हर हफ्ते नया लुक या हर साल बढ़ता कचरा? कैसे 100 रुपये के कपड़े कर रहे धरती को बर्बाद

फास्ट फैशन की दुनिया, जहां कपड़े तेजी से बनते हैं, जल्दी बिकते हैं और उतनी ही तेजी से फेंक दिए जाते हैं. बाहर से यह स्टाइलिश और किफायती लगता है, लेकिन इसके पीछे पर्यावरण, मजदूरों और हमारी आदतों पर पड़ने वाला असर काफी गंभीर है.

फास्ट फैशन से एनवायरमेंट को होने वाले नुकसान(Image Source:  AI SORA )
Edited By :  हेमा पंत
Updated On : 5 April 2026 7:00 AM IST

आज के दौर में हर हफ्ते नया लुक अपनाना एक ट्रेंड बन चुका है. ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर 100-100 रुपये में स्टाइलिश कपड़े मिल जाते हैं, जिससे लोग बिना ज्यादा सोचे बार-बार खरीदारी कर रहे हैं. सोशल मीडिया पर हर बार अलग दिखने का दबाव भी इस आदत को और बढ़ा रहा है, लेकिन इस तेजी से बदलते फैशन के पीछे एक सच्चाई छिपी है. हम जितनी तेजी से कपड़े खरीद रहे हैं, उतनी ही तेजी से उन्हें फेंक भी रहे हैं.

यही वजह है कि फैशन अब सिर्फ स्टाइल नहीं, बल्कि कचरे का बड़ा कारण बनता जा रहा है. हर साल लाखों टन कपड़े लैंडफिल में पहुंच जाते हैं, जिससे पर्यावरण को भारी नुकसान होता है. सस्ते कपड़ों की यह आदत धीरे-धीरे धरती के लिए खतरा बनती जा रही है.

फास्ट फैशन क्या होता है?

फास्ट फैशन एक ऐसा मॉडल है जिसमें कंपनियां बहुत कम समय में लेटेस्ट ट्रेंड के कपड़े बनाकर बाजार में उतार देती हैं. पहले जहां एक डिजाइन को मार्केट तक आने में हफ्तों या महीनों का समय लगता था, अब यह काम कुछ ही दिनों में हो जाता है. उदाहरण के लिए, Zara कभी 2 हफ्तों में नया डिजाइन बाजार में ला देती थी, जबकि आज Shein जैसे ब्रांड रोजाना हजारों नए डिजाइन लॉन्च कर देते हैं.

फास्ट फैशन इतना पॉपुलर क्यों है?

  • फास्ट फैशन के तेजी से पॉपुलर होने के पीछे कई बड़े कारण हैं, जो सीधे तौर पर हमारी लाइफस्टाइल से जुड़े हैं. कम कीमत में ज्यादा ऑप्शन मिलने से लोग बिना ज्यादा सोचे कई कपड़े खरीद लेते हैं. इसके साथ ही ट्रेंड फॉलो करने की आदत भी अहम भूमिका निभाती है, क्योंकि हर हफ्ते नए डिजाइन बाजार में आ जाते हैं और लोग हमेशा अपडेटेड दिखना चाहते हैं.
  • सोशल मीडिया ने इस दबाव को और बढ़ा दिया है, जहां हर पोस्ट में नया लुक दिखाने का ट्रेंड बन गया है, जिससे बार-बार शॉपिंग करने की इच्छा होती है.
  • वहीं, आसान शॉपिंग ने इसे और भी सरल बना दिया है. अब मोबाइल पर एक क्लिक में कपड़े ऑर्डर हो जाते हैं, जिससे खरीदारी पहले से कहीं ज्यादा तेज और आसान हो गई है.
  • 2023 में फैशन इंडस्ट्री की वैल्यू करीब 1.7 ट्रिलियन डॉलर आंकी गई थी, और दुनियाभर में 30 करोड़ से ज्यादा लोग इस इंडस्ट्री से जुड़े हैं.

कंपनियां कैसे काम करती हैं?

फास्ट फैशन कंपनियों का पूरा सिस्टम बहुत तेज और डेटा पर आधारित होता है.

