बंगाल से TMC सरकार की विदाई तय, मां दुर्गा BJP-NDA के साथ; कोलकाता में बोले PM मोदी-10 बड़ी बातें
कोलकाता के ब्रिगेड मैदान में पीएम मोदी ने बड़ी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में बदलाव तय है. बीजेपी सरकार बनने के बाद टीएमसी के किसी भी अत्याचारी को छोड़ा नहीं जाएगा. इस दौरान उन्होंने ₹18,680 करोड़ की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया.
कोलकाता की रैली में TMC पर जमकर बरसे पीएम मोदी
PM Modi Targets TMC in Kolkata Rally, Bengal Elections 2026 : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव प्रचार को धार देने का काम शुरू कर दिया है. उन्होंने 14 मार्च को कोलकाता में ऐतिहासिक Brigade Parade Ground पर एक बड़ी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में बदलाव की शुरुआत हो चुकी है. राज्य की जनता अब परिवर्तन चाहती है. उन्होंने कहा कि बंगाल के लोगों के दिल और दीवारों पर अब बदलाव की इबारत लिखी जा चुकी है और मौजूदा सरकार का अंत तय है.
प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में कहा कि ब्रिगेड मैदान हमेशा से इतिहास का गवाह रहा है. आजादी के आंदोलन के दौरान भी यहीं से अंग्रेजी शासन के खिलाफ आवाज उठी थी, जो पूरे देश में क्रांति का कारण बनी. आज उसी मैदान से ‘नए बंगाल’ की शुरुआत का बिगुल बज चुका है. जब भी बंगाल देश को राह दिखाता है, तो यह ब्रिगेड ग्राउंड बंगाल की आवाज़ बन जाता है.
पीएम मोदी के भाषण की 10 बड़ी बातें
1- बंगाल की मौजूदा सरकार ने इस रैली को रोकने की कोशिश की. लोगों को आने से रोकने के लिए पुल बंद किए गए, गाड़ियों को रोका गया, ट्रैफिक जाम कराया गया और बीजेपी के झंडे-पोस्टर हटाए गए. इसके बावजूद बड़ी संख्या में लोग रैली में पहुंचे, जिससे यह साफ हो गया कि बंगाल में बदलाव की लहर उठ चुकी है.
2- ये TMC मां, माटी, मानुष के नारे पर सत्ता में आई थी. आज वही मां रो रही है, माटी को लूटा जा रहा है और बंगाली मानुष बंगाल छोड़ने पर मजबूर हो रहा है. TMC सरकार गुंडों और अपराधियों की बैसाखी पर चलती है. रंगबाजी और कटमनी... ये TMC की कमाई का जरिया है. ये लोग जानते हैं कि जिस दिन बंगाल के लोग खुलकर सामने आ गए... TMC की विदाई पक्की है.
3- आपका उत्साह, आपका जोश हमें बता रहा है कि बंगाल क्या सोच रहा है, बंगाल के मन में क्या चल रहा है. बंगाल की धरती ने हमेशा देश को दिशा दिखाई है. अब एक बार फिर यहां से बदलाव की आवाज उठ रही है. बंगाल में बदलाव अब दीवारों पर लिखा हुआ है और बंगाल के लोगों के दिलों में भी बस गया है, अब बंगाल से इस बेरहम सरकार का अंत तय है.
4- घुसपैठियों की वजह से आज बंगाल की रोटी, बेटी और माटी पर सबसे बड़ा खतरा आ गया है. ये लोग बंगाल के लोगों का रोजगार छीन रहे हैं और हमारी बहन-बेटियों की सुरक्षा खतरे में पड़ गई है. बंगाल के लोगों की जमीनों पर इन घुसपैठियों को कब्जा दिलवाया जा रहा है. बीते दशकों में बंगाल के ज़्यादातर इलाकों की डेमोग्राफी बदल गई है. बंगाली हिंदुओं को जानबूझकर अल्पसंख्यक बनाया जा रहा है. डेमोग्राफी के इस खतरनाक बदलाव ने आज बंगाल को असुरक्षित बना दिया है. अब तो यहां खुलेआम धमकी दी जा रही है और कहा जा रहा है कि एक खास कम्युनिटी वाले मिलकर आपको खत्म कर देंगे. संविधान की कुर्सी पर बैठकर ऐसी धमकी, करोड़ों बंगाली लोगों को खत्म करने की बात आपके मुंह में शोभा नहीं देती है. मैं पूछना चाहता हूं कि वो कौन लोग हैं, जो TMC सरकार के इशारे पर करोड़ों लोगों को खत्म कर देंगे.
5- जिन लोगों ने बंगाल में 'जंगल राज' कायम किया, उनके बुरे दिनों की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है. वह दिन दूर नहीं, जब बंगाल में फिर से कानून का राज स्थापित होगा. जो भी कानून तोड़ेगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा. TMC के किसी भी अत्याचारों को भी बख्शा नहीं जाएगा. अब यह बेरहम सरकार चाहे कितनी भी कोशिश कर ले, बदलाव की इस आंधी को वह रोक नहीं पाएगी. मां दुर्गा BJP-NDA के साथ हैं.
