फिल्म Operation Sindoor की अनाउंसमेंट, विवेक अग्निहोत्री करेंगे डायरेक्ट, भूषण कुमार है प्रोड्यूसर

भूषण कुमार और विवेक अग्निहोत्री ने 'ऑपरेशन सिंदूर' फिल्म की घोषणा की है, जो पहलगाम हमले के बाद भारत के जवाबी स्ट्राइक पर आधारित है. यह फिल्म सेना की रणनीति, साहस और गुप्त ऑपरेशन की अनकही कहानी दर्शाएगी.

( Image Source:  Instagram: vivekagnihotri )
Edited By :  रूपाली राय
Updated On :

भूषण कुमार (Bhushan Kumar) और विवेक रंजन अग्निहोत्री (Vivek Agnihotri) ने गुरुवार को अपनी नई फिल्म ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की आधिकारिक घोषणा कर दी है. यह फिल्म पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत द्वारा पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में किए गए लक्षित सैन्य हमलों से प्रेरित है. इन हमलों का कोडनेम ही 'ऑपरेशन सिंदूर' था. फिल्म इसी असली घटना पर आधारित होगी. फिल्म की कहानी रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल केजेएस 'टाइनी' ढिल्लों की किताब 'ऑपरेशन सिंदूर: पाकिस्तान के अंदर भारत के गहन हमलों की अनकही कहानी' पर लिखी जाएगी.

इस फिल्म का निर्देशन विवेक रंजन अग्निहोत्री करेंगे. फिल्म को प्रोड्यूस भूषण कुमार की कंपनी टी-सीरीज और विवेक अग्निहोत्री की कंपनी आई एम बुद्धा प्रोडक्शंस मिलकर करेंगे. फिल्म निर्माताओं ने बताया कि यह फिल्म भारत के इतिहास में एक बहुत महत्वपूर्ण और बहादुरी भरे पल को दिखाएगी. इसमें दिखाया जाएगा कि कैसे भारत ने पाकिस्तान और PoK में छिपे आतंकी ठिकानों पर सटीक और शक्तिशाली हमले किए. निर्माताओं ने कहा कि यह फिल्म 2025 में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए दुखद आतंकी हमले का सिनेमाई जवाब है. उस हमले में 26 निर्दोष लोग मारे गए थे, जिनमें ज्यादातर आम पर्यटक थे. इस हमले के बाद भारत ने जो सख्त कार्रवाई की, उसी से यह फिल्म प्रेरित है.

क्या बोले भूषण कुमार?

भूषण कुमार ने एक बयान में कहा, 'कुछ कहानियां खुद आपको चुन लेती हैं. 'ऑपरेशन सिंदूर' भी ऐसी ही एक कहानी है. इसे पूरी ईमानदारी, साहस और जिम्मेदारी के साथ लोगों तक पहुंचाना बहुत जरूरी है. यह सिर्फ एक फिल्म नहीं है, बल्कि एक बड़ा खुलासा है. जब कोई देश ऐसी बड़ी घटनाओं से गुजरता है, तो उन्हें सच्चाई के साथ दर्ज करना बहुत जरुरी हो जाता है.'

पहलगाम हमले का बदला

निर्देशक विवेक रंजन अग्निहोत्री ने आगे कहा, 'ऑपरेशन सिंदूर के जरिए भारत ने न सिर्फ पहलगाम हमले का बदला लिया और पाकिस्तान को सजा दी, बल्कि आधुनिक युद्ध में अपनी ताकत और क्षमता भी पूरी दुनिया को दिखा दी.' अग्निहोत्री ने बताया कि उन्होंने भारतीय सेना की अलग-अलग शाखाओं के अधिकारियों और जवानों से मिलकर बहुत गहराई से रिसर्च की है. उन्होंने यह समझने की कोशिश की कि असल में क्या हुआ था, यह कैसे हुआ और क्यों हुआ. उन्होंने कहा कि जो सच्चाई उनके सामने आई, वह आम लोगों के सामने उपलब्ध जानकारी से कहीं ज्यादा जटिल, ज्यादा सटीक और काफी ज्यादा चौंकाने वाली है.'

मेरा मकसद शोर मचाना नहीं

'द कश्मीर फाइल्स', 'द ताशकेंट फाइल्स' और 'द बंगाल फाइल्स' जैसी चर्चित फिल्में बनाने वाले विवेक अग्निहोत्री ने कहा कि वे हमेशा से ऐसी कहानियां बताना चाहते हैं जो लोगों को असहज जरूर करें लेकिन जो सुनना बहुत जरूरी हो. उन्होंने कहा, 'मेरा पूरा प्रयास रहेगा कि साहस, व्यावसायिकता और रणनीतिक सूझबूझ की इस कहानी को पूरी सच्चाई और प्रामाणिकता के साथ दर्शकों तक पहुंचाऊं साथ ही इसे एक इंट्रेस्टिंग और एंटरटेनिंग सिनेमाई एक्सपीरियंस भी बनाऊं मेरा मकसद शोर मचाना नहीं है, बल्कि फैक्ट्स के साथ, क्लैरिटी के साथ और सिनेमा की ताकत के साथ इस कहानी का सामना करना है.' फिल्म से जुड़ी और ज्यादा जानकारी जैसे कास्ट, रिलीज डेट आदि जल्द ही जारी की जाएगी. 

Similar News