ईरान-इज़राइल तनाव के बीच Boman Irani ने Trump से मांगा सिलेंडर, Mandana Karimi ने लगाई फटकार

ईरान-इज़राइल तनाव के बीच बोमन ईरानी का एक मजाकिया वीडियो वायरल हो गया, जिसमें उन्होंने डोनाल्ड ट्रंप पर तंज कसा. इस पर मंदाना करीमी ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए इसे गंभीर मुद्दे का मजाक बताया.

( Image Source:  Instagram: )
Edited By :  रूपाली राय
Updated On :

इन दिनों ईरान और इज़राइल के बीच युद्ध का तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है.अमेरिका भी इसमें पूरी तरह शामिल हो गया है. हाल के हफ्तों में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर कई मिसाइल हमले किए हैं. खासतौर पर ऊर्जा क्षेत्र जैसे तेल और गैस की सुविधाओं को निशाना बनाया गया है. युद्धविराम की कोई उम्मीद नजर नहीं आ रही, जिससे पूरी दुनिया चिंतित है. मध्य पूर्व में फैला यह संकट ईंधन और गैस की कमी को भी जन्म दे रहा है. ऐसी स्थिति में खबरें आ रही हैं कि अमेरिका ने ईरान को 15-सूत्री युद्धविराम का प्रस्ताव दिया है. इसी बीच, बॉलीवुड के मशहूर एक्टर बोमन ईरानी (Boman Irani) ने इस मुद्दे पर एक बेहद मजेदार वीडियो शेयर किया है. उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ईरान से बातचीत करने की इच्छा पर तंज कसा.

इंस्टाग्राम पर वायरल इस वीडियो में बोमन ने हंसाते हुए कहा, 'सब जानते हैं कि ट्रंप ईरानियों से बात करना चाहते हैं. इसके लिए उन्होंने तीन लोगों को चुना है. स्मृति ईरानी, अरुणा ईरानी और मैं, यानी बोमन ईरानी. मैं पूरी तरह तैयार हूं.  शांति के लिए कुछ भी कर सकता हूं. लेकिन एक शर्त है मैं वाशिंगटन नहीं जाऊंगा. ट्रंप और उनका पूरा डेलिगेशन दादर पारसी कॉलोनी में आएं. हम उन्हें स्वादिष्ट खाना खिलाएंगे धनसक, कस्टर्ड सब कुछ. बस, अगर वे एक गैस सिलेंडर भी साथ लाएं, तो हमारी जिंदगी आसान हो जाएगी.' कैप्शन में उन्होंने लिखा, 'ईरानी लोग मिस्टर डोनाल्ड ट्रंप के साथ शांति वार्ता के लिए तैयार हैं.' 

मजाक पर भड़की एक्ट्रेस 

हर किसी को बोमन का यह मजाक पसंद नहीं आया. ईरानी मूल की मॉडल-एक्ट्रेस मंदाना करीमी ने कमेंट सेक्शन में कड़ी आपत्ति जताई. उन्होंने लिखा, 'बोमन ईरानी साहब... अचानक आप ईरान के मुद्दे पर इतना बोलने लगे हैं. समय भी बड़ा अजीब है. सालों से ईरान में लोगों को गिरफ्तार किया जा रहा है, फांसी दी जा रही है, उनकी आवाज दबाई जा रही है. हजारों लोग मारे गए, परिवार बर्बाद हो गए. हम जैसे लोगों ने यह सब सहा है और इसके बारे में बात भी की है. लेकिन अब... अचानक एक वीडियो आया.

पहले आप क्यों नहीं बोला?

एक्ट्रेस ने आगे कहा, 'अब चिंता जताई जा रही है गैस, ट्रंप और 'मेरे घर आओ' पर मजाक हो रहा है. साहब, पूरे सम्मान के साथ कहूं तो आप और पारसी समुदाय ईरान से जुड़े हैं. आपके पास वह इतिहास है, वह आग है. जब ईरानी मर रहे थे, तब यह आवाज कहां थी? और अब, क्योंकि यह गैस, राजनीति और वैश्विक वार्ताओं से जुड़ गया, तो टिप्पणी हो रही है? सच में, तालियां बज रही हैं. चुप्पी से मजाक तक यह तो बहुत जल्दी हो गया. बोमन ईरानी ने अभी तक मंदाना की इस आलोचना पर कोई जवाब नहीं दिया है. यह वीडियो और बहस सोशल मीडिया पर छाई हुई है. 

Similar News