Exit Polls 2026: नंदीग्राम से कोलकाता तक- ये 15 सीटें तय करेंगी कौन होगा बंगाल का अगला CM?
Bengal Exit Polls 2026: नंदीग्राम से कोलकाता तक 15 सीटें तय करेंगी बंगाल का अगला CM. जानिए इन सीटों की सियासी अहमियत और किसके लिए क्यों हैं ये गेमचेंजर.
बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में मुकाबला सिर्फ पार्टियों के बीच नहीं, बल्कि कुछ चुनिंदा “हॉट सीट्स” पर सिमटता दिख रहा है. नंदीग्राम से लेकर कोलकाता, उत्तर बंगाल से लेकर मुर्शिदाबाद और मालदा तक, करीब 15 ऐसी सीटें हैं, जहां का परिणाम पूरे राज्य की सियासी दिशा तय कर सकता है. इन सीटों पर ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस (TMC), भारतीय जनता पार्टी, कांग्रेस और स्थानीय स्तर पर प्रभाव रखने वाले Humayun Kabir जैसे नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर है. ये सीटें शहरी-ग्रामीण समीकरण, अल्पसंख्यक वोट, औद्योगिक बेल्ट, सीमावर्ती इलाके और हाई-प्रोफाइल चेहरों की मौजूदगी का प्रतीक हैं, जो इन सीटों को “मिनी बंगाल” बनाती हैं. इन सीटों का नतीजा ही तय करेगा कि राज्य में सत्ता की चाबी किसके हाथ जाएगी और अगला मुख्यमंत्री कौन होगा.
1. नंदीग्राम
Nandigram बंगाल की सबसे प्रतीकात्मक सीट बनी हुई है. यहां सीएम ममता बनर्जी (TMC) और BJP के मजबूत चेहरे सुवेंदु अधिकारी के बीच सीधी टक्कर मानी जा रही है. यह सीट सिर्फ एक विधानसभा क्षेत्र नहीं, बल्कि “नंदीग्राम आंदोलन” की विरासत का प्रतीक है. ग्रामीण वोट, महिला वोट और किसान मुद्दे यहां निर्णायक भूमिका निभाते हैं. BJP यहां संगठन और हिंदुत्व नैरेटिव पर भरोसा कर रही है, जबकि TMC स्थानीय विकास और योजनाओं के दम पर चुनाव लड़ रही है. अगर TMC यहां जीतती है तो यह संदेश जाएगा कि ममता की पकड़ अभी भी मजबूत है, लेकिन BJP जीतती है तो पूरे राज्य में बड़ा मनोवैज्ञानिक असर होगा. इसलिए यह सीट सीधे तौर पर मुख्यमंत्री पद की दिशा तय करने वाली मानी जा रही है.
2. भबानीपुर
भबानीपुर को “सीएम की सीट” कहा जाता है. यहां TMC का मजबूत गढ़ है और ममता बनर्जी की प्रतिष्ठा सीधे जुड़ी रहती है. खास बात यह है कि ममता को इस सीट पर हराना ममता ने प्रतिष्ठा का सवाल बना लिया है. यही वजह है कि पार्टी ने इस सीट से भी अपने सबसे मजबूत नेता सुवेंद्र अधिकारी को मैदान में उतारा है. मध्यम वर्ग, महिला वोटर और बंगाली अस्मिता का मुद्दा यहां अहम रहता है. अगर TMC यहां मजबूत जीत दर्ज करती है तो यह शहरी इलाकों में उसकी पकड़ को साबित करेगा. वहीं BJP अगर अंतर कम करती है, या ममता को हरा देती है तो यह उसके लिए बड़ी राजनीतिक उपलब्धि होगी. यह सीट इसलिए अहम है क्योंकि यह कोलकाता के राजनीतिक मूड का प्रतिनिधित्व करती है और सत्ता की दिशा पर असर डालती है.
3. सिंगूर
सिंगूर भूमि अधिग्रहण आंदोलन के कारण ऐतिहासिक रूप से संवेदनशील सीट रही है. TMC ने इसी मुद्दे पर अपनी राजनीति मजबूत की थी, जबकि BJP अब विकास और उद्योग के मुद्दे को आगे बढ़ा रही है. कांग्रेस भी यहां पुराने वोट बैंक को पुनर्जीवित करने की कोशिश में है. किसान, भूमिहीन मजदूर और छोटे व्यवसायी यहां निर्णायक वोटर हैं. TMC के लिए यह सीट उसकी पुरानी राजनीतिक विरासत बचाने की चुनौती है, जबकि BJP इसे “विकास बनाम आंदोलन” के नैरेटिव में बदलना चाहती है. अगर यहां BJP बढ़त बनाती है तो यह संकेत होगा कि मतदाता अब उद्योग और रोजगार को प्राथमिकता दे रहा है.
