क्या नाम है यादवनी, महिला को लेकर जातिगत टिप्पणी करने वाले कॉमेडियन गौरव गुप्ता कौन? सोशल में यूजर्स रहे क्लास
कॉमेडियन गौरव गुप्ता के वायरल स्टैंडअप वीडियो पर विवाद क्यों है? जानें महिला से बातचीत, IPS अरुण बोथरा की प्रतिक्रिया और ‘बीइंग बनिया’ से मशहूर हुए कॉमेडियन का सफर.
कॉमेडियन गौरव गुप्ता अपने एक वायरल स्टैंडअप वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर आलोचनाओं का सामना कर रहे हैं. वीडियो में वह ऑडियंस में बैठी एक महिला को उसके यादव सरनेम के आधार पर 'यादवनी' कहकर बुलाते हैं. महिला जब कहती है कि उसे इस तरह बुलाया जाना पसंद नहीं है, तो भी गौरव उससे सवाल-जवाब जारी रखते हैं. इसके बाद वह महिला के एक्सेंट, स्कूलिंग, गुरुग्राम में रहने और पति के पैसों पर निर्भर होने को लेकर भी टिप्पणियां करते नजर आते हैं. वह महिला को कॉल सेंटर में काम करने की सलाह भी देते हैं.
वीडियो सामने आने के बाद कई सोशल मीडिया यूजर्स ने इसे कॉमेडी के बजाय किसी को सबके सामने नीचा दिखाने वाला व्यवहार बताया. वरिष्ठ IPS अधिकारी अरुण बोथरा ने भी इस तरह की कॉमेडी पर सवाल उठाए. हालांकि, कुछ लोग गौरव का बचाव करते हुए इसे क्राउड-वर्क कॉमेडी का हिस्सा बता रहे हैं. आखिर पूरा मामला क्या है, सोशल मीडिया पर क्यों बवाल मचा है और कौन हैं गौरव गुप्ता?
सोशल मीडिया पर क्यों मचा बवाल?
वायरल क्लिप में गौरव गुप्ता महिला के सरनेम, बोलने के अंदाज, पढ़ाई और निजी जीवन को लेकर लगातार मजाक करते नजर आते हैं. आलोचकों का कहना है कि महिला के असहजता जताने के बाद भी टिप्पणियां जारी रखना ठीक नहीं था. कुछ यूजर्स ने इसे जाति, सामाजिक पृष्ठभूमि और आर्थिक स्थिति को निशाना बनाने वाला व्यवहार बताया.
सीनियर IPS अधिकारी अरुण बोथरा ने भी इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अगर लोगों को हंसाने के लिए ऑडियंस में बैठे किसी एक व्यक्ति को अपमानित करना पड़े, तो इसे चतुर कॉमेडी नहीं कहा जा सकता. उनके मुताबिक, अच्छी कॉमेडी ऐसी होनी चाहिए जिसमें वह व्यक्ति भी हंस सके, जिस पर मजाक किया जा रहा है.
हालांकि, गौरव के समर्थन में भी प्रतिक्रियाएं आई हैं. कुछ यूजर्स का तर्क है कि क्राउड-वर्क कॉमेडी में कलाकार दर्शकों से बातचीत करते हुए तुरंत मजाक बनाते हैं और उनके शो में जाने वाले लोगों को उनकी शैली का अंदाजा होना चाहिए. इस तरह वीडियो ने कॉमेडी की सीमाओं, दर्शकों की सहमति और निजी टिप्पणियों के बीच अंतर को लेकर बहस छेड़ दी है.
कौन हैं गौरव गुप्ता?
गौरव गुप्ता भारत के स्टैंडअप कॉमेडियन हैं. कॉमेडी के अलावा वह पेशे से डेंटिस्ट भी हैं. उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से आने वाले गौरव को खास पहचान अपने ‘बीइंग बनिया’ अंदाज से मिली. उनके कॉमेडी सेट में बनिया समुदाय, मध्यमवर्गीय परिवारों, रोजमर्रा की जिंदगी और कारोबार से जुड़ी धारणाओं पर मजाक देखने को मिलता है.
बताया जाता है कि उन्होंने करीब 2015 में स्टैंडअप कॉमेडी की शुरुआत की थी. शुरुआती दौर में ओपन माइक कार्यक्रमों में परफॉर्म करने के बाद उन्होंने अपनी टाइमिंग और ऑब्जर्वेशनल ह्यूमर से दर्शकों के बीच पहचान बनाई. उन्हें 94.3 FM Radio One के LOL कॉन्टेस्ट में सफलता मिली और बाद में वह स्टार प्लस के शो The Great Indian Laughter Challenge के टॉप 12 फाइनलिस्ट में भी शामिल हुए.
सोशल मीडिया पर उनके कॉमेडी वीडियो वायरल होने के बाद उनकी लोकप्रियता बढ़ी. वह अपने शो में समुदाय, पारिवारिक जीवन और सामाजिक व्यवहार से जुड़े विषयों पर चुटकुले सुनाने के लिए जाने जाते हैं. मौजूदा विवाद ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा किया है कि लाइव कॉमेडी में दर्शकों से मजाक करने और किसी व्यक्ति को व्यक्तिगत रूप से असहज करने के बीच सीमा कहां तय होनी चाहिए.