Holi 2026: इस होली घर पर बनाएं हेल्दी ठंडई, जानें आसान रेसिपी और फायदे

4 मार्च को मनाई जाने वाली Holi 2026 के लिए घर पर बनाएं स्वादिष्ट और हेल्दी ठंडई. जानिए आसान रेसिपी, जरूरी सामग्री और सेहत से जुड़े खास फायदे.

( Image Source:  AI Sora )
Edited By :  रूपाली राय
Updated On :

Holi 2026 : इस साल होली का त्योहार बहुत ही जल्दी आ रहा है. रंगों की होली 4 मार्च को मनाई जाएगी, यानी बस दो दिन बाकी हैं. होली का मतलब है रंग-बिरंगे रंग खेलना, दोस्तों-रिश्तेदारों के साथ मस्ती करना और ढेर सारा खाना-पीना. कोई भी त्योहार हो, उसमें सबसे ज्यादा मजा तब आता है जब स्वादिष्ट और स्पेशल पकवान बनते हैं. होली पर लोग गुझिया, मठरी, नमकपारे, दही बड़े, मालपुआ, तरह-तरह की मिठाइयां बनाते हैं.  लेकिन इन सबके बीच एक ऐसी चीज है जो होली की असली जान मानी जाती है वो है ठंडई. जिसके बिना होली का मजा अधूरा सा लगता है.  एक ठंडा-ठंडा गिलास ठंडई पीते ही सारे थकान और गर्मी दूर हो जाती है.

बाजार में तो रेडीमेड ठंडई, पैकेट वाली पाउडर, बॉटल वाली ड्रिंक्स सब मिल जाते हैं, लेकिन सच कहूं तो घर पर बनी हुई ठंडई का स्वाद कुछ और ही होता है. वो ताजगी, वो खुशबू और वो सेहत सब कुछ अलग लेवल का. बहुत से लोग इसमें मस्ती के लिए भांग भी मिला देते हैं, लेकिन बिना भांग वाली घर की ठंडई भी कमाल की लगती है. अगर आपको भी ठंडई बहुत पसंद है और आप इस होली पर घर पर ही ताजा-ताजा ठंडई बनाना चाहते हैं, तो चलिए आज जानते है स्टेप-बाय-स्टेप ठंडाई बनाने के तरीके की पूरी रेसिपी साथ ही बताऊंगा कि इसे पीने से क्या-क्या फायदे होते हैं. 

घर की बनी ठंडई पीने के कई फायदे

होली आने से पहले बाजार मिठाइयों, गुझिया, नमकपारे और पैकेट वाली ठंडई से भर जाता है. लेकिन इनमें ज्यादातर चीनी बहुत ज्यादा होती है, आर्टिफिशियल कलर और केमिकल भी मिले होते हैं. ऐसे में ये पेट खराब कर सकते हैं, वजन बढ़ा सकते हैं, थकान बढ़ा सकते हैं और कई बार एलर्जी भी हो जाती है. इसलिए हेल्थ एक्सपर्ट्स और आयुर्वेद के जानकार हमेशा सलाह देते हैं कि होली पर घर की पारंपरिक ठंडई ही पिएं. ये न सिर्फ बहुत स्वादिष्ट होती है, बल्कि पूरी तरह से हेल्दी और एनर्जी से भरपूर भी. घर में बनाई ठंडई में कोई केमिकल, आर्टिफिशियल कलर या ज्यादा चीनी नहीं डाली जाती. सब कुछ प्राकृतिक चीजों से बनती है, जैसे मेवे, बीज, मसाले और दूध. इसमें ढेर सारे ड्राई फ्रूट्स जैसे बादाम, काजू, पिस्ता और मगज के बीज डाले जाते हैं. ये सब प्रोटीन, हेल्दी फैट्स और अच्छे पोषक तत्वों से भरपूर होते हैं. ये शरीर को तुरंत एनर्जी देते हैं, खासकर होली के दिन जब आप पूरे दिन रंग खेलते-नाचते-गाते रहते हैं. 

