Eetha Teaser: कौन थी विठाबाई नारायणगांवक, जिनको पर्दे पर उतार रहीं Shraddha Kapoor; प्रेगनेंसी सीन देख सन्न रह गए लोग

मशहूर निर्देशक लक्ष्मण उतेकर की फिल्म 'ईथा' का पहला टीजर सिनेमाघरों में रिलीज होते ही चर्चा का विषय बन गया है. श्रद्धा कपूर ने विठाबाई नारायणगांवकर के संघर्ष, साहस और कला के प्रति समर्पण को पर्दे पर बेहद प्रभावशाली अंदाज में पेश किया है.

Eetha Teaser(Image Source:  X: @wbu_g_ )
Edited By :  रूपाली राय
Updated On : 19 Jun 2026 12:06 PM IST

मशहूर फिल्म निर्देशक लक्ष्मण उतेकर एक बार फिर महाराष्ट्र के गौरवशाली इतिहास और संस्कृति से जुड़ी एक बेहद दमदार कहानी लेकर बड़े पर्दे पर लौट रहे हैं. छत्रपति संभाजी महाराज के जीवन पर आधारित फिल्म 'छावा' की चर्चाओं के बीच, अब उन्होंने अपनी अगली सबसे बड़ी फिल्म फिल्म 'ईथा' (Eetha) की झलक दर्शकों को दिखा दी है. यह फिल्म महाराष्ट्र की मशहूर लोक कलाकार विठाबाई भाऊ मांग नारायणगांवकर के जीवन पर आधारित एक बायोपिक है. फिल्म में लीड रोल में बॉलीवुड एक्ट्रेस श्रद्धा कपूर (Shraddha Kapoor) निभा रही हैं, और उनके साथ दमदार एक्टर रणदीप हुड्डा भी मुख्य किरदार में नज़र आएंगे. 

सिनेमाघरों में गूंजा 'ईथा' का डंका

फिल्म का पहला आधिकारिक टीज़र आज सिनेमाघरों में रिलीज कर दिया गया. इसे शाहिद कपूर, कृति सैनन और रश्मिका मंदाना की नई फिल्म 'कॉकटेल 2' के साथ थिएटर्स में दिखाया जा रहा है.  जैसे ही सिनेमाघरों में फिल्म का पहला शो शुरू हुआ, दर्शकों को श्रद्धा कपूर का एक ऐसा रूप देखने को मिला जिसने सबके रोंगटे खड़े कर दिए. श्रद्धा कपूर इस फिल्म में एक पारंपरिक लावणी डांसर के किरदार में बेहद प्रभावशाली लग रही हैं. 

क्या था टीजर में 

'ईथा' का टीज़र विठाबाई नारायणगांवकर के जीवन के सबसे इमोशनल और हैरान कर देने वाले हिस्से पर रोशनी डालता है. श्रद्धा कपूर ने इस किरदार को जीने के लिए अपनी पूरी जान लगा दी है. टीज़र के एक बेहद इमोशनल सीन में दिखाया गया है कि विठाबाई प्रेगनेंसी के आखिरी दिनों में हैं. भारी पेट के बावजूद, वह मंच पर पूरे जोश के साथ लावणी डांस कर रही हैं. तभी अचानक परफॉर्मेंस के दौरान उन्हें लेबर पेन शुरू हो जाता है. लेकिन कला के प्रति उनकी डेडिकेशन ऐसी थी कि वह अपने दर्शकों को छोड़कर शो के बीच से नहीं जाना चाहती थी. वह हिम्मत जुटाकर मंच के पीछे जाती हैं, वहां एक बच्चे को जन्म देती हैं, और एक पत्थर से बच्चे की गर्भनाल काट देती हैं. इसके तुरंत बाद, वह आराम करने के बजाय वापस मंच पर आकर अपना डांस पूरा करती हैं. विठाबाई के इस बेमिसाल साहस और कला के प्रति समर्पण को देख थिएटर्स में बैठे दर्शक दंग रह गए. 

शूटिंग के दौरान श्रद्धा कपूर का टूटा पैर

फिल्म को रियल और ऐतिहासिक रूप देने के लिए इसकी शूटिंग महाराष्ट्र की कई असली लोकेशंस पर की गई है. मेकर्स ने इसकी शूटिंग मुंबई के माढ द्वीप के अलावा सोलापुर, औंधेवाड़ी, सतारा, नासिक और भोर जैसी जगहों पर की है. इस फिल्म के लिए श्रद्धा कपूर ने कड़ी मेहनत की है. खबरों के मुताबिक, एक बेहद कठिन लावणी डांस सीक्वेंस की शूटिंग करते समय श्रद्धा कपूर का बायां पैर टूट गया था. इस चोट के बावजूद उन्होंने फिल्म की शूटिंग पूरी की. 

कौन थीं 'तमाशा सम्रादिनी' विठाबाई नारायणगांवकर?

विठाबाई नारायणगांवकर महाराष्ट्र की एक ऐसी महान कलाकार थी, जिन्होंने राज्य के पारंपरिक लोक नृत्य 'तमाशा' और 'लावणी' को एक नई पहचान दिलाई. उनका जन्म पंढरपुर के एक कलाकार परिवार में हुआ था. उनके दादा नारायण खुदे ने इस कला की शुरुआत की थी, जिसे बाद में विठाबाई के पिता और चाचा (भाऊ-बापू मांग नारायणगांवकर) ने आगे बढ़ाया. विठाबाई बचपन से ही लावणी, गवलन और भेदिक जैसे लोकगीतों को सुनते हुए बड़ी हुईं। जब उनके पिता का बुरा दौर आया, तो विठाबाई ने परिवार की कमान संभाली और तमाशा कला को ऊंचाइयों पर पहुंचाया. कला जगत में उनके इसी योगदान के कारण उन्हें 'तमाशा सम्रादिनी' (तमाशा की महारानी) कहा गया. विठाबाई को 1957 और 1990 में देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में से एक राष्ट्रपति पुरस्कार से भी नवाजा गया था. लेकिन अफ़सोस की बात यह है कि देश को गौरवान्वित करने वाली इस कलाकार का अंतिम समय बेहद तंगी में बीता. खबरों के अनुसार, जब उनका निधन हुआ, तब उनके अस्पताल का बिल चुकाने तक के पैसे नहीं थे और इसे कुछ दानदाताओं की मदद से चुकाया गया था. 

कब रिलीज़ होगी फिल्म?

अगर आप इस ऐतिहासिक और प्रेरणादायक कहानी को पर्दे पर देखना चाहते हैं, तो आपको थोड़ा इंतज़ार करना होगा. फिल्म 'ईथा' 28 अगस्त, 2026 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी. फिलहाल इसका टीज़र केवल सिनेमाघरों में ही देखा जा सकता है, लेकिन मेकर्स बहुत जल्द इसे यूट्यूब और सोशल मीडिया पर आधिकारिक तौर पर भी लॉन्च करने वाले हैं. 

Similar News