भतीजी की मेहंदी में नाचे Rajpal Yadav, बनाई हलवाईयों संग रोटियां; एक्टर को खुश देख फैंस हुए गदगद
9 करोड़ रुपये के चेक बाउंस मामले में अंतरिम जमानत मिलने के बाद राजपाल यादव सीधे शाहजहांपुर पहुंचे और भतीजी की मेहंदी में डांस करते नजर आए. उनका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.;
बॉलीवुड के मशहूर कॉमेडियन राजपाल यादव (Rajpal Yadav) इन दिनों सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह कोई फिल्म या कॉमेडी नहीं, बल्कि एक लंबे समय से चल रहा कानूनी मामला है. 19 फरवरी 2026 को उनका वीडियो सामने आया है. जिसमें राजपाल यादव तिहाड़ जेल से रिहा होने के कुछ ही घंटों बाद उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में अपनी भतीजी की मेहंदी की रस्म में जोश-ओ-खरोश के साथ सफेद कुर्ते में जमकर नाचते दिख रहे हैं.
यह 32 सेकंड का वीडियो काफी वायरल हो गया है, क्योंकि यह दिखाता है कि जेल की मुश्किल घड़ियों के बाद भी वे परिवार के साथ खुशी से जुड़ गए हैं. वहीं दूसरी वीडियो में वह अपनी भाइयों और हलवाइयों के साथ रोटी बनाते नजर आ रहे है. उन्हें इतना खुश देखकर उनके फैंस भी बेहद खुश हैं. उनका इस तरह से परिवार में आकर शामिल होना सभी को बेहद पसंद आ रह है.
क्या है मामला?
यह पूरी कहानी 2010 से शुरू होती है. राजपाल यादव ने अपनी डायरेक्टोरियल डेब्यू फिल्म 'अता पता लापता' बनाने के लिए एक प्राइवेट कंपनी से करीब 5 करोड़ रुपये का लोन लिया था. फिल्म 2012 में रिलीज हुई, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर अच्छा नहीं चली. नतीजा यह हुआ कि लोन चुकाने में दिक्कत आई. कंपनी ने चेक दिए गए, लेकिन वे बाउंस हो गए. धीरे-धीरे ब्याज और कानूनी खर्चों के साथ यह रकम बढ़कर लगभग 9 करोड़ रुपये तक पहुंच गई. यह मामला नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट की धारा 138 के तहत चला, जो चेक बाउंस के लिए सख्त सजा देती है.
एक्टर मिली अंतरिम जमानत
2018 में एक मजिस्ट्रेट कोर्ट ने राजपाल यादव को दोषी ठहराया और 6 महीने की सजा सुनाई. कई अपीलों के बाद मामला दिल्ली हाई कोर्ट पहुंचा. फरवरी 2026 की शुरुआत में हाई कोर्ट ने उन्हें सरेंडर करने का आदेश दिया, जिसके बाद 5 फरवरी को वे तिहाड़ जेल में सरेंडर कर गए. जेल में वे करीब 12 दिन रहे. इस दौरान बॉलीवुड से कई लोग उनके साथ खड़े हुए, जैसे कि सोनू सूद और अन्य इंडस्ट्री के लोग। उनकी मदद से कुछ रकम जुटाई गई।16 फरवरी 2026 को दिल्ली हाई कोर्ट ने उन्हें अंतरिम जमानत दे दी. जमानत की मुख्य शर्त यह थी कि उन्हें शिकायतकर्ता के खाते में 1.5 करोड़ रुपये जमा करने पड़ेंगे। कोर्ट ने यह भी कहा कि राजपाल यादव की भतीजी की शादी 19 फरवरी को शाहजहांपुर में होने वाली है, इसलिए परिवारिक वजह से उन्हें यह राहत दी जा रही है. जमानत 18 मार्च 2026 तक वैध है, और इस दौरान उन्हें कोर्ट में हाजिर होना होगा या वर्चुअल तरीके से पेश होना होगा.
जेल के बारें में की बात
उन्हें 1 लाख रुपये का पर्सनल बॉन्ड और एक जमानती भी देनी पड़ी. पासपोर्ट भी सरेंडर करना पड़ा. जेल से रिहा होने के बाद राजपाल यादव ने मीडिया से बात की. उन्होंने पूरे देश और फिल्म इंडस्ट्री के लोगों का शुक्रिया अदा किया, जिन्होंने उनके साथ खड़े रहकर मदद की. उन्होंने कहा कि सच्चाई कोर्ट में सामने आएगी और वे हर सवाल का जवाब देने को तैयार हैं. दिलचस्प बात यह कि उन्होंने जेल की सुविधाओं पर भी बात की. उन्होंने कहा कि जेल में स्मोकिंग रूम नहीं हैं, जबकि रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट पर होते हैं. उन्होंने जेल में सुधार की मांग की और कहा कि कुछ कैदियों को दूसरा मौका मिलना चाहिए, जैसे कि कौन बनेगा करोड़पति में लाइफलाइन मिलती है. रिहाई के बाद वे सीधे अपने पैतृक गांव शाहजहांपुर पहुंचे वहां भतीजी की मेहंदी की रस्म में शामिल हुए.