Holi 2026: रंगों से नहीं होंगे स्किन और बाल डैमेज! ये FAQ दूर कर देंगे आपकी सारी उलझन
होली के रंगों की मस्ती में अक्सर स्किन ड्राई और बाल बेजान हो जाते हैं. लेकिन अगर होली से पहले सही तैयारी कर ली जाए, तो आपके बाल और स्किन डैमेज नहीं होगी.
Holi 2026: रंगों का त्योहार मस्ती, डांस और सेल्फियों से भरा होता है, लेकिन इसके बाद स्किन ड्राई और बाल रूखे हो जाएं तो सारा मजा किरकिरा हो जाता है. केमिकल वाले रंग, तेज धूप और घंटों की भागदौड़ त्वचा और बालों पर असर डाल सकती है. ऐसे में जरूरी है कि होली खेलने से पहले ही सही तैयारी कर ली जाए, ताकि रंग चढ़े लेकिन नुकसान न हो.
अगर आपके मन में भी सवाल हैं कि क्या लगाएं, क्या न लगाएं, बाल कैसे बचाएं, सनस्क्रीन जरूरी है या नहीं, तो घबराने की जरूरत नहीं. ये खास FAQ आपकी सारी उलझनें दूर कर देंगे.
1. सवाल: होली से पहले स्किन पर क्या लगाना चाहिए?
जवाब: अगर आप चाहते हैं, तो रंगों से स्किन डैमेज न हो, तो आपको होली खेलने से पहले स्किन केयर करना चाहिए. होली खेलने से 20-30 मिनट पहले चेहरे, गर्दन और हाथ-पैरों पर अच्छी मात्रा में मॉइश्चराइजर लगाएं. उसके ऊपर हल्का सा नारियल या बादाम का तेल लगा लें. इससे स्किन पर एक प्रोटेक्टिव लेयर बन जाएगी और रंग सीधे त्वचा में नहीं समाएगा. साथ ही, इन सभी चीजों के इस्तेमाल से रंग आसानी से भी उतर जाएगा.
2. सवाल: क्या सनस्क्रीन भी जरूरी है?
जवाब: अक्सर लोग होली के दिन सनस्क्रीन नहीं लगाते हैं, लेकिन यह एक गलत आदत है. होली ज्यादातर धूप में खेली जाती है. यानी रंग और धूप मिलकर स्किन को दोगुना डैमेज करते हैं. इसलिए इस दिन होली खेलने से पहले SPF 30 या उससे ज्यादा वाला सनस्क्रीन लगाएं, खासकर अगर आप लंबे समय तक बाहर रहने वाले हैं. इससे टैनिंग और सनबर्न से भी बचा जा सकता है.
3. सवाल: बालों की केयर कैसे करें?
जवाब: होली के रंगों से बालों पर भी असर पड़ता है. रंग से बालों की ड्राइनेस बढ़ती है. ऐसे में होली से पहले आपको बालों में अच्छे से तेल लगाना चाहिए. बालों के लिए नारियल या ऑलिव ऑयल बेस्ट है. इसके बाद टाइट चोटी या बन बना लें. खुले बालों में रंग ज्यादा फंसता है और बाद में निकालना मुश्किल हो जाता है. तेल लगाने से रंग बालों की जड़ों तक नहीं पहुंचेगा और बाल ड्राई भी नहीं होंगे.
4. सवाल: नाखून पर रंग चढ़ने से कैसे बचाएं?
जवाब: होली के रंगो से नाखून भी खराब हो जाते हैं. नाखूनों पर रंग चढ़ जाता है. ऐसे में नेल्स पर गहरा नेल पेंट लगा लें. इससे रंग सीधे नाखूनों पर नहीं चढ़ेगा. साथ ही, क्यूटिकल्स पर थोड़ा सा वैसलीन लगा लें. इससे बाद में रंग साफ करना आसान होगा.