बॉलीवुड एक्टर जिम सर्भ ने साल 2016 में रिलीज हुई फिल्म ‘नीरजा’ में खतरनाक आतंकी खली का किरदार निभाया था. अपने इस किरदार के लिए उन्हें काफी तारीफ मिली थी. हालांकि, फिल्म की शूटिंग शुरू होने के साथ ही उनके साथ एक ऐसा हादसा हुआ था, जिसे वह आज भी नहीं भूल पाए हैं.

‘द हॉलीवुड रिपोर्टर’ से बातचीत में जिम सर्भ ने बताया कि शूटिंग के पहले ही दिन गलती से उनके हाथ में मौजूद बंदूक सोनम कपूर के मुंह पर लग गई थी. उस वक्त वह काफी घबरा गए थे. जिम ने बताया कि उनके मन में तुरंत ख्याल आया कि आखिर उन्होंने यह क्या कर दिया. हालांकि, सोनम ने इस घटना को काफी सहजता से लिया और सेट पर माहौल भी खराब नहीं होने दिया.

'मुझे लगा, मैंने क्या कर दिया'

जिम सर्भ ने उस घटना को याद करते हुए कहा कि वह उस वक्त काफी परेशान और बेचैन हो गए थे. उन्हें डर था कि कहीं उनकी पहली ही फिल्म में उनके साथ कुछ गलत न हो जाए. उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि अच्छी बात यह रही कि उन्हें फिल्म से बाहर नहीं किया गया, वरना शायद आज वह यहां नहीं होते.

जिम के मुताबिक, सोनम कपूर ने इस घटना को समझदारी से संभाला और बाकी लोग भी उनके काम को पसंद कर रहे थे. ‘नीरजा’ जिम के करियर की शुरुआती फिल्मों में से एक थी और इस फिल्म में उनके नेगेटिव किरदार ने उन्हें इंडस्ट्री में अलग पहचान दिलाई.

फिल्म सेट पर ऊंच-नीच के स्ट्रक्चर पर क्या कहा?

इसी बातचीत में जिम सर्भ ने फिल्म इंडस्ट्री में काम के आधार पर बनी ऊंच-नीच की व्यवस्था पर भी अपनी राय रखी. थिएटर से आने वाले जिम ने कहा कि शुरुआत में उन्हें फिल्म सेट के इस माहौल को समझने में समय लगा. थिएटर में उनका अनुभव ऐसा रहा था, जहां सभी लोग मिलकर एक प्रोजेक्ट पर काम करते थे.

जिम ने कहा कि फिल्म मेकिंग में लोगों को उनके काम और प्रोजेक्ट में योगदान के आधार पर महत्व मिलना चाहिए. उनके मुताबिक, अगर गैर-जरूरी ऊंच-नीच कम हो तो सेट पर लोगों के बीच आपसी सम्मान बढ़ सकता है और हर व्यक्ति अपने काम को बेहतर तरीके से करने के लिए प्रेरित होगा. उन्होंने यह भी कहा कि जब किसी को अपने काम की अहमियत कम महसूस होती है, तो इसका असर काम की गुणवत्ता पर भी पड़ सकता है.

राम माधवानी के निर्देशन में बनी ‘नीरजा’ में सोनम कपूर ने मुख्य भूमिका निभाई थी. फिल्म में शबाना आजमी, जिम सर्भ, शेखर रवजियानी और योगेंद्र टिक्कू भी अहम भूमिकाओं में नजर आए थे. फिल्म को दो नेशनल फिल्म अवॉर्ड और छह फिल्मफेयर अवॉर्ड समेत कई सम्मान मिले. सोनम कपूर को 64वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स में ‘नीरजा’ के लिए स्पेशल मेंशन भी मिला था.