Anurag Dobhal Health Update: आईसीयू से बाहर आने के बाद बिगड़ी UK07 Rider की हालत, मैनेजर बोले- दुआ मांगिए
यूट्यूबर और ‘बिग बॉस 17’ फेम UK07 Rider अनुराग डोभाल की सेहत को लेकर चिंता बढ़ गई है. कार एक्सीडेंट के बाद उनके फेफड़ों में संक्रमण फैल गया और अब उन्हें गंभीर निमोनिया हो गया है.
यूट्यूबर और 'बिग बॉस' 17 के मशहूर कंटेस्टेंट अनुराग डोभाल (Anurag Dobhal), जिन्हें ज्यादातर लोग UK07 राइडर के नाम से जानते हैं, उनकी सेहत को लेकर एक नया और चिंताजनक अपडेट सामने आया है. अनुराग को कुछ दिन पहले एक गंभीर कार दुर्घटना हो गई थी. यह हादसा तब हुआ जब वे इंस्टाग्राम पर लाइव सेशन कर रहे थे. लाइव के दौरान ही उनकी कार तेज रफ्तार में चल रही थी और अचानक एक बड़ा एक्सीडेंट हो गया. इस हादसे के बाद उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया और उनकी हालत इतनी खराब थी कि उन्हें आईसीयू में रखना पड़ा. वहां डॉक्टरों ने उनकी लगातार निगरानी की और इलाज चलाया.
कुछ समय पहले उनके मैनेजर रोहित पांडे ने अच्छी खबर दी थी. उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा था कि अनुराग भाई अब आईसीयू से बाहर आ चुके हैं. उनकी हालत स्थिर हो गई थी और वे सामान्य वार्ड में थे. रोहित ने लिखा, 'हम 24 घंटे उनके साथ हैं. उनके जल्दी ठीक होने की प्रार्थना करें.' फैंस को इस अपडेट से थोड़ी राहत मिली थी. लेकिन अब दुर्भाग्य से उनकी तबीयत फिर से बिगड़ गई है. रोहित पांडे ने शुक्रवार को इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक नया अपडेट शेयर किया. उन्होंने बताया कि अनुराग को गंभीर निमोनिया हो गया है. कारण यह है कि एक्सीडेंट में उनके फेफड़ों को भी आंशिक रूप से चोट लगी थी. इसी चोट की वजह से फेफड़ों में संक्रमण फैल गया और अब स्थिति गंभीर हो गई है.
फैंस की दुआ करने की अपील
रोहित ने लिखा, 'अपडेट: अनुराग भाई की हालत आज सुबह तक ठीक-ठाक थी, लेकिन अब उनकी हालत गंभीर हो गई है. दुर्घटना में फेफड़ों को भी नुकसान पहुंचा था, जिसकी वजह से गंभीर संक्रमण हो गया है और उन्हें गंभीर निमोनिया हो गया है. वे अभी भी डॉक्टरों की पूरी निगरानी में हैं. हम सभी से अनुराग के लिए प्रार्थना करने की गुजारिश करते हैं.' यह अपडेट बहुत चिंता का विषय है क्योंकि निमोनिया पहले से ही कमजोर शरीर में और ज्यादा खतरा पैदा कर सकता है. फैंस और दोस्त लगातार उनकी सेहत के लिए दुआएं मांग रहे हैं.
परिवार से विवाद और अन्य बातें
यह सब तब हुआ जब अनुराग ने कुछ दिन पहले एक लंबा वीडियो पोस्ट किया था. उसमें उन्होंने अपने परिवार पर मानसिक उत्पीड़न और परेशान करने का आरोप लगाया था. उन्होंने कहा था कि उनके परिवार वाले उनके अंतरजातीय शादी के खिलाफ थे. इसके बाद उनके भाई कलाम इंक (अतुल डोभाल) ने भी सोशल मीडिया पर जवाब दिया. उन्होंने अनुराग पर आरोप लगाया कि वे सिर्फ पॉपुलैरिटी के लिए ऐसा कर रहे हैं. कलाम ने कहा कि अनुराग ने परिवार पर झूठा केस किया था, जो कोर्ट में हार गए थे. इसके बाद ही उन्होंने यह वीडियो पोस्ट किया. साथ ही, उन्होंने दावा किया कि अनुराग के फैंस से उन्हें और परिवार को धमकियां मिल रही हैं. अनुराग के मैनेजर रोहित ने इन आरोपों पर कुछ नहीं कहा. उन्होंने सिर्फ इतना लिखा कि अभी उनकी प्राथमिकता अनुराग का स्वास्थ्य है. साथ ही, अनुराग की पत्नी रितिका (जो करीब 9 महीने की गर्भवती हैं, का भी ख्याल रखना है. उन्होंने कहा कि सही समय आने पर बयान देंगे, अभी अनुराग को ठीक होने दें.
रितिका की पोस्ट
अनुराग की पत्नी रितिका ने अब तक चुप्पी साध रखी थी, लेकिन हाल ही में उन्होंने एक इमोशनल और क्रिप्टिक पोस्ट शेयर की. उन्होंने लिखा, 'सोशल मीडिया पर जो कुछ भी दिखता है, वो सब सच नहीं होता. यहां कोई पोस्ट करता है, लोग रिएक्ट करते हैं, 1-2 दिन चर्चा होती है और फिर सब भूल जाते हैं. असली जिंदगी सोशल मीडिया से बाहर होती है आपका व्यवहार, आपके वैल्यू, आप रोज लोगों के साथ कैसे रहते हैं. दिल को साफ रखो, अच्छे काम करो, अच्छाई से पहचाने जाओ. आखिर में कर्म अपना फल देते हैं.' एक दूसरी पोस्ट में उन्होंने कहा कि उनके लिए पैसा, शोहरत, नौकरी सब मोह-माया है. असली चीज धर्म और अच्छे कर्म हैं. फिलहाल सबकी दुआएं अनुराग के जल्दी ठीक होने के लिए हैं. उम्मीद है कि वे जल्दी स्वस्थ होकर वापस आएंगे.'