अंकल बचा लो मुझे...6 साल की बच्ची ने तोड़ लिए अमरूद, हैवान बनकर रिटायर्ड फौजी ने दी दर्दनाक सजा

हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले से सामने आया है, जहां केवल छह साल की मासूम बच्ची को अमरूद तोड़ने की कथित गलती पर बेरहमी से सजा दी गई. वीडियो में बच्ची रोते-बिलखते मदद की गुहार लगाती नजर आ रही है.

( Image Source:  @pradeepgr63-X )

सोशल मीडिया पर एक बार फिर इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला वीडियो वायरल हो गया है. यह वीडियो हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले से सामने आया है, जहां केवल छह साल की मासूम बच्ची को अमरूद तोड़ने की कथित गलती पर बेरहमी से सजा दी गई. वीडियो में बच्ची रोते-बिलखते मदद की गुहार लगाती नजर आ रही है, जिसने लोगों के दिलों को झकझोर दिया है.

मिली जानकारी के अनुसार, एक रिटायर्ड फौजी ने बच्ची को रस्सी से सीढ़ियों की रेलिंग से बांध दिया, जबकि बच्ची लगातार कह रही थी, 'अंकल, मुझे बचा लो...'. यह घटना बच्चों के साथ होने वाले शोषण और अनुचित व्यवहार पर गंभीर सवाल खड़े करती है.

क्या है पूरा मामला?

यह मामला ऊना जिले के बहडाला क्षेत्र का बताया जा रहा है. सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि बच्ची को सीढ़ियों की रेलिंग से बांधकर रखा गया है और वह मदद के लिए बार-बार रो रही है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मासूम की ‘गलती’ केवल इतनी थी कि उसने पास में रहने वाले रिटायर्ड फौजी के पेड़ से अमरूद तोड़ लिया था. इसके बाद फौजी ने उसे इस हद तक दंडित किया कि बच्ची डर और पीड़ा में गुहार लगाती रही.

रोती-बिलखती आवाज ने दिल झकझोर दिया

जब मौके पर मौजूद एक शख्स ने बच्ची को रोते-बिलखते देखा और फौजी से पूछा कि ऐसा क्यों किया गया, तो रिटायर्ड फौजी ने कहा, "इसने हमारे अमरूद तोड़े हैं." उन्होंने यह तक कह दिया, "चोरी करेंगे बच्चे तो ऐसे मारोगे...". इस दौरान बच्ची बार-बार मदद की गुहार लगाती रही, लेकिन फौजी ने उसकी कोई परवाह नहीं की और अपनी दलीलों में ही लगा रहा.

हालांकि इस मामले में पुलिस या प्रशासन के पास कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, लेकिन चाइल्डलाइन टीम ने तुरंत इस घटना का संज्ञान लिया. टीम ने मौके पर पहुंचकर बच्ची और घटना की पड़ताल शुरू कर दी है. साथ ही, सोशल मीडिया और स्थानीय समुदाय में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है. लोगों ने रिटायर्ड फौजी द्वारा बच्ची को दी गई कथित सजा की कड़ी निंदा की है.

वायरल वीडियो पर क्या बोले यूजर्स?

सोशल मीडिया पर इसका खूब वीडियो वायरल हो रहा है वायरल वीडियो में यूजर्स तरह-तरह के रिएक्शन भी दे रहे हैं. @Ramraajya नाम के एक यूजर ने लिखा कि, एक मासूम बच्ची ने अमरूद तोड़ लिए तो इतनी क्रूरता करेगा ? क्या अमरूद तोड़ना अब इतना बड़ा गुनाह हो है? इस व्यक्ति को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए. @JtrahulSaini नाम के एक यूजर ने लिखा कि, "इंसान नहीं हैवान है यह..."बच्ची ने अमरूद तोड़कर खा लिए तो युवक ने उसे बांधकर क्रूरता से पीटा..! वीडियो देखकर मुझे बहुत गुस्सा आ रहा है..इस आदमी का मुकम्मल इलाज होना चाहिए..? @pradeepgr63 नाम के एक यूजर ने लिखा कि, 'अंकल बचा लो मुझे, कोई बचा लो! बच्ची की सिर्फ इतनी गलती है कि इस आदमी के कुछ अमरूद तोड़ लिए, इसी बात पर लड़की को बांध दिया और पिटाई लगाई. शख्स रिटायर्ड फ़ौजी है. 

Similar News