4. डायमंड हार्बर
Diamond Harbour टीएमसी के लिए प्रतिष्ठा की सीट है, क्योंकि यह पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से जुड़ी मानी जाती है. इसे ममता दीदी के भतीजे अभिषेक बनर्जी गढ़ माना जाता है. टीएमसी और बीजेपी के बीच मुख्य मुकाबला है. BJP यहां अल्पसंख्यक वोट में सेंध लगाने और स्थानीय असंतोष को मुद्दा बनाने की कोशिश कर रही है. कांग्रेस और अन्य दल भी यहां समीकरण बिगाड़ने की क्षमता रखते हैं. यह सीट इसलिए अहम है क्योंकि यहां का परिणाम दक्षिण 24 परगना के पूरे क्षेत्र का संकेत देता है. अगर TMC यहां मजबूत रहती है तो उसका संगठनात्मक नेटवर्क सुरक्षित माना जाएगा, जबकि BJP की जीत यहां बड़ा राजनीतिक संदेश दे सकती है.
5. खड़गपुर सदर
खड़गपुर सदर औद्योगिक और शहरी-ग्रामीण मिश्रित सीट है. BJP यहां संगठनात्मक ताकत और पुराने नेटवर्क के भरोसे चुनाव लड़ती है. बंगाल बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष दिलीप घोष यहां से चुनावी मैदान में हैं. जबकि TMC स्थानीय विकास और योजनाओं को मुद्दा बनाती है. कांग्रेस यहां सीमित प्रभाव रखती है. रेलवे, उद्योग और प्रवासी वोटर इस सीट की राजनीति को प्रभावित करते हैं. यह सीट इसलिए अहम है क्योंकि यहां का रुझान औद्योगिक बेल्ट का मूड दिखाता है. अगर BJP यहां बढ़त बनाए रखती है तो यह उसके लिए मजबूत संकेत होगा. जबकि TMC की जीत औद्योगिक इलाकों में उसकी वापसी का संकेत देगी.
6. बहरामपुर
बहरामपुर कांग्रेस के कद्दावर नेता अधीर रंजन चौधरी का सियासी गढ़ माना जाता है. इस सीट पर कांग्रेस, TMC और BJP के बीच त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिला है. अल्पसंख्यक वोट और स्थानीय नेतृत्व यहां निर्णायक भूमिका निभाते हैं. TMC यहां कांग्रेस के वोट बैंक में सेंध लगाने की कोशिश करती है, जबकि BJP ध्रुवीकरण की राजनीति के सहारे जगह बनाने की कोशिश में है. यह सीट इसलिए अहम है क्योंकि यहां का परिणाम मुर्शिदाबाद क्षेत्र की दिशा तय करता है. अधीर रंजन कांग्रेस के लोकप्रिय चेहरा है. उनकी पार्टी सहित खुद की प्रतिष्ठा भी दांव पर है.
7. सोनारपुर दक्षिण
सोनारपुर शहरी विस्तार और ग्रामीण इलाकों का मिश्रण है. TMC यहां मजबूत संगठन के साथ मैदान में है. जबकि BJP ने महाभारत में द्रौपदी की भूमिका निभा चुकीं रूपा गांगुली को टिकट देकर मैदान में उतारा था. बीजेपी शहरी वोटर को टारगेट कर रही है. कांग्रेस यहां सीमित भूमिका में है. यह सीट इसलिए अहम है क्योंकि यहां का वोटर तेजी से बदल रहा है. नई कॉलोनियां, युवा मतदाता और माइग्रेशन इसे “स्विंग सीट” बनाते हैं.
8. रेजीनगर
मुर्शिदाबाद का रेजिनगर सीट इस बार टीएमसी और ममता के बागी हुमायूं कबीर के लिए नाक का सवाल है. Humayun Kabir की व्यक्तिगत पकड़ इसे खास बनाती है. यहां TMC, कांग्रेस और स्थानीय नेतृत्व के बीच सीधी टक्कर होती है. अल्पसंख्यक वोट और व्यक्तिगत छवि यहां निर्णायक हैं. यह सीट इसलिए अहम है क्योंकि यहां का नतीजा दिखाता है कि स्थानीय नेता बनाम पार्टी की ताकत में कौन भारी है. अगर हुमायूं यहां ममता पड़ भारी पड़ते हैं तो इसका असर मुर्शिदाबाद की अन्य सीटों पर भी हो सकता है.
9. पानीहाटी
Panihati कोलकाता के पास स्थित शहरी सीट है. TMC यहां मजबूत है, लेकिन BJP लगातार अपनी पकड़ बढ़ाने की कोशिश कर रही है. मध्यम वर्ग और युवा वोटर यहां अहम हैं. यह सीट इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि यह शहरी बंगाल का मूड दिखाती है. सभी राजनीतिक दलों की नजर राज्य की पानीहाटी विधानसभा सीट पर है. ये सीट इसलिए भी खास है, क्योंकि भाजपा ने यहां से आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल रेप और हत्या की पीड़िता की मां रत्ना देवरथ को चुनाव मैदान में उतारा है. तृणमूल कांग्रेस ने इस सीट से तीर्थंकर घोष को चुनाव मैदान में उतारा है. CPIM ने कलाटन दासगुप्ता को टिकट दिया है. इसके अलावा कांग्रेस की ओर से सुभाशीष भट्टाचार्य चुनाव मैदान में हैं. यहां पर टीएमसी, बीजेपी और सीपीआईएम के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है.