6- एक समय था, जब बंगाल पूरे भारत के लिए राह दिखाता था; व्यापार और उद्योगों के क्षेत्र में बंगाल सबसे आगे था, लेकिन आज यहां के युवाओं को न तो डिग्रियाँ मिल पा रही हैं और न ही उन्हें रोज़गार मिल पा रहा है. आपके बेटे-बेटियों को काम की तलाश में दूसरे राज्यों में पलायन करना पड़ रहा है.
7- पहले कांग्रेस, फिर कम्युनिस्ट और अब TMC — ये एक के बाद एक आते रहे और अपनी जेबें भरते रहे, जबकि बंगाल में विकास रुका रहा. इंफ्रास्ट्रक्चर के मामले में बंगाल लगातार पिछड़ता गया. उद्योग-धंधे बंद हो गए और कारोबार ठप पड़ गए. TMC सरकार के राज में नौकरियां सरेआम बेची जा रही हैं. अब समय आ गया है कि इस स्थिति को बदला जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि बंगाल के युवाओं को बंगाल में ही अवसर और रोज़गार मिलें.
8- अभी कुछ दिन पहले हमारे देश की राष्ट्रपति, आदिवासी समाज की बेटी आदरणीया द्रौपदी मुर्मू जी बंगाल आई थी. उन्हें संथाल आदिवासी परंपरा के पावन उत्सव में शामिल होना था, लेकिन अहंकार में डूबी इस निर्मम सरकार ने न केवल उस कार्यक्रम का बहिष्कार किया, बल्कि उसे पूरी तरह बदइंतजामी के हवाले कर दिया, क्योंकि, एक आदिवासी बेटी इतने बड़े पद पर है, TMC वालों को उनका सम्मान मंजूर नहीं हुआ.
9- TMC सरकार का सिर्फ़ एक ही एजेंडा है. ये TMC वाले न तो खुद काम करते हैं और न ही दूसरों को काम करने देते हैं. जब तक इन्हें पैसों में से अपना हिस्सा (कट मनी) नहीं मिल जाती, तब तक ये किसी भी योजना को गांवों या गरीबों तक पहुंचने नहीं देते. इसीलिए TMC सरकार केंद्र सरकार की योजनाओं को लगातार रोकती रहती है. देशवासियों को मुफ़्त बिजली देने के लिए हमने 'PM सूर्यघर मुफ़्त बिजली योजना' शुरू की है. BJP के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार इस मकसद के लिए हर लाभार्थी को 75 से 80 हज़ार रुपये देती है. जो लाभार्थी इस योजना से जुड़ता है, उसके घर का बिजली बिल घटकर शून्य हो जाता है, लेकिन बंगाल सरकार इसे भी लागू नहीं होने दे रही है.
10- ये लोग SIR का भी विरोध करते हैं, ताकि घुसपैठियों के नाम वोटर लिस्ट से न हट पाएं, वोटर लिस्ट शुद्ध न हो पाए. ये तो ऐसे लोग हैं, जिनकी मृत्यु हो चुकी है, उनके भी नाम निकालने के लिए तैयार नहीं हैं.
₹18,680 करोड़ की विकास परियोजनाओं का ऐलान
रैली के साथ ही प्रधानमंत्री ने करीब ₹18,680 करोड़ की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया. उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से पश्चिम बंगाल और पूरे पूर्वी भारत में विकास की रफ्तार तेज होगी. प्रधानमंत्री ने बताया कि Kharagpur–Moregram Expressway के पूरा होने से राज्य के कई हिस्सों में आर्थिक गतिविधियां तेज होंगी और व्यापार को नई गति मिलेगी. इससे लाखों लोगों के लिए रोजगार और व्यापार के नए अवसर पैदा होंगे.
रेलवे और बुनियादी ढांचे पर जोर
मोदी ने कहा कि देश में रेलवे के आधुनिकीकरण का बड़ा अभियान चल रहा है और इसमें बंगाल को पीछे नहीं छोड़ा जाएगा. केंद्र सरकार राज्य में रेलवे नेटवर्क को तेजी से विस्तार देने के लिए काम कर रही है, जिससे परिवहन और कनेक्टिविटी बेहतर होगी.
बंदरगाह और जलमार्ग से बढ़ेगा व्यापार
प्रधानमंत्री ने पूर्वी भारत की अर्थव्यवस्था में जलमार्ग और बंदरगाहों की भूमिका पर भी जोर दिया. उन्होंने कहा कि दशकों तक इस क्षेत्र की क्षमता का पूरा इस्तेमाल नहीं हुआ, लेकिन अब Kolkata Port और Haldia Dock Complex जैसे बंदरगाहों को आधुनिक बनाया जा रहा है. उन्होंने बताया कि हल्दिया डॉक कॉम्प्लेक्स का मशीनीकरण किया जा रहा है, जिससे कार्गो संचालन तेज होगा, बंदरगाह की क्षमता बढ़ेगी और व्यापार को बढ़ावा मिलेगा.
कोलकाता की इस रैली में प्रधानमंत्री मोदी ने जहां एक तरफ पश्चिम बंगाल में राजनीतिक बदलाव की बात कही, वहीं दूसरी तरफ बड़े विकास प्रोजेक्ट्स के जरिए राज्य के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने का रोडमैप भी पेश किया. आने वाले चुनावों से पहले यह रैली राज्य की राजनीति में महत्वपूर्ण संकेत मानी जा रही है.