चावल से बढ़ रहा वजन और शुगर लेवल? एक्सपर्ट ने बताया Rice खाने का सही तरीका
मशहूर न्यूट्रिशनिस्ट Kavita Devgan का मानना है कि समस्या चावल में नहीं, बल्कि उसे खाने के तरीके में है. वजन को बढ़ने से रोकने और शुगर लेवल को बैलेंस करने के लिए इसे गर्म नहीं ठंडा खाना चाहिए.
चावल खाने का सही तरीका क्या है
(Image Source: AI SORA )चावल को लेकर अक्सर यह धारणा बना दी जाती है कि यह वजन बढ़ाने और ब्लड शुगर बढ़ाने की सबसे बड़ी वजह है. खासतौर पर सोशल मीडिया पर कई तरह की आधी-अधूरी जानकारी के चलते लोग इसे अपनी डाइट से पूरी तरह हटाने लगते हैं. लेकिन न्यूट्रिशनिस्ट कविता देवगन के अनुसार, चावल खुद में नुकसानदेह नहीं है.
गलती इसके खाने के तरीके में होती है. एक्सपर्ट का कहना है कि अगर आप कुछ आसान बदलाव जैसे चावल को ठंडा करके खाना, इसमें थोड़ा फैट मिलाना और इसे सही कॉम्बिनेशन के साथ खाना शुरू कर दें, तो न सिर्फ वजन कंट्रोल में रहेगा बल्कि ब्लड शुगर भी संतुलित रह सकता है.
गरम नहीं, ठंडा चावल खाएं
अगर आपको डायबिटीज है या खाने के बाद शुगर बढ़ने की समस्या रहती है, तो गरम चावल से बचना बेहतर है. एक्सपर्ट कविता देवगन के मुताबिक, चावल को पकाने के बाद ठंडा करके खाएं. इसके लिए आप चावल को फ्रिज में रातभर रख सकते हैं और अगले दिन खा सकते हैं. यह तरीका गट हेल्थ के लिए फायदेमंद है और ग्लूकोज स्पाइक्स को कम करने में मदद करता है.
कब और कितने खाने चाहिए चावल?
एक बार में बहुत ज्यादा चावल खाना सही नहीं है. दिन के समय थोड़ी ज्यादा मात्रा ली जा सकती है, लेकिन रात में कम मात्रा बेहतर रहती है.हालांकि, चावल को पूरी तरह से रात के खाने से हटाने की जरूरत नहीं है. अगर सही मात्रा और तरीके से खाया जाए तो यह नींद में भी मदद कर सकता है, क्योंकि यह शरीर में सेरोटोनिन और मेलाटोनिन के स्तर को सपोर्ट करता है.
चावल पकाते समय करें ये काम
एक्सपर्ट के अनुसार, चावल को हेल्दी बनाने का पहला और आसान तरीका है इसमें थोड़ा फैट मिलाना. चावल पकाते समय एक चम्मच घी डालने से यह ज्यादा संतुलित बनता है. इससे पेट देर तक भरा रहता है और ब्लड शुगर अचानक नहीं बढ़ता.
क्यों फर्मेंटेड चावल है बेस्ट ऑप्शन?
चावल को और ज्यादा पौष्टिक बनाने के लिए उसे फर्मेंटेड रूप में खाना बेहद फायदेमंद माना जाता है. इडली, डोसा, कांजी या पारंपरिक फर्मेंटेड राइस जैसे विकल्प गट हेल्थ के लिए अच्छे होते हैं.
कैसा होना चाहिए खाने का ऑर्डर?
अक्सर लोग सीधे चावल से खाना शुरू कर देते हैं, जो सही नहीं है. एक्सपर्ट के मुताबिक, सबसे पहले फाइबर से भरपूर चीजें जैसे सलाद या सब्जियां खानी चाहिए. इसके बाद प्रोटीन जैसे दाल, दही, अंडा या चिकन लें. आखिर में चावल को प्रोटीन के साथ खाएं. इस तरीके से आप अपने आप कम मात्रा में चावल खाएंगे और ब्लड शुगर भी कंट्रोल में रहेगा. चावल को पूरी तरह से छोड़ने की बजाय उसे सही तरीके से खाना ज्यादा जरूरी है. Kavita Devgan के अनुसार, अगर आप सही मात्रा, सही समय और सही कॉम्बिनेशन का ध्यान रखें, तो चावल आपकी डाइट का हेल्दी हिस्सा बन सकता है.