मैं पैरालाइज्ड हो जाती... बॉडी शेमिंग पर कटरीना कैफ ने तोड़ी चुप्पी, जाने क्या-क्या कहा?
बॉलीवुड एक्ट्रेस कटरीना कैफ ने डिलीवरी के बाद अपनी बॉडी को लेकर किए गए भद्दे कमेंट्स पर अपनी सोच साझा की है. लंदन में अपने ब्यूटी ब्रांड के इवेंट में उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर होने वाली आलोचना को खुद की अहमियत पर हावी नहीं होने देना चाहिए. कटरीना ने खुद को स्वीकार करने और आत्मविश्वास बनाए रखने का संदेश दिया.
बॉलीवुड एक्ट्रेस कटरीना कैफ ने लंबे समय बाद सोशल मीडिया पर होने वाली ट्रोलिंग और अपने लुक को लेकर की जाने वाले कमेंट्स पर बात की है. हाल ही में बेटे को जन्म देने के बाद पब्लिक में नजर आईं कटरीना को उनकी बॉडी को लेकर कुछ लोगों ने ट्रोल किया था. अब एक्ट्रेस ने कहा है कि सोशल मीडिया पर लोगों की बातों को अपनी अहमियत पर हावी नहीं होने देना चाहिए.
कटरीना कैफ गुरुवार को लंदन में अपने कॉस्मेटिक्स ब्रांड 'के ब्यूटी' की पहली सालगिरह के मौके पर आयोजित एक इवेंट में शामिल हुईं. यह कार्यक्रम स्पेस एनके के साथ मिलकर किया गया था. यहां उन्होंने खुद को स्वीकार करने और सोशल मीडिया पर होने वाली आलोचना से निपटने के बारे में बात की.
इवेंट के दौरान कटरीना ने कहा कि लोगों को इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि सोशल मीडिया पर होने वाली बातें उनके आत्मसम्मान को प्रभावित न करें. अगर कोई हर समय दूसरों की उम्मीदों पर खरा उतरने की कोशिश करता है, तो इससे खुद के लिए फैसले लेने की क्षमता पर असर पड़ सकता है.
एक्ट्रेस ने कहा कि अगर वह हर आलोचना और कमेंट के हिसाब से अपने काम करने लगें, तो शायद डर की वजह से अपनी जिंदगी में आगे ही नहीं बढ़ पाएंगी. उनके मुताबिक, दूसरों की राय के आधार पर अपनी जिंदगी के फैसले लेना सही नहीं है.
कभी खुद बनना पड़ता है अपना सबसे बड़ा चीयरलीडर
कटरीना ने बातचीत में यह भी कहा कि जिंदगी में कभी लोगों से खूब तारीफ मिलती है, तो कभी खुद ही अपना हौसला बढ़ाना पड़ता है. उन्होंने अपने ब्रांड की टैगलाइन 'इट्स के टू बी यू' का जिक्र करते हुए बताया कि इसके पीछे भी खुद को स्वीकार करने की सोच है.
एक्ट्रेस के मुताबिक, इंसान की जिंदगी में कई तरह के उतार-चढ़ाव आते हैं. कभी सब कुछ अच्छा चलता है, तो कभी ऐसा लगता है कि कुछ भी सही नहीं हो रहा. इसी तरह कभी व्यक्ति खुद को अपने सबसे अच्छे रूप में महसूस करता है, तो कभी वह उस मुकाम तक पहुंचने की कोशिश कर रहा होता है.
कटरीना का मानना है कि जिंदगी के हर पड़ाव को सहजता से लेना चाहिए. खुद को बहुत ज्यादा गंभीरता से लेने के बजाय अपनी कमियों और बदलावों को भी स्वीकार करना जरूरी है.
गणपति पूजा के बाद बॉडी को लेकर हुई थीं ट्रोल
पिछले महीने कटरीना कैफ अंबानी परिवार के घर गणपति पूजा में शामिल हुई थीं. इस दौरान उनकी तस्वीरें और वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने उनकी डिलीवरी के बाद की बॉडी को लेकर भद्दे कमेंट्स किए थे.
कटरीना ने नवंबर 2025 में अपने बेटे विहान को जन्म दिया था. इसके बावजूद सोशल मीडिया पर उन्हें निशाना बनाया गया. हालांकि, कई लोगों ने एक्ट्रेस का समर्थन भी किया और ट्रोल करने वालों को जवाब दिया.
फिल्म इंडस्ट्री से सलमान खान, ऋतिक रोशन, समीरा रेड्डी और सौंदर्या रजनीकांत जैसे सितारों ने भी कैटरीना के समर्थन में आवाज उठाई. अब एक्ट्रेस की हालिया बातचीत को सोशल मीडिया पर होने वाली ट्रोलिंग और लोगों की निजी जिंदगी पर की जाने वाले कमेंट्स से जोड़कर देखा जा रहा है.