Aaj ki Taaza Khabar: राजस्थान के सीकर में भूकंप के झटके, रिक्टर स्केल पर तीव्रता 3.5
Aaj ki Taaza Khabar Live News: स्टेट मिरर हिंदी के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है. यहां आपको दिनभर की ब्रेकिंग, बड़ी खबरें और हेडलाइन देखने को मिलेगी. शनिवार 07 मार्च 2026 को देश, दुनिया, खेल और मनोरंजन जगत में क्या-क्या खास रहा, जानने के लिए यहां पढ़ें LIVE UPDATE.
ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव को TMC का समर्थन
लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ लाए जाने वाले संभावित अविश्वास प्रस्ताव को तृणमूल कांग्रेस (TMC) का समर्थन मिलने की खबर सामने आई है. पार्टी सूत्रों के मुताबिक TMC इस प्रस्ताव के पक्ष में खड़ी होगी. माना जा रहा है कि संसद के भीतर चल रहे राजनीतिक टकराव के बीच यह कदम विपक्ष की रणनीति का हिस्सा हो सकता है.
मिडिल ईस्ट तनाव के बीच भारत के बड़े बंदरगाहों के लिए नई SOP जारी
मध्य पूर्व में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव को देखते हुए केंद्र सरकार ने देश के प्रमुख बंदरगाहों के लिए नई मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) जारी की है. Ministry of Ports, Shipping and Waterways ने सभी हितधारकों से चर्चा के बाद यह कदम उठाया है, ताकि क्षेत्रीय संकट का भारत के समुद्री व्यापार और लॉजिस्टिक्स पर पड़ने वाले असर को कम किया जा सके. नई SOP में बंदरगाह प्रबंधन को स्थिति पर लगातार नजर रखने और आपूर्ति श्रृंखला को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं.
राजस्थान के सीकर में भूकंप के झटके, रिक्टर स्केल पर तीव्रता 3.5
राजस्थान के सीकर जिले में गुरुवार सुबह भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए. सुबह करीब 6 बजकर 32 मिनट पर आए इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.5 मापी गई. भूकंप के झटकों से इलाके में कुछ देर के लिए लोगों में हल्की दहशत फैल गई, हालांकि अब तक किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं है.
LPG कीमतों में बढ़ोतरी से दिल्ली के लोगों की बढ़ी चिंता
रसोई गैस यानी एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी ने आम लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. बढ़ती महंगाई के बीच घरेलू बजट पहले ही दबाव में है और अब गैस सिलेंडर महंगा होने से परिवारों को अतिरिक्त आर्थिक बोझ झेलना पड़ रहा है. दिल्ली की एक महिला ने कहा कि सिलेंडर की कीमत बढ़ने से रोजमर्रा का खर्च संभालना मुश्किल होता जा रहा है.
सऊदी अरब ने शायबह तेल क्षेत्र की ओर बढ़ रहे 16 ड्रोन मार गिराए
मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच सऊदी अरब ने एक बड़े संभावित हमले को नाकाम करने का दावा किया है. सऊदी रक्षा मंत्रालय के अनुसार देश की वायु रक्षा प्रणाली ने तड़के 16 ड्रोन को इंटरसेप्ट कर नष्ट कर दिया, जो अहम शायबह तेल क्षेत्र की ओर बढ़ रहे थे. हालांकि इन ड्रोन को किसने भेजा था, इस बारे में अभी तक आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है. इस घटना ने एक बार फिर खाड़ी क्षेत्र की ऊर्जा सुरक्षा और बढ़ते क्षेत्रीय तनाव को लेकर चिंता बढ़ा दी है.
मेहराबाद हवाई अड्डे पर भारी हवाई हमले
ईरान की तसनीम न्यूज एजेंसी ने बताया है कि तेहरान के मेहराबाद हवाई अड्डे पर भारी हवाई हमले हुए हैं. इन हमलों में कितने लोगों की जान गई है, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है.
नीतीश कुमार के राज्यसभा नॉमिनेशन पर अखिलेश यादव का तंज!
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के जरिए राज्यसभा चुनाव 2026 के लिए नामांकन दाखिल करने पर समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, "हम चाहते थे कि नीतीश कुमार प्रधानमंत्री पद से रिटायर हों, लेकिन अब वे राज्यसभा सदस्य के रूप में रिटायर होंगे."
उत्तम नगर में बवाल, कार और मोटरसाइकिल में लगाई आग
होली के उत्सव के दौरान हुई झड़प में 26 वर्षीय युवक की मौत के बाद उत्तम नगर में शुक्रवार को तनाव बढ़ गया. एक कार और एक मोटरसाइकिल को आग लगा दी गई. डीसीपी कुशल पाल ने बताया, “यह घटना 4 मार्च को हुई थी. हमने यहां सुरक्षा व्यवस्था कर दी है. सीआरपीएफ के बाहरी बल भी तैनात किए गए हैं. हम लगातार गश्त कर रहे हैं.”
ईरान के आखिरी शाह के बेटे रज़ा पहलवी का सत्ता पलट की तरफ इशारा
ईरान के आखिरी शाह के बेटे रज़ा पहलवी ने कहा है,"ईरानी लोगों ने मुझे देश में परिवर्तन की प्रक्रिया (ट्रांज़िशन) का नेतृत्व करने को कहा है, और अब मैं अरब देशों से भी हमारी ट्रांज़िशन सरकार को मान्यता देने की अपील करता हूँ."
ईरान की सभी सेनाओं के लीडर्स को उतारा मौत के घाट
ईरान के साथ इजराइल और अमेरिका की जंग जारी है और इस बीच डोनल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि ईरान की सभी सेनाओं के नेता खत्म हो गए हैं. इसके साथ ही उन्होंने कहा कि 32 नौसेना के जहाज़ डूर गए हैं.