महाराष्ट्र के नागपुर संभाग स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में कांग्रेस ने लगातार दूसरी बार जीत दर्ज की है. कांग्रेस उम्मीदवार अभिजीत गोविंदराव वंजारी ने लंबी मतगणना के बाद भाजपा के सुधाकर कोहले को 3,271 वोटों से हराया. यह नतीजा इसलिए चर्चा में है, क्योंकि नागपुर को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) का मुख्यालय होने के साथ-साथ भाजपा का मजबूत राजनीतिक क्षेत्र भी माना जाता है.

नागपुर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का गृह शहर और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र भी है. ऐसे में इस सीट पर कांग्रेस की जीत को राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है. इस नतीजे के साथ कांग्रेस ने कर्नाटक, बिहार, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र की 28 सीटों पर हो रहे विधान परिषद चुनावों में अपना खाता खोल लिया.

कौन हैं अभिजीत गोविंदराव वंजारी?

अभिजीत गोविंदराव वंजारी का जन्म 10 मई 1973 को महाराष्ट्र के नागपुर में हुआ था. उन्होंने नागपुर विश्वविद्यालय से कला स्नातक (बीए) और कानून (एलएलबी) की पढ़ाई पूरी की. पेशे से वह वकील हैं. अभिजीत वंजारी के पिता स्वर्गीय गोविंदराव मारोतराव वंजारी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता थे. वह नागपुर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र से दो बार विधायक चुने गए थे. अभिजीत की पत्नी स्मिता ए. वंजारी भी पेशे से वकील हैं और अंग्रेजी की लेक्चरर रही हैं.

कैसे और कब शुरू हुआ राजनीतिक सफर?

अभिजीत वंजारी ने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत छात्र राजनीति से की. वह 1998 से 2002 तक महाराष्ट्र प्रदेश नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) के महासचिव रहे. इसके बाद उन्होंने महाराष्ट्र प्रदेश युवा कांग्रेस के सचिव के रूप में काम किया. वह नागपुर जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव और मुख्य प्रवक्ता की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं. संगठन में काम करने के साथ-साथ उन्होंने चुनावी राजनीति में भी अपनी किस्मत आजमाई.

कब-कब विधानसभा चुनावों में मिली थी हार?

अभिजीत वंजारी ने साल 2005 में नागपुर दक्षिण विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें जीत नहीं मिली. इसके बाद 2014 के महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में उन्होंने पूर्व नागपुर निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ा. इस चुनाव में भी उन्हें हार का सामना करना पड़ा. हालांकि, विधानसभा चुनावों में लगातार दो हार के बावजूद उन्होंने राजनीति में एक्टिव रहे.

साल 2020 में कांग्रेस ने उन्हें नागपुर संभाग स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से महाराष्ट्र विधान परिषद का उम्मीदवार बनाया. साल 2020 के विधान परिषद चुनाव में अभिजीत वंजारी ने भाजपा उम्मीदवार संदीप जोशी को 18,910 वोटों के अंतर से हराया था. अब एक बार फिर नागपुर संभाग स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जीत दर्ज करके वंजारी ने इस सीट पर कांग्रेस की लगातार दूसरी जीत में भूमिका निभाई है.