Disha Vakani के पिता भीम वकानी का निधन, 'लगान' और 'स्वदेश' में निभाए यादगार किरदार

दयाबेन फेम दिशा वकानी के पिता और अनुभवी एक्टर भीम वकानी का निधन हो गया है. जिससे मनोरंजन जगत में शोक की लहर है. 'लगान' और 'स्वदेश' जैसी फिल्मों में काम कर चुके इस कलाकार को सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि दी जा रही है.

( Image Source:  X: Dishavakani__fans )
Edited By :  रूपाली राय
Updated On :

लंबे समय से भारतीय दर्शकों का मनोरंजन कर रहे पॉपुलर टीवी सीरियल 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' में दयाबेन का किरदार निभाने वाली मशहूर एक्ट्रेस दिशा वकानी के पिता और अनुभवी अभिनेता भीम वकानी का निधन हो गया है. यह खबर सुनकर मनोरंजन जगत में गहरा शोक छा गया है. भीम वकानी गुजराती थिएटर के जाने-माने कलाकार थे. उन्होंने थिएटर में लंबे समय तक काम किया और अपनी बेहतरीन एक्टिंग से लोगों के दिलों में जगह बनाई. बाद में उन्होंने हिंदी सिनेमा में भी कदम रखा और कई यादगार फिल्मों में काम किया. उनकी सबसे चर्चित फिल्मों में 'लगान', 'स्वदेश' और 'लज्जा' शामिल हैं. इन फिल्मों में उन्होंने छोटे-छोटे रोल किए, लेकिन उनके एक्टिंग की गहराई और सच्चाई हर किसी को प्रभावित करती थी.

दिशा वकानी के पिता भीम वकानी ने 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' सीरियल के एक एपिसोड में भी अपनी बेटी के साथ स्क्रीन शेयर किया था. उस एपिसोड में उन्होंने 'मावजी छेड़ा' नाम का किरदार निभाया था. इस तरह उन्होंने न सिर्फ थिएटर और फिल्मों में, बल्कि टीवी पर भी अपनी छाप छोड़ी. भीम वकानी के निधन की पुष्टि उनके बेटे मयूर वकानी ने की है. मयूर वकानी भी 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' में सुंदरलाल का किरदार निभाते हैं. उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करके बताया कि उनके पिता ने आज सुबह अपनी अंतिम सांस ली. मयूर ने यह भी बताया कि भीम वकानी का अंतिम संस्कार अहमदाबाद में किया जाएगा.

प्राइवेसी देने की अपील 

परिवार के करीबी रिश्तेदार और कुछ खास दोस्त ही वहां मौजूद रहेंगे. वकानी परिवार ने इस दुख की घड़ी में लोगों से अपनी निजता का सम्मान करने और प्राइवेसी देने की अपील की है. उन्होंने कहा है कि इस मुश्किल समय में परिवार को अकेला छोड़ दिया जाए ताकि वे शांति से अंतिम संस्कार कर सकें. दिशा वकानी की बात करें तो 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' में दयाबेन बनकर उन्होंने पूरे देश में खूब लोकप्रियता हासिल की थी. दर्शक आज भी उन्हें दयाबेन के रूप में बहुत प्यार करते हैं. मां बनने के बाद दिशा वकानी पिछले कई सालों से एक्टिंग की दुनिया से दूर हैं.

सम्मानित कलाकार थे भीम वकानी

उन्होंने अब तक टीवी या फिल्मों में वापसी नहीं की है. पिता के निधन की खबर के बाद उनके फैंस सोशल मीडिया पर काफी दुखी हैं. कई फैंस दिशा वकानी को पर्दे पर वापस लौटने की उम्मीद जता रहे हैं और लिख रहे हैं कि वे जल्द से जल्द एक्टिंग में वापसी करें. भीम वकानी के निधन की वजह अभी तक सार्वजनिक रूप से नहीं बताई गई है. परिवार ने इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी है. सोशल मीडिया पर उनके चाहने वाले और मनोरंजन जगत के लोग उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं. कई लोग उनके अच्छे किरदारों और बेहतरीन एक्टिंग को याद कर रहे हैं. यह वकानी परिवार के लिए बहुत बड़ा सदमा है. भीम वकानी एक अनुभवी और सम्मानित कलाकार थे, जिन्होंने अपने पूरे करियर में सादगी और मेहनत से काम किया. उनका जाना न सिर्फ परिवार के लिए, बल्कि थिएटर और सिनेमा जगत के लिए भी एक बड़ी क्षति है. 

Similar News