी सही नहीं है. पहले यह जानने की कोशिश करें कि उसके लौटने की वजह क्या है.

पुराने प्यार को परखना भी जरूरी है

किसी का वापस आना इस बात की गारंटी नहीं है कि वह अब कभी आपको दुख नहीं पहुंचाएगा. साक्षी ने बताया कि हो सकता है कोई इंसान बेहतर बनकर लौटा हो, लेकिन यह भी संभव है कि उसके बर्ताव में कोई बदलाव न आया हो. ऐसे में उसकी बातों के बजाय उसके कामों पर ध्यान दें. देखें कि क्या वह अपनी गलतियों की जिम्मेदारी ले रहा है और आपके भरोसे को दोबारा जीतने की कोशिश कर रहा है.

हमें Whatsapp पर फॉलो करें

कौन नहीं भूला पाता पहला प्यार?

इस इंटरव्यू में जब साक्षी भोगल से से पूछा कि क्या पहला प्यार भूलाया जा सकता है, तो इस पर उन्होंने जवाब देते हुए कहा पहला प्यार कभी नही भुलाया जा सकता है. खासकर लड़कों के लिए उसे भुलाना आसान नहीं होता. उनके मुताबिक, जब जिंदगी में पहली बार कोई ऐसा इंसान आता है जो परिवार के अलावा भावनात्मक रूप से करीब होता है, तो वह कई तरह के बदलाव लेकर आता है. यही वजह है कि उसकी यादें लंबे समय तक साथ रह सकती हैं.

हमें Instagram पर फॉलो करें

क्या दूसरा प्यार, प्यार नहीं?

पहले प्यार को याद करने का मतलब यह नहीं कि जिंदगी में फिर कभी किसी से प्यार नहीं हो सकता. साक्षी के मुताबिक, इंसान दोबारा भी प्यार कर सकता है और एक नया रिश्ता भी उतना ही खूबसूरत हो सकता है. इसलिए पुराने रिश्ते को मौका देने का फैसला जल्दबाजी में न लें. अपनी भावनाओं के साथ-साथ आत्मसम्मान और मानसिक सुकून को भी महत्व दें.