होली से पहले गर्मी का कहर! 20 मार्च से लू का अलर्ट, कई राज्यों में बारिश की चेतावनी
होली से पहले उत्तर भारत में गर्मी ने समय से पहले दस्तक दे दी है और तापमान सामान्य से 7 डिग्री तक ऊपर चल रहा है. 20 मार्च से लू का अलर्ट जारी, जबकि कुछ राज्यों में हल्की बारिश राहत दे सकती है.
इस बार उत्तर भारत में होली से पहले ही गर्मी ने जोरदार एंट्री कर ली है. मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत और मध्य भारत के कई इलाकों में तापमान सामान्य से काफी ज्यादा चल रहा है यानी 4 से 7 डिग्री सेल्सियस तक ऊपर. जो गर्मी आमतौर पर मार्च के आखिरी हफ्ते या अप्रैल में आती है, वो इस बार अभी से ही लोगों को पसीना छुड़ा रही है.
दिन में बाहर निकलते ही तेज धूप और गर्म हवाएं महसूस हो रही हैं, जिससे लोगों को पहले से सावधानी बरतनी पड़ रही है. लेकिन होली से ठीक 24 घंटे पहले कुछ अच्छी खबर भी है. मौसम विभाग ने कई राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है. हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है और 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. ये बारिश कुछ जगहों पर गर्मी से थोड़ी राहत दे सकती है, लेकिन ज्यादा दिनों तक नहीं रुकेगी.
अगले कुछ दिनों में तापमान का हाल
- उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में अगले 5 दिनों तक अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है यानी गर्मी और तेज होगी.
- मध्य भारत के मैदानी हिस्सों में भी 2-4 डिग्री तक तापमान बढ़ने की उम्मीद है. उसके बाद 2 दिनों तक ज्यादा बदलाव नहीं होगा.
- छत्तीसगढ़ और विदर्भ में अगले 3 दिनों में 2-3 डिग्री की बढ़ोतरी संभव है, फिर मौसम स्थिर रह सकता है.
- उत्तर भारत में 20 मार्च से लू के थपेड़े चलने शुरू हो सकते हैं. इसलिए लोगों को धूप से बचने, ज्यादा पानी पीने और बाहर निकलते समय सावधानी रखने की सलाह दी जा रही है.
किन राज्यों में बारिश का अलर्ट है?
- उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश में 3 मार्च को हल्की बारिश हो सकती है.
- जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 4 से 7 मार्च के बीच हल्की बारिश या बर्फबारी के आसार हैं.
- पूर्वोत्तर राज्यों जैसे असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में 3 मार्च को गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.
- दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में नमी और लोकल मौसम सिस्टम की वजह से बारिश के चांस हैं.
- बिहार, झारखंड और ओडिशा में 3 मार्च को सुबह से शाम तक 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.
- मार्च महीने में उत्तर भारत के कई इलाकों में सामान्य से ज्यादा बारिश होने की संभावना है, जो गर्मी को थोड़ा कंट्रोल कर सकती है.
दिल्ली में होली के आसपास मौसम कैसा रहेगा?
दिल्ली में होली (4 मार्च) के दिन मौसम काफी सामान्य रहेगा. आसमान साफ रहेगा, लेकिन 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हल्की हवाएं चल सकती हैं. सुबह के समय थोड़ी ठंडक महसूस होगी, लेकिन दोपहर होते-होते गर्मी बढ़ जाएगी. 3 मार्च को भी बारिश की कोई चेतावनी नहीं है. दिल्ली में 3 मार्च को अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. अगले 3 दिनों तक बारिश के चांस बहुत कम हैं, लेकिन तापमान धीरे-धीरे बढ़ता जाएगा.
उत्तर प्रदेश का मौसम
यूपी में मार्च के पहले 3-4 दिनों में 25 से 35 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज उत्तरी-पश्चिमी हवाएं चल सकती हैं. आगरा, मथुरा, बागपत, अमेठी, मेरठ जैसे कई जिलों में तापमान तेजी से बढ़ेगा. लखनऊ में 3 मार्च को अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 16 डिग्री रहेगा. होली वाले दिन कुछ जिलों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है, जिससे तापमान 1-2 डिग्री कम हो सकता है. बारिश की संभावना वाले जिलों में गोरखपुर, देवरिया, गाजीपुर, जौनपुर, आजमगढ़ और मिर्जापुर शामिल हैं. बाकी जगहों पर गर्म और सूखा मौसम रहेगा.
मध्य प्रदेश और राजस्थान
मध्य प्रदेश में होली पर बारिश का कोई अलर्ट नहीं है. कई जिलों में तापमान 3 से 4 डिग्री तक बढ़ सकता है. ग्वालियर, भोपाल, रीवा, सागर, रतलाम, खंडवा, बैतूल, सतना, शहडोल, छतरपुर, टीकमगढ़ और मुरैना जैसे जिलों में गर्मी ज्यादा रहेगी. भोपाल में 3 मार्च को अधिकतम 33 डिग्री और न्यूनतम 19 डिग्री तापमान रह सकता है. राजस्थान में होली से गर्मी शुरू हो जाएगी। श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, जोधपुर, भरतपुर, कोटा और अलवर जैसे जिलों में तापमान काफी बढ़ेगा. जयपुर में 3 मार्च को अधिकतम 33 डिग्री और न्यूनतम 18 डिग्री रहेगा। पूरे राज्य में धूप तेज रहेगी.