Sarke Chunar गाने पर NHRC का नोटिस, Nora Fatehi और Sanjay Dutt घिरे विवादों में, अश्लीलता पर बवाल
'KD: The Devil' फिल्म के गाने 'सरके चुनर' पर NHRC ने नोटिस जारी कर दिया है. गाने के बोल और वीडियो को लेकर सोशल मीडिया से लेकर सेलिब्रिटीज तक कड़ी प्रतिक्रिया दे रहे हैं.
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने हाल ही में बहुत चर्चा में आए गाने 'सरके चुनर तेरी सरके' (Sarke Chunar Teri Sarke) पर नोटिस जारी किया है. यह गाना कन्नड़ फिल्म 'केडी - द डेविल' (KD: The Devil) से है, जिसमें नोरा फतेही और संजय दत्त साथ नजर आ रहे हैं. एनएचआरसी के एक सदस्य प्रियंक कानूनगो ने इस गाने के बोल और वीडियो को देखकर सवाल उठाया कि 'कौन अपनी सभ्य फैमिली के साथ बैठकर यह देख सकता है?'
उन्होंने कहा कि इसकी वजह से आधिकारिक नोटिस जारी किए जा रहे हैं ताकि कार्रवाई हो सके. यह विवाद इसलिए और बढ़ गया क्योंकि सोशल मीडिया पर लोग इस गाने के बोलों की जमकर आलोचना कर रहे हैं. कई लोगों का कहना है कि गाने में दोहरे अर्थ वाले शब्द और यौन रूप से उत्तेजक बातें हैं, जो अश्लील लगती हैं. वे कहते हैं कि ऐसे गाने सार्वजनिक रूप से, खासकर बच्चों और परिवार के सामने सुनने लायक नहीं हैं.
गाने के बारें में क्या कहा गया?
वकील और सामाजिक कार्यकर्ता विनीत जिंदल ने भी इस मामले में कदम उठाया. उन्होंने दिल्ली पुलिस के साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई है. अपनी शिकायत में उन्होंने गाने के बोलों को बहुत अश्लील और यौन उत्तेजक बताया है. उन्होंने मांग की है कि गाने से जुड़े लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई हो और इसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से हटा दिया जाए. उनका तर्क है कि यह गाना अश्लीलता को बढ़ावा देता है और खासकर युवाओं पर बुरा असर डाल सकता है. इस गाने को रिलीज हुए कुछ ही दिन हुए हैं, लेकिन ऑनलाइन इसे काफी निगेटिव प्रतिक्रियाएं मिल रही हैं. लोग बोल रहे हैं कि गाने में दोहरे मतलब वाले शब्दों और सेक्सुअल इशारों का बहुत ज्यादा इस्तेमाल किया गया है, जो बिल्कुल ठीक नहीं है.
भड़के कई लोग
सिंगर अरमान मलिक ने भी इस पर अपनी राय दी. उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि यह गाना कमर्शियल गीत लेखन की 'नई निम्नतम सीमा' है. उन्होंने कहा कि उन्हें अफसोस है और वे इसे सुनकर दुखी हुए हैं. एक पोस्ट में तो उन्होंने यह भी लिखा कि 'काश मैं इसे सुन ही न पाता'. क्रिकेट के पूर्व स्टार हरभजन सिंह ने भी इस गाने का खुलकर विरोध किया. उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर गाने की कड़ी आलोचना की और नोरा फतेही व संजय दत्त को भी लताड़ लगाई कि वे ऐसे गाने का हिस्सा कैसे बने. फिल्म 'केडी - द डेविल' के मेकर्स या गाने से जुड़े लोगों की तरफ से अभी तक इस विवाद पर कोई आधिकारिक जवाब या बयान नहीं आया है.