LPG Price Hike: फिर महंगा हुआ गैस सिलेंडर, होटल से लेकर ठेले तक सब पर पड़ेगा असर

एक बार फिल सिलेंडर के दामों में इज़ाफा हुआ है. ये बढ़ोतरी कमर्शियल सिलेंडर के दामों पर की गई है, जिसका सीधा असर छोटे बिज़नेस पर दिखने वाला है. आइये जानते हैं पूरी डिटेल

Edited By :  समी सिद्दीकी
Updated On :

LPG Cylinder Price Hike: देश में एक बार फिर कमर्शियल LPG सिलेंडर के दाम बढ़ा दिए गए हैं. नए फाइनेंशियल इयर की शुरुआत के साथ ये फैसला लिया गया है. बुधवार को 19 किलो वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में 195.50 रुपये की बढ़ोतरी की गई है. समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली में अब इस सिलेंडर की कीमत बढ़कर 2078.50 रुपये हो गई है.

यह बढ़ोतरी ऐसे समय पर हुई है जब पश्चिम एशिया में जारी तनाव के कारण वैश्विक तेल कीमतों में लगातार उछाल देखा जा रहा है. दरअसल, पश्चिम एशिया में बढ़ते संघर्ष के चलते अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतें करीब 50 प्रतिशत तक बढ़ चुकी हैं. सप्लाई चेन प्रभावित होने का असर अब भारत में भी दिखने लगा है और रोजमर्रा के खर्चों पर इसका सीधा असर पड़ रहा है.

क्या इससे पहले भी बढ़ी है कीमतें?

यह हालिया बढ़ोतरी पहली नहीं है. इससे पहले 1 मार्च को भी कमर्शियल LPG सिलेंडर के दाम 114.50 रुपये बढ़ाए गए थे. अब एक और बड़ी बढ़ोतरी ने खासकर होटल, रेस्टोरेंट और छोटे कारोबारियों की चिंता बढ़ा दी है, क्योंकि ये सभी अपने रोजमर्रा के कामकाज के लिए इन्हीं सिलेंडरों पर निर्भर रहते हैं. हालांकि इस बार घरेलू LPG सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है.

क्या पड़ेगा असर?

इस फैसला का सीधा असर छोटे बिज़नेस पर पड़ने वाला है जो कम कमाई के साथ चल रहे हैं. गैस की कीमतों में इजाफा होने से रोज़मर्रा का सामान भी महंगा होने लगेगा. इसके साथ ही बाहर मिलने वाले फैक्ड फूड की कीमतों में भी इजाफा देखने को मिल सकता है.

घरेलू सिलेंडर की क्या है कीमत?

घरेलू इस्तेमाल में आने वाले 14.2 किलो के गैस सिलेंडर की कीमत दिल्ली में अभी भी 913 रुपये बनी हुई है. इससे पहले 7 मार्च को इसके दाम में 60 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी. सरकारी तेल कंपनियां जैसे Indian Oil Corporation, Bharat Petroleum और Hindustan Petroleum हर महीने की पहली तारीख को LPG और एविएशन फ्यूल की कीमतों की समीक्षा करती हैं. इन कीमतों का फैसला अंतरराष्ट्रीय तेल दरों और मुद्रा विनिमय दरों पर निर्भर करता है, जो फिलहाल काफी अस्थिर बनी हुई हैं.

क्या पेट्रोल और डीजल की कीमतों में हुआ कोई बदलाव?

वहीं राहत की बात यह है कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं हुआ है. पिछले साल मार्च में 2 रुपये प्रति लीटर की कटौती के बाद से इनके दाम स्थिर बने हुए हैं. वर्तमान में दिल्ली में पेट्रोल 94.72 रुपये प्रति लीटर और डीजल 87.62 रुपये प्रति लीटर के हिसाब से बिक रहा है.

Similar News