आश्रम सीरीज के बाबा निराला से कम नहीं भोंदू बाबा की करतूतें, 10वीं फेल होने पर लक्ष्मण से बना अशोक खरात, सामने आया एक और वीडियो

महाराष्ट्र के नासिक में कथित ‘भोंदू बाबा’ अशोक खरात की करतूतें लगातार सामने आ रही हैं, जो आश्रम सीरीज के बाबा निराला जैसी बताई जा रही हैं. जांच में खुलासा हुआ कि 10वीं में फेल होने के बाद उसने अपना नाम लक्ष्मण से बदलकर अशोक खरात रखा और खुद को न्यूमरोलॉजी एक्सपर्ट बताने लगा. महिलाओं को झूठे तंत्र-मंत्र और धार्मिक दावों में फंसाकर शोषण करने के आरोप हैं. इस बीच सोशल मीडिया पर उसका एक और कथित वीडियो वायरल हो रहा है, जिसने मामले को और गरमा दिया है.

( Image Source:  @JaikyYadav16-X )
By :  सागर द्विवेदी
Updated On : 25 March 2026 4:29 PM IST

महाराष्ट्र के नासिक जिले से एक ऐसे तथाकथित ज्योतिषी का काला सच सामने आया है, जिसने आस्था के नाम पर महिलाओं का शोषण करने का संगठित जाल खड़ा कर रखा था. 'भोंदू बाबा' कहे जाने वाले अशोक खरात की हर दिन नई करतूतें उजागर हो रही हैं, जिसने समाज में सनसनी फैला दी है. जैसा कि अभी तक जांच में सामने आया था कि भोंदू बाबा पर नर बलि और हत्या का भी आरोप लगा है तो वहीं अब और नए आरोप सामने आ रहे हैं.

सोशल मीडिया पर भी इस मामले से जुड़े कई दावे और वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं. जांच एजेंसियों की कार्रवाई के बीच सामने आए तथ्यों ने यह साफ कर दिया है कि यह मामला सिर्फ धोखाधड़ी का नहीं, बल्कि सुनियोजित मानसिक और शारीरिक शोषण का है.

Ashok Kharat का असली नाम लक्ष्मण

67 वर्षीय अशोक कुमार एकनाथ खरात, जिसे ‘कैप्टन’ के नाम से भी जाना जाता है, मर्चेंट नेवी का रिटायर्ड अधिकारी बताया जाता है. 1990 के दशक के अंत में गांव लौटने के बाद उसने अपनी भाषा और कम्युनिकेशन स्किल्स का इस्तेमाल करते हुए न्यूमरोलॉजी और ज्योतिष का काम शुरू किया. धीरे-धीरे वह अमीर वर्ग, राजनेताओं और व्यापारियों का भरोसेमंद सलाहकार बन गया. नासिक के सिन्नर तालुका के मिरगांव में उसने इशान्येश्वर महादेव मंदिर और श्री शिवनिका संस्थान ट्रस्ट से जुड़कर अपनी पकड़ और मजबूत कर ली.

10वीं फेल होकर कैसे बना ‘अंकशास्त्र का ज्ञाता’?

जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि खुद को न्यूमरोलॉजी का एक्सपर्ट बताने वाला अशोक खरात 10वीं कक्षा में गणित में फेल था. उसकी मार्कशीट में नाम लक्ष्मण दर्ज था, जिसे बाद में बदलकर अशोक खरात कर लिया गया. इसके बावजूद वह लोगों को अंकशास्त्र के नाम पर भ्रमित करता रहा और भारी-भरकम फीस वसूलता था.

महिलाओं को कैसे बनाता था शिकार?

नए दावों के अनुसार, एक महिला अपने पारिवारिक विवादों के समाधान के लिए खरात के पास पहुंची थी. आरोपी ने उसकी मानसिक स्थिति का फायदा उठाते हुए उसे यह कहकर भ्रमित किया कि 'तुम पिछले जन्म की अप्सरा हो और तुम्हारा वर्तमान पति से तलाक पहले से तय है' इसके बाद धार्मिक अनुष्ठान, तांत्रिक उपाय और कथित शक्तियों का डर दिखाकर उसने महिला का लगातार यौन शोषण किया.

SIT जांच में क्या-क्या खुलासा हुआ?

SIT जांच के दौरान आरोपी के पास से 200 से ज्यादा अश्लील वीडियो बरामद किए गए हैं. वहीं पुलिस को एक पेन ड्राइव भी मिली, जिसमें 57 महिलाओं के साथ 100 से अधिक आपत्तिजनक वीडियो मौजूद थे. बताया जा रहा है कि आरोपी महिलाओं को नशीला पदार्थ देकर, हिप्नोटाइज कर उनका शोषण करता था और फिर वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करता था.

1500 करोड़ की संपत्ति और करोड़ों की कमाई का खेल?

जांच में सामने आया है कि अशोक खरात ने इस अवैध धंधे से करोड़ों की संपत्ति खड़ी कर ली. रिपोर्ट्स के मुताबिक उसकी कुल संपत्ति 100 करोड़ से लेकर 1500 करोड़ रुपये तक बताई जा रही है. वह एक विजिट के लिए लाखों रुपये तक की फीस वसूलता था और अमीर क्लाइंट्स को निजी तौर पर सेवाएं देता था.

वायरल वीडियो का क्या है सच?

सोशल मीडिया पर एक 1 मिनट 40 सेकेंड का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक शख्स महिला के साथ आपत्तिजनक हरकत करता दिखाई देता है. हालांकि इस वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन इसे लेकर कई तरह के दावे किए जा रहे हैं.

कितने केस दर्ज और क्या है कानूनी स्थिति?

17 मार्च से गिरफ्तार अशोक खरात पर अब तक शोषण से जुड़े कुल 6 मामले दर्ज किए जा चुके हैं. 24 मार्च को हुई सुनवाई के बाद अदालत ने उसे 29 मार्च तक हिरासत में भेज दिया है. एक 34 वर्षीय महिला की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज हुआ, जिसने आरोप लगाया कि 2022 से 2026 तक उसके साथ कई बार शोषण किया गया.

Similar News