इस मामले में Dhurandhar 2 का बाप निकली 23 साल पुरानी यह फिल्म, क्या है 255 मिनट वाली वजह?

रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर 2' बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर साबित हो रही है. लेकिन क्या यह बॉलीवुड की सबसे लंबी फिल्म है? इसका जवाब आपको चौंका सकता है.

( Image Source:  IMDB )
By :  रूपाली राय
Updated On : 20 March 2026 1:58 PM IST

रणवीर सिंह स्टारर 'धुरंधर 2' (Dhurandhar: The Revenge) 19 मार्च 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई है और बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही है. इस फिल्म ने अपनी शुरुआत में ही कमाल का प्रदर्शन किया है. ओपनिंग डे पर भारत में लगभग 102 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया, जबकि वर्ल्डवाइड कुल कमाई 236 करोड़ रुपये के आसपास पहुंच गई है. पेड प्रीव्यू शोज से भी इसने रिकॉर्ड तोड़े, जहां करीब 44 करोड़ नेट कलेक्शन हुआ यानी फिल्म अपनी शुरुआत से ही ब्लॉकबस्टर साबित हो रही है और 2026 की सबसे बड़ी हिट बनने की पूरी राह पर है.

फिल्म आदित्य धर के निर्देशन में बनी है और यह 'धुरंधर' की कहानी का अगला हिस्सा है. इसमें रणवीर सिंह अपने किरदार हमजा अली मजारी के रूप में लयारी का किंग बनते हुए दिखते हैं. कहानी एक भारतीय जासूस के तहत पाकिस्तान में एक बड़े मिशन पर आधारित है. स्टार कास्ट में रणवीर सिंह के अलावा अर्जुन रामपाल, आर. माधवन, सारा अर्जुन, राकेश बेदी, सौम्या टंडन, संजय दत्त और कुछ नए चेहरे भी नजर आ रहे हैं. फिल्म की लंबाई की बात करें तो भारत में सेंसर बोर्ड द्वारा प्रमाणित रनटाइम 3 घंटे 49 मिनट (229 मिनट) है, जबकि ओवरसीज वर्जन में यह 3 घंटे 55 मिनट तक है.

क्या 'धुरंधर 2' है अब तक की सबसे लंबी फिल्म?

कुछ दर्शकों को इतनी लंबी फिल्म देखते हुए थकान हुई, लेकिन कहानी इतनी रोचक और बांधने वाली है कि लोग सीट से हिले ही नहीं. पहले पार्ट 'धुरंधर' की लंबाई 3 घंटे 34 मिनट थी, लेकिन इस सीक्वल ने उसे भी पीछे छोड़ दिया है. अब कई लोग इसे अब तक की सबसे लंबी बॉलीवुड फिल्म मान रहे हैं, लेकिन सच यह है कि 'धुरंधर 2' रनटाइम के मामले में सबसे लंबी नहीं है. इससे पहले कई क्लासिक और एपिक फिल्में आई हैं जो इससे कहीं ज्यादा लंबी थी. खास तौर पर जे.पी. दत्ता की 'एलओसी कारगिल' इस मामले में 'धुरंधर 2' को पूरी तरह टक्कर देती है, बल्कि उससे काफी आगे है.

आदित्य धर को टक्कर देती है जेपी दत्त की फिल्म 

'एलओसी कारगिल' की कुल रनटाइम 4 घंटे 15 मिनट (255 मिनट) थी. यह फिल्म 1999 के कारगिल युद्ध की सच्ची कहानी पर आधारित थी और इसमें एक से बढ़कर एक बड़े स्टार थे- संजय दत्त, अभिषेक बच्चन, सैफ अली खान, सुनील शेट्टी, अजय देवगन, आशुतोष राणा, नागार्जुन, अक्षय खन्ना, मोनिश बहल और कई अन्य दिग्गज कलाकार. यह एक मल्टी-स्टारर वॉर ड्रामा थी, जिसमें हर किरदार की कहानी को अच्छे से दिखाया गया था. इतनी लंबी फिल्म होने के बावजूद यह दर्शकों को बांधे रखने में कामयाब रही थी. हालांकि बॉक्स ऑफिस पर यह ज्यादा सफल नहीं हो पाई. इसे 4 घंटे के रनटाइम में रिलीज करने की एक वजह यह भी मानी जाती है क्योंकि उस समय तक फिल्मों को दो पार्ट में रिलीज करने का ट्रेंड ही नहीं था. जिसकी वजह से फिल्म दर्शकों को थिएटर तक आने के लिए प्रभावित नहीं कर पाई. वहीं 'एलओसी कारगिल' की रिलीज के एक हफ्ते बाद 19 दिसंबर 2003 को 'मुन्ना भाई एम.बी.बी.एस.' थिएटर में आई. राजकुमार हिरानी की इस रॉमकॉम ने लोगों को खूब हंसाया और 2 घंटे 36 मिनट की यह फिल्म 'एलओसी कारगिल' को टक्कर देने में कामयाब रही.  

ये भी पढ़ें :कौन हैं Raqueeb Alam? बिहार से निकलकर A. R. Rahman के लिए किया काम, बॉलीवुड से दूरी लेकिन साउथ में धाक

इस लिस्ट में शामिल है 56 साल पुरानी फिल्म 

'एलओसी कारगिल' 'धुरंधर 2' से लगभग 26-30 मिनट लंबी है. इसी तरह राज कपूर की 'मेरा नाम जोकर' (1970) भी 4 घंटे 8 मिनट से 4 घंटे 15 मिनट तक की थी जो उस समय की सबसे लंबी फिल्मों में से एक थी. लेकिन मेरा नाम जोकर न सिर्फ अपनी कहानी बल्कि बल्कि रनटाइम को लेकर बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह से फ्लॉप हुई थी. 

Similar News