रियलिटी शो ‘Alliance’ के फैंस के लिए बड़ी खबर है. शो का दूसरा सीजन अब ज्यादा दूर नहीं है. Prime Video ने ऐलान किया है कि ‘Alliance Season 2’ जनवरी 2027 में लौटेगा. इस बार दर्शकों को पहले से ज्यादा ड्रामा, नई जोड़ियां और गेम में कई नए मोड़ देखने को मिल सकते हैं.

पहले सीजन में कंटेस्टेंट्स के बीच दोस्ती, गठजोड़ और धोखे ने खूब चर्चा बटोरी थी. अब दूसरे सीजन में ‘System’ को भी नए अंदाज में पेश किया जाएगा। मेकर्स के मुताबिक, इस बार खेल पहले से ज्यादा मुश्किल होगा और कंटेस्टेंट्स के सामने कई नई चुनौतियां होंगी.

क्या होगा सीजन 2 में खास?

Prime Video ने सोशल मीडिया पर सीजन 2 का ऐलान करते हुए नए गठबंधनों और ज्यादा ड्रामे का संकेत दिया है. शो में इस बार भी कंटेस्टेंट्स को सिर्फ ताकत के दम पर आगे बढ़ने का मौका नहीं मिलेगा. उन्हें सही समय पर सही लोगों के साथ गठजोड़ करना होगा और बदलते खेल के हिसाब से अपनी रणनीति भी बनानी होगी. Prime Video इंडिया के ओरिजिनल्स के हेड निखिल माधोक ने कहा कि पहले सीजन ने सिर्फ दर्शक नहीं जुटाए, बल्कि ऐसे लोगों का समूह बनाया जो शो के हर फैसले, गठबंधन और गेम की चाल पर नजर रख रहे थे. उन्होंने बताया कि इसी प्रतिक्रिया के चलते दर्शकों को पूरे एक साल तक इंतजार नहीं करवाने का फैसला लिया गया.

कैसे था ‘Alliance’ का पहला सीजन?

‘Alliance’ का पहला सीजन 26 जून 2026 को शुरू हुआ था. शो को बॉलीवुड एक्टर और डायरेक्टर कुणाल खेमू ने होस्ट किया था. यह Prime Video का पहला डेली रियलिटी शो था, जिसके नए एपिसोड हर दिन दोपहर 12 बजे स्ट्रीम होते थे. पहले सीजन में 16 सेलिब्रिटी कंटेस्टेंट्स ने हिस्सा लिया था. शुरुआत में सभी आठ जोड़ियों में थे और उन्हें Kings, Warriors, Legends और Hunters नाम की चार टीमों में बांटा गया था. यहां मुकाबला सिर्फ शारीरिक ताकत का नहीं था, बल्कि ज्ञान, रणनीति और आपसी रिश्तों की भी परीक्षा होती थी.

कौन था सीजन 1 का विनर?

सीजन 1 के फिनाले में मिनी माथुर ने बाजी मारी थी. उन्होंने अली गोनी और रूही दोसानी को पीछे छोड़कर 50 लाख रुपये की इनामी राशि अपने नाम की. अली गोनी फर्स्ट रनर-अप और रूही सेकंड रनर-अप रही थीं.

कब से शुरू होगा Season 2?

‘Alliance’ डच फॉर्मेट पर आधारित भारतीय शो है, जिसे Banijay Asia ने तैयार किया है. अब दूसरे सीजन में नए कंटेस्टेंट्स, नई रणनीतियां और बदला हुआ ‘System’ देखने को मिलेगा. ‘Alliance Season 2’ का प्रीमियर 14 जनवरी 2027 को Prime Video पर होगा.