नीला टॉयलेट के लिए... RPF की नीली वर्दी पर Shradha Singh का मजाक पड़ा भारी! वीडियो वायरल, माफी के बाद भी क्यों मचा बवाल?
RPF की नीली वर्दी पर Shradha Singh की टिप्पणी वाला वीडियो वायरल होने के बाद विवाद बढ़ा. वीडियो डिलीट कर माफी मांगी, फिर भी सोशल मीडिया पर मामला क्यों गरमाया?
सोशल मीडिया पर एक वीडियो ने इन दिनों नया विवाद खड़ा कर दिया है. मामला रेलवे सुरक्षा बल यानी RPF के जवानों की वर्दी को लेकर किए गए एक मजाक से जुड़ा है. वीडियो में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर Shradha Singh ने नीले रंग की RPF यूनिफॉर्म को लेकर ऐसी टिप्पणी की, जिसे सोशल मीडिया यूजर्स के एक वर्ग ने सुरक्षाकर्मियों के प्रति अपमानजनक बताया.
वीडियो सामने आने के बाद इसे लेकर सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं आने लगीं. बढ़ते विवाद के बीच Shradha Singh ने वीडियो को डिलीट कर दिया और बाद में अपनी सफाई देते हुए माफी वाले वीडियो भी शेयर किए. वहीं, उनका कहना है कि वीडियो हटाए जाने के बावजूद कई सोशल मीडिया और मीम पेजों ने उसे डाउनलोड कर दोबारा पोस्ट कर दिया, जिसके बाद मामला तेजी से फैल गया.
RPF की नीली वर्दी पर क्या था विवादित वीडियो?
वायरल हो रहे वीडियो में Shradha Singh लाल रंग के कपड़ों में नजर आती हैं. वीडियो में उन्होंने लाल और नीले रंग को लेकर एक मजाक किया, 'वाह नीला टॉयलेट के लिए और लाल बाथरूम के लिए'. जिसमें RPF जवानों की नीली वर्दी की तुलना टॉयलेट क्लीनर से की गई. वीडियो के सोशल मीडिया पर तेजी से फैलने के बाद लोगों ने इसे लेकर नाराजगी जतानी शुरू कर दी. कई यूजर्स ने आरोप लगाया कि किसी सुरक्षा बल की वर्दी और जवानों का इस तरह मजाक उड़ाना उचित नहीं है.
वीडियो डिलीट करने के बाद भी क्यों नहीं रुका विवाद?
Shradha Singh के मुताबिक, उन्होंने एक घंटे में वीडियो डिलीट कर दिया था. लेकिन तब तक वीडियो को कई यूजर्स और सोशल मीडिया पेज डाउनलोड कर चुके थे. इसके बाद अलग-अलग अकाउंट्स से वीडियो दोबारा पोस्ट होने लगा और देखते ही देखते यह विवाद और फैल गया. हालांकि उन्होंने कुछ पेज से हटाने की अपील की लेकिन उनके कहा कि नहीं हम नहीं हटा सकते हैं हमें पैसे दिए गए हैं इसे वायरल करने के लिए ऐसा उन्होंने कहा.
विवाद बढ़ा तो Shradha Singh ने दी सफाई
आलोचना बढ़ने के बाद Shradha Singh ने सोशल मीडिया पर माफी और सफाई से जुड़े वीडियो पोस्ट किए. उन्होंने अपनी ओर से यह समझाने की कोशिश की कि वीडियो को लेकर उनका इरादा वैसा नहीं था, जैसा सोशल मीडिया पर समझा जा रहा है. उन्होंने यह भी दावा किया कि वायरल वीडियो को कई मीम पेजों ने आगे बढ़ाया और उन्हें इस दौरान गालियों तथा धमकियों का सामना करना पड़ रहा है. उनकी अपील का एक हिस्सा यह भी था कि गलती के लिए आलोचना की जा सकती है, लेकिन किसी व्यक्ति को लगातार गाली देना या धमकाना उचित नहीं है.
किस सोशल मीडिया पोस्ट से फिर तेज हुआ मामला?
विवाद को और हवा तब मिली जब X पर एक यूजर ने Shradha Singh से जुड़े वीडियो और स्क्रीनशॉट शेयर किए. पोस्ट में उन्हें RPF की नीली वर्दी पर कथित टिप्पणी करने वाली इन्फ्लुएंसर बताया गया और उनकी सोशल मीडिया फॉलोइंग का भी जिक्र किया गया. इसके बाद पोस्ट पर कई तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं. कुछ लोगों ने कड़ी कार्रवाई की मांग की, जबकि कुछ यूजर्स ने वीडियो डिलीट करने और माफी मांगने की बात को पर्याप्त माना. हालांकि, सोशल मीडिया पर किसी व्यक्ति के खिलाफ लगाए गए ‘एंटी-नेशनल’ जैसे लेबल को तथ्य के रूप में पेश करना उचित नहीं है. इस विवाद में ऐसी टिप्पणियां यूजर्स की राय हैं, कोई स्थापित तथ्य या आधिकारिक निष्कर्ष नहीं.