Holi 2026: केमिकल कलर्स को कहें बाय-बाय! पीले से लेकर हरे तक इन चीजों से बनाएं होली के रंग

Holi 2026 पर अगर आप स्किन और बालों को केमिकल रंगों से बचाना चाहते हैं, तो इस बार घर पर ही नेचुरल रंग बना सकते हैं.

( Image Source:  AI SORA )
Edited By :  हेमा पंत
Updated On : 28 Feb 2026 6:45 PM IST

होली रंगों का त्योहार है, लेकिन बाजार में केमिकल वाले रंग मिलते हैं, जो स्किन, बाल और आंखों को नुकसान पहुंचा सकते हैं. इतना ही नहीं, इन रंगों से होली खेलने के कारण एलर्जी, खुजली और रैशेज जैसी समस्याएं भी हो जाती हैं. ऐसे में आपको केमिकल वाले रंगों के बजाय नैचुरल कलर्स का इस्तेमाल करना चाहिए.

सबसे अच्छी बात यह है कि आप घर पर भी किचन में मौजूद कुछ चीजों की मदद से रंग बना सकते हैं. ऐसे में आइए जानते हैं किन-किन नैचुरल चीजों से आप होली के रंग बना सकते हैं और उन्हें तैयार करने का आसान तरीका क्या है.

पीला रंग कैसे बनाएं?

हल्दी में एंटीसेप्टिक गुण होते हैं, जो त्वचा के लिए फायदेमंद माने जाते हैं. होली के लिए पीला रंग बनाने के लिए दो चम्मच हल्दी पाउडर में बेसन या आटा मिलाकर सूखा पीला गुलाल तैयार करें. अगर गीला रंग बनाना हो, तो हल्दी को पानी में घोल लें. ध्यान रखें कि हल्दी की मात्रा ज्यादा न हो, वरना रंग गहरा पड़ सकता है.

गुलाबी या लाल रंग बनाने का क्या है तरीका?

चुकंदर से खूबसूरत गुलाबी या लाल रंग तैयार किया जा सकता है. बस चुकंदर को छोटे टुकड़ों में काटकर पानी में उबाल लें. जब पानी गहरा लाल हो जाए, तो उसे ठंडा करके इस्तेमाल करें. सूखा रंग बनाने के लिए चुकंदर को सुखाकर उसका पाउडर भी बनाया जा सकता है.

हरा रंग बनाने के लिए क्या करें?

हरा रंग बनाने के लिए पालक या सूखी मेहंदी पाउडर का इस्तेमाल किया जा सकता है. पालक की पत्तियों को पीसकर उसका रस निकाल लें और पानी में मिलाकर गीला हरा रंग तैयार करें. सूखा रंग चाहिए तो मेहंदी पाउडर में थोड़ा कॉर्नफ्लोर मिलाकर हल्का हरा गुलाल बना सकते हैं.

नारंगी रंग किससे चीज से बनेगा?

पलाश के फूलों को पारंपरिक रूप से होली में इस्तेमाल किया जाता रहा है. सूखे टेसू के फूलों को रातभर पानी में भिगो दें. सुबह पानी सुंदर नारंगी रंग में बदल जाएगा. इसे छानकर सीधे इस्तेमाल किया जा सकता है.

होली के लिए क्यों चुनें नैचुरल रंग?

नैचुरल कलर्स स्किन को नुकसान नहीं पहुंचाते और आसानी से साफ भी हो जाते हैं. साथ ही, ये पर्यावरण के लिए भी सुरक्षित होते हैं. इस होली, केमिकल रंगों से दूरी बनाएं और घर पर बने नैचुरल रंगों से त्योहार का आनंद लें. 

Similar News