'Tere Naam' से 'Tanu Weds Manu' तक, लौटेंगी बॉलीवुड की सुपरहिट सीक्वल! क्या है Eros का मेगा प्लान? AI भी होगा हिस्सा

Eros Innovation ने बॉलीवुड की कई लोकप्रिय फिल्मों को नए रूप में आगे बढ़ाने का ऐलान किया है. इसके साथ ही AI की मदद से भारतीय पौराणिक कथाओं पर आधारित एक बड़े सिनेमाई यूनिवर्स और क्लासिक फिल्मों के रीमास्टर्ड संस्करण भी लाए जाएंगे.

( Image Source:  IMDB )
Edited By :  रूपाली राय
Updated On :

बॉलीवुड लवर्स के लिए बड़ी खुशखबरी. अगर आप भी 'तेरे नाम' के राधे भैया के दीवाने हैं या 'तनु वेड्स मनु' की नोक-झोंक आपको बेहद पसंद है, तो दिल थाम लीजिए. एंटरटेनमेंट वर्ल्ड की मशहूर कंपनी 'इरोस इंटरनेशनल' की ब्रांच इरोस इनोवेशन सिनेमा की दुनिया में एक बहुत बड़ा धमाका करने जा रही है. लंदन टेक वीक में कंपनी ने एक ऐसा मेगा प्लान शेयर किया है, जो आने वाले समय में हमारे फिल्म देखने के अंदाज को पूरी तरह बदल देगा. इरोस ने तीन अलग-अलग प्रोजेक्ट्स 'इरोस ब्रह्मांड', 'इरोस यूनिवर्स' और 'इरोस रीमास्टर्ड' का एलान किया है. तो देखते है कि ये पूरा प्लान क्या है और आपकी पसंदीदा फिल्मों को लेकर क्या नई खिचड़ी पक रही है. सबसे ज्यादा चर्चा इरोस यूनिवर्स की हो रही है, जिसके तहत भारतीय सिनेमा की 6 ब्लॉकबस्टर फिल्मों को नई कहानियों और नए चेहरों के साथ आगे बढ़ाया जाएगा यानी आपकी पसंदीदा फिल्मों के सीक्वल और स्पिन-ऑफ बनने वाले हैं. आइए देखते हैं इस लिस्ट में कौन-कौन शामिल है:

तनु वेड्स मनु 

द नेक्स्ट चैप्टर: कंगना रनौत और आर माधवन की इस सुपरहिट सीरीज की तीसरी किस्त आने वाली है. इसका निर्देशन 'हीरामंडी' और 'द एम्पायर' फेम मिताक्षरा कुमार करेंगी और इसकी शूटिंग 2026 में शुरू हो सकती है.  हालांकि, कंगना और माधवन इसमें होंगे या नहीं, इस पर अभी सस्पेंस है.

तेरे नाम और रंगीला

इन दोनों आइकॉनिक फिल्मों के सीक्वल पाइपलाइन में हैं. लेकिन ट्विस्ट ये है कि 'तेरे नाम' के सीक्वल में सलमान खान के 'राधे' वाले किरदार में लौटने की उम्मीद बहुत कम है. ठीक इसी तरह 'रंगीला' के अगले पार्ट में भी आमिर खान और उर्मिला मातोंडकर शायद नजर न आएं. 

इंग्लिश विंग्लिश, देसी बॉयज और फोबिया

दिवंगत एक्ट्रेस श्रीदेवी की दिल छू लेने वाली फिल्म 'इंग्लिश विंग्लिश', अक्षय-जॉन की फुल एंटरटेनिंग 'देसी बॉयज' और राधिका आप्टे की सस्पेंस-थ्रिलर 'फोबिया' को भी इस फ्रैंचाइजी के तहत आगे बढ़ाया जाएगा. हालांकि खास बात यह है कि इरोस इन फिल्मों को सिर्फ थिएटर तक सीमित नहीं रखेगा. इन्हें एनिमेशन, छोटे माइक्रोड्रामा और अलग-अलग कैरेक्टर बेस्ड सीरीज के रूप में भी दर्शकों के सामने पेश किया जाएगा.

भारतीय पौराणिक कथाओं में मिलेगा AI का जादू 

इस पूरे एलान का सबसे अनोखा और बड़ा हिस्सा है इरोस यूनिवर्स. यह एक ऐसा सिनेमाई यूनिवर्स होगा जो भारतीय लोककथाओं और पौराणिक कहानियों पर आधारित होगा. इसे बनाने में आधुनिक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद ली जाएगी. इसके तहत कुल 9 शानदार और आपस में जुड़ी हुई कहानियां दिखाई जाएंगी:

नंदी - कैलाश युद्ध

द्वारका: ब्रह्मांड का द्वार

विमान युद्ध

महाभारत 5000 ईस्वी

यक्षिणी

ब्रह्मरक्षक

गरुड़

कुंभयन्ना

मनसा देवी

ये सभी बड़े प्रोजेक्ट्स मिलकर एक ऐसा जाल बुनेंगे, जैसा हॉलीवुड में मार्वल या डीसी का होता है. यानी इंडियन कल्चर को बिल्कुल नए और मॉडर्न अंदाज में पर्दे पर उतारा जाएगा.

क्या है इरोस रीमास्टर्ड?

इरोस की तीसरी बड़ी पहल का नाम है इरोस रीमास्टर्ड। इसका मकसद है पुरानी और बेहतरीन क्लासिक फिल्मों को आज की तकनीक के साथ रिस्टोर (सुधारना) करना, ताकि आज की नई जनरेशन भी उन्हें बेहतरीन विजुअल्स के साथ देख सके. इसकी शुरुआत सुपरस्टार रजनीकांत की फिल्म 'कोचादैयान' से होगी, जो भारत की पहली मोशन-कैप्चर फीचर फिल्म थी। इस फिल्म को सौंदर्या रजनीकांत की देखरेख में पूरी तरह नए और शानदार रूप में री-लॉन्च किया जाएगा।

क्या कहते हैं मेकर्स?

इस पूरे ड्रीम प्रोजेक्ट पर बात करते हुए इरोस इनोवेशन के फाउंडर और चेयरमैन किशोर लुल्ला ने बताया कि उनका मकसद पौराणिक कहानियों, सुपरहिट फिल्मों और क्लासिक सिनेमा को एक ही छत के नीचे लाना है. वे एक ऐसा कंटेंट तैयार करना चाहते हैं जिसे हर उम्र के लोग, हर तरह के फॉर्मेट (सिनेमा, ओटीटी, एनिमेशन) में पसंद कर सकें. 

Similar News