मटन की जगह इन्फ्लुएंसर को परोसा बीफ तो मच गया होटल में बवाल, वेटर अरेस्ट; BJP बोली- हिंदुओं को जबरन खिलाया जा रहा
कोलकाता के एक चर्चित पब में मटन की जगह बीफ परोसे जाने के आरोप से बड़ा विवाद खड़ा हो गया. सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और अभिनेता सायक चक्रवर्ती ने दावा किया कि बिना जानकारी के उन्हें बीफ खिला दिया गया, जिससे उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हुईं. घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वेटर को गिरफ्तार कर लिया.;
कोलकाता के पार्क स्ट्रीट इलाके में स्थित एक मशहूर पब में शुक्रवार रात उस वक्त हंगामा मच गया, जब बंगाली अभिनेता और सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर सायक चक्रवर्ती ने दावा किया कि उन्हें मटन स्टेक की जगह गाय का मांस परोस दिया गया. इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पब के एक वेटर को गिरफ्तार किया है. घटना के बाद सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हुआ और पूरे मामले ने धार्मिक भावनाओं, पहचान और लापरवाही को लेकर नई बहस छेड़ दी.
बताया जा रहा है कि सायक चक्रवर्ती अपने कुछ दोस्तों के साथ पार्क स्ट्रीट के प्रसिद्ध पब ‘ओली (Oly)’ में डिनर करने पहुंचे थे. यहां उन्होंने मटन स्टेक ऑर्डर किया था, लेकिन आरोप है कि उन्हें अनजाने में बीफ परोस दिया गया, जिसे उन्होंने पहचान से पहले खा भी लिया. बाद में जब टेबल पर एक और स्टेक आया, तब पूरे मामले का खुलासा हुआ.
मटन के नाम पर बीफ परोसने का आरोप
सायक चक्रवर्ती के मुताबिक, उन्होंने और उनके साथियों ने सिर्फ एक मटन स्टेक ऑर्डर किया था. लेकिन कुछ देर बाद टेबल पर दूसरा स्टेक रख दिया गया. जब उन्होंने वेटर से सवाल किया, तो वेटर ने कथित तौर पर कहा कि “आपने एक मटन और एक बीफ स्टेक ऑर्डर किया था.' इसी बात पर सायक ने विरोध जताया और मामला तूल पकड़ गया. सायक का कहना है कि उन्हें इस बात का गहरा मानसिक आघात लगा कि उन्होंने अनजाने में बीफ का सेवन कर लिया.
वायरल वीडियो में माफी मांगते दिखे वेटर और मैनेजर
इस पूरी घटना का एक वीडियो सायक चक्रवर्ती ने सोशल मीडिया पर साझा किया, जो तेजी से वायरल हो गया. वीडियो में सायक वेटर से सवाल करते नजर आते हैं, जबकि वेटर और पब का मैनेजर उनसे माफी मांगते दिखाई देते हैं. वीडियो में मैनेजर इस घटना को 'grave mistake' यानी 'गंभीर गलती' बताते हुए सुनाई देता है. वीडियो में सायक यह कहते भी सुने जाते हैं कि वह ब्राह्मण हैं और इस घटना से उनकी धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है.
पुलिस ने वेटर को किया गिरफ्तार
वीडियो वायरल होने के बाद पार्क स्ट्रीट थाने की पुलिस ने मामले में संज्ञान लिया. पुलिस ने शिकायत के आधार पर वेटर शेख नासिरुद्दीन को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 299 के तहत गिरफ्तार किया है. एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने पुष्टि की कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है.
ट्रोलिंग के बाद सफाई, राजनीतिक मंशा से किया इनकार
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद सायक चक्रवर्ती को भारी ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा. कई यूजर्स ने उन पर सांप्रदायिक भावना भड़काने और 'बीजेपी एजेंट' होने तक के आरोप लगाए. इसके बाद सायक ने वीडियो डिलीट कर एक नया वीडियो जारी किया, जिसमें उन्होंने किसी भी राजनीतिक या सांप्रदायिक मंशा से इनकार किया.
भाजपा ने ममता सरकार को घेरा
बीजेपी ने इस मामले को हिंदुओं की आस्था से जोड़ते हुए ममता बनर्जी सरकार पर तीखा हमला बोला है. पार्टी के आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने X पर सायक चक्रवर्ती का वीडियो साझा करते हुए दावा किया कि पश्चिम बंगाल में हालात बांग्लादेश जैसे बनते जा रहे हैं, जहां हिंदुओं को कथित तौर पर जबरन गोमांस खिलाया जा रहा है. उन्होंने लिखा कि यह कोई अलग-थलग घटना नहीं, बल्कि एक गंभीर चेतावनी है. मालवीय के अनुसार, अगर 2026 में टीएमसी दोबारा सत्ता में आई, तो ऐसी घटनाएं आम हो जाएंगी. उन्होंने कहा कि यह खानपान की पसंद का नहीं, बल्कि हिंदुओं की आस्था और विश्वास को कुचलने का मामला है.