10. सिलीगुड़ी
Siliguri उत्तर बंगाल का प्रवेश द्वार है. यहां TMC, BJP और कांग्रेस के बीच त्रिकोणीय मुकाबला होता है. व्यापार, पर्यटन और कनेक्टिविटी यहां के मुख्य मुद्दे हैं. यह सीट पूरे उत्तर बंगाल के रुझान को प्रभावित करती है. इस सीट पर बीजेपी का दबदबा है. बीजेपी इसे अपने पास बनाए रखने के लिए पूरी ताकत लगाई है.
11. दार्जिलिंग
Darjeeling में क्षेत्रीय पहचान, गोरखा राजनीति और पहाड़ी मुद्दे हावी रहते हैं. BJP यहां मजबूत रही है, जबकि TMC अपनी पकड़ बढ़ाने की कोशिश कर रही है. यह सीट इसलिए अहम है क्योंकि यह पहाड़ी राजनीति का केंद्र है. यहां पर टीएमसी और बीजेपी के बीच मुख्य मुकाबला है.
12. कूच बिहार
भारत और बांग्लादेश के बीच Cooch Behar सीमावर्ती सीट है, जहां एनआरसी, सीएए और सीमा सुरक्षा मुद्दे अहम हैं. BJP यहां मजबूत रही है, जबकि TMC वापसी की कोशिश कर रही है. यह सीट उत्तर बंगाल की राजनीति का बड़ा संकेत देती है.
13. कोलकाता पोर्ट
Kolkata की यह सीट शहरी गरीब और मजदूर वर्ग का प्रतिनिधित्व करती है. TMC यहां मजबूत है, लेकिन BJP अपनी पैठ बनाने की कोशिश में है. यह सीट शहरी गरीब वोट का रुख तय करती है. कोलकाता पोर्ट सीट पर मुख्य मुकाबला तृणमूल कांग्रेस (TMC) के कद्दावर नेता और मौजूदा विधायक फिरहाद हकीम और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राकेश सिंह के बीच है. यह एक हाई-प्रोफाइल मुकाबला है, जहां TMC अपने गढ़ को बचाने के लिए लड़ रही है, वहीं BJP सेंधमारी की कोशिश में है.
14. मालदा
मालदा कांग्रेस का पारंपरिक गढ़ रहा है. यहां TMC और कांग्रेस के बीच सीधी टक्कर होती है. जबकि BJP तीसरी ताकत के रूप में उभरने की कोशिश करती है. यह सीट इसलिए अहम है क्योंकि यह पुराने बनाम नए राजनीतिक समीकरण का प्रतिनिधित्व करती है.
15. जलपाईगुड़ी
जलपाईगुड़ी उत्तर बंगाल की अहम सीट है. चाय बागान मजदूर, आदिवासी वोट और सीमावर्ती मुद्दे यहां निर्णायक हैं. BJP यहां मजबूत रही है, जबकि TMC अपनी पकड़ मजबूत करने में जुटी है. यह सीट पूरे उत्तर बंगाल का रुख तय करती है. इस सीट पर बीजेपी के अनंत देब अधिकारी और टीएमसी के सुदीप्ता मोहंता के बीच मुकाबला है. लोकसभा चुनाव में यह सीट बीजेपी जीतने में कामयाब हुई थी.
ये सीटें अहम क्यों?
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में नंदीग्राम, भवानीपुर, सिंगूर, डायमंड हार्बर, खड़गपुर सदर, बहरामपुर, सोनारपुर दक्षिण, रेजीनगर, पानीहाटी, सिलीगुड़ी, दार्जिलिंग, कूच बिहार, कोलकाता पोर्ट, मालदा और जलपाईगुड़ी जैसी 15 सीटें इसलिए बेहद अहम मानी जाती हैं क्योंकि ये पूरे राज्य का “मिनी मॉडल” पेश करती हैं. इन सीटों में शहरी, ग्रामीण, सीमावर्ती, औद्योगिक, अल्पसंख्यक, आदिवासी और पहाड़ी सभी तरह के वोटर शामिल हैं, जिससे यहां का रुझान पूरे बंगाल की राजनीतिक दिशा का संकेत देता है.
नंदीग्राम और भवानीपुर जैसी सीटें प्रतिष्ठा से जुड़ी हैं, सिंगूर और खड़गपुर विकास बनाम रोजगार का सवाल उठाते हैं, जबकि कूच बिहार, जलपाईगुड़ी और दार्जिलिंग सीमा व क्षेत्रीय पहचान की राजनीति को दर्शाते हैं. मालदा और बहरामपुर परंपरागत वोट बैंक की लड़ाई दिखाते हैं, वहीं कोलकाता पोर्ट और पानीहाटी शहरी मतदाताओं का मूड बताते हैं. इन सीटों पर बढ़त ही तय करती है कि किस पार्टी को बहुमत का रास्ता आसान होगा.