Today Weather: दिल्ली से पटना तक गर्मी बढ़ाएगी परेशानी, इन राज्यों में बारिश से बदलेगा मौसम का मिजाज, जानें आपके शहर का हाल

देश के कई हिस्सों में गर्मी बढ़ रही है. दिल्ली से पटना तक तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को परेशान किया है. वहीं, बिहार, झारखंड और कुछ अन्य राज्यों में बारिश और आंधी के चलते मौसम अचानक बदल सकता है.

( Image Source:  AI SORA )
Edited By :  हेमा पंत
Updated On : 11 March 2026 7:34 AM IST

मार्च के शुरू होते ही देश के कई हिस्सों में गर्मी का असर दिखने लगा है. दिल्ली से लेकर पटना, लखनऊ, ग्वालियर, मुंबई, जयपुर, रायपुर और कोलकाता तक तापमान धीरे-धीरे बढ़ रहा है. एक तरफ तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया है, वहीं, कुछ राज्यों में मौसम अचानक बदल रहा है और बादलों के साथ बारिश का असर देखने को मिल सकता है.

मौसम विभाग (IMD) ने कई राज्यों में तेज हवाओं और बारिश का अलर्ट जारी किया है. ऐसे में चलिए जानते हैं आपके शहर का हाल और मौसम का मूड अगले कुछ दिनों तक कैसा रहेगा?

पूर्वी भारत में मौसम की अचानक करवट

बिहार और झारखंड में मौसम अचानक बदल गया है. दिन के समय गर्मी और उमस के बीच काले बादल दिखाई दे रहे हैं. पटना, गया, दरभंगा, पूर्णिया, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, कटिहार, भागलपुर और सुपौल में तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान की संभावना है. हवाओं की रफ्तार 30-50 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो सकती है. साथ ही हल्की से मध्यम बारिश और मेघ गर्जन का दौर भी देखने को मिल सकता है. मौसम विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा, इसलिए खुले मैदान और पेड़ों के नीचे नहीं खड़े होना चाहिए.

दिल्ली-पंजाब में कैसा है मौसम?

उत्तर प्रदेश में अधिकांश जिलों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है. कई शहरों में दिन के समय तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण गर्मी अधिक महसूस हो रही है. दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में भी मौसम शुष्क बना हुआ है और तापमान लगातार बढ़ रहा है. यहां कई शहरों में अधिकतम तापमान 35-38 डिग्री सेल्सियस के बीच है. अगर तापमान इसी तरह बढ़ता रहा तो लू जैसी स्थिति बन सकती है.

उत्तराखंड-हिमाचल में मौसम का मिजाज कैसा?

उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है. चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और बागेश्वर में हल्की बारिश और बर्फबारी का दौर रह सकता है. कुल्लू, कांगड़ा, चंबा, किन्नौर और लाहौल-स्पीति में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है. इससे तापमान में गिरावट और ठंडक बनी रहेगी.

मध्य, पश्चिम और दक्षिण भारत में हल्की बारिश के आसार

मध्य प्रदेश और राजस्थान में गर्मी बढ़ती जा रही है. कई शहरों में तापमान 36-40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है. अगले कुछ दिनों में तापमान और बढ़ सकता है, हालांकि 14-15 मार्च के आसपास पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होने से हल्की बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है. दक्षिण भारत में केरल के कुछ जिलों में हल्की बारिश हो सकती है, जबकि तमिलनाडु, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा और तापमान धीरे-धीरे बढ़ेगा.

गुजरात और महाराष्ट्र में मौसम 

गुजरात और महाराष्ट्र में भी तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण तापमान बढ़ रहा है. कई शहरों में यह 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच चुका है. दिन के समय गर्मी का असर अधिक महसूस हो रहा है और आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ सकता है. देश के अधिकांश हिस्सों में दिन के समय गर्मी और शाम में हल्की ठंडक के बीच बदलाव देखने को मिल रहा है. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में हीटवेव और तेज गर्मी का खतरा बढ़ सकता है.

Similar News