ट्रेन में सफर करते हुए युवक की हुई दर्दनाक मौत, राहुल गांधी बोले- वीडियो ने मुझे झकझोर दिया, ये भारत के लाचार युवा हैं
बिहार पुलिस भर्ती परीक्षा से जुड़े एक वायरल वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर अभ्यर्थी की दम घुटने से मौत का दावा किया जा रहा है. राहुल गांधी ने वीडियो शेयर कर सवाल उठाए हैं.
Bihar Aspirant Died: सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें भारी भीड़ के बीच एक युवक की तबीयत बिगड़ती हुई दिखाई दे रही है. वीडियो में मौजूद लोग उसे संभालने, पानी पिलाने और राहत पहुंचाने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं. दावा किया जा रहा है कि युवक की मौत भीड़भाड़ और दम घुटने की वजह से हुई है.
वायरल वीडियो को बिहार पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा से जोड़कर शेयर किया जा रहा है. सोशल मीडिया पर किए जा रहे दावों के मुताबिक, 14 जून 2026 को आयोजित भर्ती परीक्षा के दौरान यात्रा कर रहे एक अभ्यर्थी की अत्यधिक भीड़ वाली ट्रेन में दम घुटने से मौत हो गई.
वीडियो में क्या दिख रहा है?
वायरल वीडियो में एक युवक लोगों के बीच असहज स्थिति में दिखाई देता है. आसपास मौजूद लोग उसे संभालने की कोशिश करते हैं और पानी भी पिलाते हैं. वीडियो में युवक की हालत लगातार बिगड़ती नजर आती है.
दृश्यों में देखा जा सकता है कि उसकी हथेलियां पीछे की ओर मुड़ रही हैं. कुछ लोग उसे उठाकर एक खिड़की के पास ले जाते हैं, जहां उसे लिटाया जाता है. जहां ये शख्स कथित तौर पर दम तोड़ देता है. हालांकि वीडियो में दिखाई गई घटना की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और यह भी स्पष्ट नहीं है कि युवक की हालत बिगड़ने का वास्तविक कारण क्या था.
सोशल मीडिया पर क्या किया जा रहा है दावा?
वीडियो को शेयर करते हुए कई सोशल मीडिया यूजर्स दावा कर रहे हैं कि बिहार पुलिस मद्य निषेध सिपाही भर्ती परीक्षा के लिए यात्रा कर रहे एक अभ्यर्थी की अत्यधिक भीड़ वाली ट्रेन में दम घुटने से मौत हो गई. पोस्ट में यह भी दावा किया गया है कि इस घटना के बाद पटना और आसपास के रेलवे स्टेशनों पर छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया, रेलवे ट्रैक जाम किए और कई स्थानों पर झड़पें भी हुईं.
राहुल गांधी ने क्या कहा?
कांग्रेस नेता Rahul Gandhi ने भी इस वायरल वीडियो को साझा करते हुए केंद्र सरकार और व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए. राहुल गांधी ने कहा,"इस वीडियो ने मुझे झकझोर दिया." उन्होंने लिखा कि यह देश के उन युवाओं की तस्वीर है, जिनके लिए सरकार सुरक्षित यात्रा तक सुनिश्चित नहीं कर पा रही है. चुनाव के समय सरकार विशेष इंतजाम कर लेती है, लेकिन परीक्षा देने जा रहे छात्रों को भीड़, घुटन और परेशानियों का सामना करना पड़ता है. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों की समस्याओं को सुनना नहीं चाहती. साथ ही उन्होंने कहा कि छात्रों की आवाज उठाई जाएगी और उन्हें न्याय दिलाने की कोशिश की जाएगी.
रेलवे ने क्या कहा?
वायरल वीडियो और उससे जुड़े दावों पर रेलवे ने स्पष्टीकरण जारी किया है. रेलवे के अनुसार, वीडियो में दिखाई गई घटना पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन की नहीं है. रेलवे ने यह भी कहा कि किसी भी व्यक्ति की मृत्यु से संबंधित कोई आधिकारिक सूचना उनके पास उपलब्ध नहीं है. रेलवे ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों और भ्रम फैलाने वाली सूचनाओं को साझा न करें.
अपने बयान में रेलवे ने कहा कि वीडियो में दिखाई दे रहे व्यक्ति की शारीरिक गतिविधियों और स्थिति को देखकर प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि वह किसी चिकित्सकीय समस्या या अत्यधिक थकान के कारण अस्वस्थ हुआ हो सकता है.