बढ़ते तापमान के बाद दिल्ली-NCR में आज गरज-चमक के साथ हल्की बारिश, ऐसा रहेगा अन्य राज्यों का हाल

भारत मौसम विभाग ने 22 राज्यों में आंधी, बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है. दिल्ली, यूपी, बिहार समेत कई राज्यों में ओलावृष्टि और 70 km/h तक हवाएं चलने की संभावना.

( Image Source:  ANI )
Edited By :  रूपाली राय
Updated On :

देश के कई राज्यों में एक बार फिर से मौसम काफी बदलने वाला है. भारत मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी जारी की है कि आने वाले कुछ दिनों में देश के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान, गरज-चमक और बारिश हो सकती है. दो पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbances) सक्रिय होने की वजह से उत्तर भारत, पूर्वोत्तर भारत और मध्य भारत के कुल 22 राज्यों में मौसम का मिजाज बदल जाएगा.  हालांकि, मौसम विभाग ने बताया है कि उत्तर-पश्चिम भारत में अगले दो दिनों तक तापमान थोड़ा बढ़ सकता है, यानी 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गर्मी बढ़ने की संभावना है. लेकिन उसके बाद तापमान फिर से धीरे-धीरे गिरने लगेगा, जिससे ठंडक महसूस होने लगेगी. 

दिल्ली-एनसीआर का मौसम

दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों में पिछले दो दिनों से तापमान लगातार बढ़ रहा था, लेकिन अब इसमें ब्रेक लगने वाला है. मौसम विभाग के अनुसार, आज 26 मार्च को दोपहर या शाम के समय गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है. इस दौरान हवाएं काफी तेज चलेंगी, जिनकी रफ्तार 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. बारिश और तेज हवाओं का यह सिलसिला अब 30 मार्च तक जारी रहने की उम्मीद है. खासकर 29 और 30 मार्च को गरज-चमक के साथ भारी बारिश और बहुत तेज आंधी चलने की संभावना है. इन दिनों हवाओं की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इसलिए लोगों को सावधानी बरतनी चाहिए. 25 मार्च 2026 को दिल्ली में काफी गर्मी थी, जहां अधिकतम तापमान लगभग 33.5°C से 35°C के बीच रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से थोड़ा अधिक था.  रात के समय तापमान में गिरावट आई और यह लगभग 16.4°C के आसपास रहा। दोपहर के समय तेज धूप और गर्मी का एहसास रहा.  

उत्तर प्रदेश (यूपी) का मौसम

उत्तर प्रदेश में भी मौसम एक बड़ा उलटफेर दिखाने वाला है. प्रदेश के कई जिलों में अगले पांच दिनों तक बारिश, बिजली चमकना, तेज हवाएं चलना और कुछ जगहों पर ओले गिरने की संभावना जताई गई है. पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की वजह से यह बदलाव आ रहा है. इससे पूरे प्रदेश में तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है, जिससे गर्मी से काफी राहत मिलेगी. मौसम विभाग का कहना है कि 26 मार्च से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश शुरू हो जाएगी. धीरे-धीरे इसका असर लखनऊ समेत पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिलों तक भी पहुंचेगा. 27 मार्च को प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है. कुछ इलाकों में ओलावृष्टि (ओले गिरना) भी हो सकती है, जो फसलों के लिए नुकसानदायक हो सकती है. 

बिहार का मौसम

उत्तर भारत के राज्यों में बिहार पर पश्चिमी विक्षोभ का सबसे ज्यादा असर पड़ता दिख रहा है. राज्य में 27 मार्च को तेज बारिश के साथ ओले गिरने और आंधी आने की चेतावनी जारी की गई है. 28 मार्च को भी गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग ने किसानों को खास सलाह दी है कि वे अपनी फसलों को ओलावृष्टि से बचाने के लिए हेल नेट का इस्तेमाल करें. अगर फसल कटने लायक तैयार हो गई है तो उसे तुरंत काटकर सुरक्षित जगह पर रख लें, ताकि नुकसान न हो. 

उत्तराखंड का मौसम

उत्तराखंड में आज 26 मार्च को मौसम काफी खराब रहने वाला है. भारतीय मौसम विभाग के ताजा अपडेट के मुताबिक, पहले उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में खराब मौसम था, लेकिन अब यह दायरा बढ़ गया है. टिहरी, अल्मोड़ा, पौड़ी आदि अन्य पहाड़ी जिलों में भी मौसम खराब रहेगा. इन जिलों में हल्की से मध्यम बारिश गरज-चमक के साथ हो सकती है. 

राजस्थान का मौसम

राजस्थान में आज 26 मार्च को सीमावर्ती क्षेत्रों और शेखावाटी इलाके में कहीं-कहीं बादल छाए रह सकते हैं और हल्की बारिश की संभावना है. मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, पिछले 24 घंटों में राज्य का मौसम ज्यादातर शुष्क रहा. बाड़मेर में सबसे ज्यादा तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सीकर के फतेहपुर में सबसे कम तापमान 14.1 डिग्री सेल्सियस रहा. आने वाले दो-तीन दिनों में राज्य का मौसम मुख्य रूप से शुष्क ही रहने वाला है, लेकिन 26 और 27 मार्च को सीमावर्ती और शेखावाटी क्षेत्रों में कुछ जगहों पर हल्की बारिश और बादल छाने की उम्मीद है. 

Similar News