Kriti Sanon जैसा फिगर चाहिए तो जिम में करें ये 4 एक्सरसाइज, एक्ट्रेस का वर्कआउट वीडियो वायरल
| फिट और टोंड बॉडी के लिए कृति सेनन के वर्कआउट से इंस्पिरेशन ले सकते हैं. उनके रूटीन में केटलबेल डेडलिफ्ट और लैट पुलडाउन जैसी एक्सरसाइज शामिल हैं.
फिट और एक्टिव दिखना हर किसी को पसंद होता है, लेकिन इसके लिए सिर्फ डाइट पर ध्यान देना ही काफी नहीं है. रोजाना एक्सरसाइज भी उतनी ही जरूरी है. बॉलीवुड एक्ट्रेस कृति सेनन भी अपनी फिटनेस पर बेहद ध्यान देती हैं. त्योहारों के बीच भी वह अपने वर्कआउट रूटीन से समझौता करती नजर नहीं आ रही हैं.
हाल ही में उनका एक जिम वीडियो सामने आया है, जिसमें एक्ट्रेस केटलबेल डेडलिफ्ट और लैट पुलडाउन अलग-अलग तरह की एक्सरसाइज करती दिख रही हैं. अगर आप भी मजबूत मसल्स और फिट बॉडी पाना चाहते हैं, तो कृति के इस वर्कआउट से कुछ आइडिया ले सकते हैं.
ट्रेनर ने शेयर किया कृति का जिम वीडियो
5 नवंबर को सेलिब्रिटी फिटनेस ट्रेनर करण साव्हनी ने सोशल मीडिया पर कृति का वर्कआउट वीडियो शेयर किया. इसमें एक्ट्रेस नीले रंग के स्पोर्ट्स टॉप और काली टाइट्स में जिम में पसीना बहाती नजर आईं. उनकी एक्सरसाइज देखकर साफ है कि उनका ध्यान सिर्फ वजन घटाने पर नहीं, बल्कि शरीर को मजबूत बनाने, संतुलन सुधारने और मांसपेशियों को एक्टिव रखने पर भी है.
केटलबेल डेडलिफ्ट के फायदे
कृति अपने वर्कआउट की शुरुआत केटलबेल डेडलिफ्ट से करती हैं. इसमें हाथों में वजन पकड़कर कूल्हों को पीछे की तरफ ले जाते हुए शरीर को नीचे झुकाया जाता है और फिर सीधा हुआ जाता है. यह एक्सरसाइज जांघों के पीछे की मांसपेशियों, कूल्हों और कमर के निचले हिस्से को मजबूत बनाने में मदद करती है. इससे शरीर का बैलेंस और निचले हिस्से की ताकत बेहतर हो सकती है.
सिंगल आर्म और सीटेड केबल लैट पुलडाउन
कृति के रूटीन में लैट पुलडाउन भी शामिल है. इस एक्सरसाइज में मशीन की मदद से ऊपर लगी बार या हैंडल को नीचे की ओर खींचा जाता है. इससे पीठ की बड़ी मांसपेशियां मजबूत होती हैं और हाथों व कंधों को भी काम करना पड़ता है. वहीं, सिंगल आर्म लैट पुलडाउन में एक बार में एक हाथ से एक्सरसाइज की जाती है. इससे शरीर के दोनों तरफ की मांसपेशियों पर अलग-अलग ध्यान दिया जा सकता है.
जिम्नास्टिक रिंग रो क्या है?
कृति रिंग रो करती दिखाई देती हैं. इसमें दोनों हाथों से रिंग पकड़कर शरीर को पीछे की ओर झुकाया जाता है और फिर हाथों के सहारे खुद को ऊपर खींचा जाता है. यह एक्सरसाइज पीठ के ऊपरी हिस्से, कंधों और पेट की मांसपेशियों पर काम करती है. इससे शरीर को स्थिर रखने की क्षमता भी बेहतर होती है.
बैक स्ट्रेच और मोबिलिटी एक्सरसाइज
वर्कआउट के आखिर में कृति पीठ को स्ट्रेच करती और शरीर को हल्का मूव करती नजर आती हैं. ऐसी एक्टिविटीज मांसपेशियों की अकड़न कम करने, लचीलापन बढ़ाने और कंधों की मूवमेंट बेहतर करने में मदद कर सकती हैं.
किन बातों का रखें ध्यान?
कृति का यह रूटीन बताता है कि फिटनेस के लिए शरीर के हर हिस्से पर ध्यान देना जरूरी है. हालांकि, किसी एक एक्ट्रेस का वर्कआउट देखकर सीधे वही वजन या एक्सरसाइज शुरू न करें. अपनी क्षमता के हिसाब से शुरुआत करें और सही तकनीक सीखने के लिए ट्रेनर की मदद लें. साथ ही, याद रखें कि किसी खास एक्सरसाइज से कृति जैसा फिगर मिलने की गारंटी नहीं होती. नियमित कसरत, संतुलित खानपान, अच्छी नींद और लगातार मेहनत ही फिटनेस की असली कुंजी है.