1. डेटा से डिजाइन

कंपनियां यह देखती हैं कि सोशल मीडिया पर क्या ट्रेंड कर रहा है और उसी हिसाब से तुरंत कपड़े डिजाइन करती हैं.

2. तेज प्रोडक्शन

कम समय में बड़े पैमाने पर कपड़े बनाए जाते हैं. कई बार एक डिजाइन 10 दिन में तैयार होकर बाजार में आ जाता है.

3. सस्ते मटेरियल

लागत कम रखने के लिए सस्ते और सिंथेटिक कपड़ों का इस्तेमाल होता है.

4. मार्केटिंग का खेल

इन्फ्लुएंसर्स, डिस्काउंट और ऐप ऑफर्स के जरिए लोगों को बार-बार खरीदने के लिए इंस्पायर किया जाता है.

रंगाई, धागा बनाना और फाइबर तैयार करना

Quantis International की 2018 की रिपोर्ट के मुताबिक, कपड़ा उद्योग से होने वाले प्रदूषण के पीछे तीन बड़े कारण हैं. रंगाई और फिनिशिंग (36%), धागा बनाना (28%) और फाइबर तैयार करना (15%). आसान भाषा में समझें तो कपड़ों को रंगने, उन्हें तैयार करने और धागा बनाने की प्रक्रिया में सबसे ज्यादा प्रदूषण होता है.

रिपोर्ट यह भी बताती है कि फाइबर बनाने, खासकर कपास उगाने में बहुत ज्यादा पानी खर्च होता है, जिससे पानी के सोर्स और पर्यावरण पर बुरा असर पड़ता है. वहीं, रंगाई और धागा बनाने जैसे प्रोसेस में ज्यादा एनर्जी लगती है, जो ज्यादातर फॉसिल फ्यूल से आती है. यही वजह है कि इससे संसाधनों की कमी और प्रदूषण दोनों बढ़ते हैं. इसके अलावा, किसी कपड़े को डिजाइन होने से लेकर बाजार में बिकने तक जितना समय लगता है, उसे ‘लीड टाइम’ कहा जाता है.

फास्ट फैशन के नुकसान

  • फास्ट फैशन इंडस्ट्री हर साल करीब 1.2 बिलियन टन ग्रीनहाउस गैस बनती है, जो अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट्स और शिपिंग से भी ज्यादा है.
  • 85% कपड़े हर साल कचरे में चले जाते हैं.
  • 2030 तक कपड़ों की खपत 63% बढ़ने का अनुमान है.
  • कपड़े धोने से हर साल 5 लाख टन माइक्रोफाइबर समुद्र में जाते हैं.
  • कपड़ा बनाने में बहुत पानी लगता है और केमिकल्स से नदियां प्रदूषित होती हैं. कई फैक्ट्रियों में काम करने वाले मजदूरों को कम वेतन मिलता है और काम करने की स्थिति भी सुरक्षित नहीं होती. आज लोग कपड़ों को 6-7 बार पहनकर ही फेंक देते हैं. यानी कपड़े अब जरूरत नहीं, बल्कि डिस्पोजेबल आइटम बन गए हैं.

यंगस्टर्स क्या सोच रहे हैं?

आज की Gen Z और मिलेनियल्स इस समस्या को समझने लगे हैं. कई लोग कम कपड़े खरीदने की कोशिश कर रहे हैं. सस्टेनेबल फैशन की तरफ रुख बढ़ रहा है. लेकिन हकीकत यह है कि लोग सोचते कुछ और हैं और करते कुछ और. रिपोर्ट्स के मुताबिक, 46% लोग कहते हैं कि वे फास्ट फैशन से बचते हैं, लेकिन आधे से ज्यादा लोग साल में एक बार फिर भी खरीद लेते हैं.

फास्ट फैशन ने हमारी जिंदगी को आसान और स्टाइलिश जरूर बनाया है, लेकिन इसकी कीमत पर्यावरण और समाज चुका रहा है. 100 रुपये का कपड़ा खरीदते वक्त हम भले खुश हो जाएं, लेकिन उसकी असली कीमत कहीं ज्यादा होती है, जिसे हम देख नहीं पाते. अब समय है कि हम अपनी शॉपिंग आदतों पर दोबारा सोचें, क्योंकि असली स्टाइल वही है जो जिम्मेदारी के साथ आए.

Similar News