  • ठंडक देती है – सौंफ, खसखस, गुलाब की पत्तियां और केसर जैसे सामान शरीर को अंदर से ठंडा रखते हैं गर्मी में बहुत राहत मिलती है. 
  • पाचन दुरुस्त रखती है – सौंफ और इलायची पेट को आराम देती हैं, गैस, अपच जैसी समस्या नहीं होने देतीं
  • मूड अच्छा करती है – केसर मूड को फ्रेश और खुशहाल बनाता है
  • इम्यूनिटी बढ़ाती है – मसाले और मेवे मिलकर रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत करते हैं
  • थकान दूर करती है – त्योहार की थकान और गर्मी से होने वाली कमजोरी को दूर करती है
  • और सबसे अच्छी बात – इसमें भांग नहीं डालते तो कोई नशा नहीं होता, बस शुद्ध मजे और सेहत मिलती है. (हां, अगर कोई चाहे तो थोड़ी भांग मिला सकता है, लेकिन वो ऑप्शनल है)

ठंडई बनाने के लिए जरूरी सामग्री (4-5 गिलास के लिए)

  • 1 लीटर ठंडा दूध (फुल क्रीम बेहतर लगती है)
  • 10-12 बादाम
  • 8-10 काजू
  • 8-10 पिस्ता
  • 2 टेबलस्पून मगज के बीज (तरबूज, खरबूज या कद्दू के बीज)
  • 1 टेबलस्पून खसखस (पोस्ता के बीज)
  • 1 टेबलस्पून सौंफ
  • 8-10 काली मिर्च की दाने
  • 4-5 हरी इलायची (छिलके निकालकर)
  • चुटकी भर केसर के धागे
  • 2-3 टेबलस्पून गुलाब की सूखी पत्तियां (या गुलाब जल)
  • चीनी स्वादानुसार (या गुड़ अगर हेल्दी ऑप्शन चाहें)
  • बर्फ के टुकड़े
  • गार्निश के लिए – कटे हुए बादाम, पिस्ता, काजू

ठंडई बनाने की आसान विधि:

1. सबसे पहले सभी ड्राई फ्रूट्स और बीजों को अच्छे से साफ कर लें. बादाम, काजू, पिस्ता, मगज के बीज, खसखस, सौंफ, काली मिर्च और इलायची को एक बड़े बाउल में डालें. 

2. इन सबमें इतना पानी डालें कि सब डूब जाएं फिर इन्हें 2-3 घंटे या रात भर के लिए भिगोकर रख दें. भिगोने से ये नरम हो जाते हैं और पीसना आसान हो जाता है. 

3. भिगोने के बाद पानी निकाल दें अब इन सारी भिगोई हुई चीजों को मिक्सर जार में डालें. थोड़ा-सा पानी या दूध डालकर बारीक पीस लें. एक स्मूद और नरम पेस्ट बन जाना चाहिए. अगर बहुत गाढ़ा लगे तो थोड़ा और पानी मिला लें. 

4. अब एक बड़े जग या सर्विंग वाले बर्तन में ठंडा दूध डालें. 

5. इसमें वो पीसा हुआ पेस्ट अच्छे से मिला लें. अच्छी तरह फेंटें ताकि सब मिक्स हो जाए. 

6. अब स्वाद के अनुसार चीनी डालें और फिर से अच्छे से मिलाएं. चीनी पूरी तरह घुल जानी चाहिए. 

7. केसर के धागों को थोड़े गर्म दूध या पानी में भिगोकर रखें, फिर वो केसर वाला दूध ठंडई में डाल दें. इससे कलर और खुशबू दोनों बढ़ जाती है. 

8. गुलाब की पत्तियां या गुलाब जल डालकर मिलाएं. स्वाद और महक में चार चांद लग जाते हैं. 

9. अब इसमें बर्फ के टुकड़े डालें ताकि ठंडई और भी ज्यादा ठंडी और रिफ्रेशिंग हो जाए. 

10. गिलास में डालकर ऊपर से कटे हुए बादाम, पिस्ता और काजू छिड़क दें. थोड़ी गुलाब की पत्तियां भी डाल सकते हैं देखने में भी बहुत खूबसूरत लगेगी. 

बस तैयार है आपकी होली स्पेशल घर की ठंडई. इसे ठंडा-ठंडा पीएं और होली का पूरा मजा लें. इस होली पर परिवार और दोस्तों के साथ मिलकर ये ठंडई बनाइए, पिए और खुशियां बांटिए

Similar News