क्या 2028 में अमेरिका का राष्ट्रपति बनेगा भारतीय मूल का व्यक्ति, कौन हैं सांसद रो खन्ना, क्यों हो रही उनके नाम की चर्चा?
अमेरिका में साल 2028 में राष्ट्रपति के चुनाव होने वाले हैं. मिडटर्म चुनाव के रिजल्ट को देखते हुए लग रहा है कि अब जल्द ही ट्रंप की छुट्टी होने वाली है. वहीं अब नए राष्ट्रपति उम्मीदवार के लिए भारतीय मूल के रो खन्ना का नाम सामने आ रहा है.
Ro Khanna Presidential Run
अमेरिका में मिडटर्म चुनाव के बाद अब सभी की नजरें 2028 में होने वाले राष्ट्रपति चुनाव पर टिक गई हैं. इस चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल अभी से शुरू हो गई है. भारतीय मूल के अमेरिकी सांसद रो खन्ना के समर्थकों ने उनकी संभावित उम्मीदवारी के लिए माहौल बनाना शुरू कर दिया है. इसके लिए पूर्व सांसद जमाल बोमन समेत कुछ नेताओं ने 'रन रो' नाम से एक नया ग्रुप भी बनाया है, जो उनके समर्थन में फंड जुटाने और लोगों को जोड़ने का काम कर सकता है.
वहीं, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो का नाम भी 2028 के राष्ट्रपति चुनाव की संभावित दौड़ में चर्चा में है. कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि रुबियो राष्ट्रपति चुनाव की तैयारी के लिए डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन छोड़ सकते हैं. हालांकि, रुबियो ने इन खबरों को खारिज कर दिया है. उन्होंने साफ कहा है कि फिलहाल उनका पूरा ध्यान राष्ट्रपति ट्रंप के कार्यकाल के अंत तक उनके साथ काम करने पर है.
क्यों हो रही रो खन्ना के नाम की चर्चा?
दूसरी ओर, भारतीय मूल के अमेरिकी सांसद रो खन्ना को 2028 के राष्ट्रपति चुनाव में उतारने की कोशिशें भी शुरू हो गई हैं. पूर्व अमेरिकी सांसद जमाल बोमन और प्रोग्रेसिव रणनीतिकार नोमिकी कोंस्ट ने उनके समर्थन में 'रन रो' नाम से एक ग्रुप बनाया है. यह समूह संभावित रूप से चुनावी चंदा जुटाने और रो खन्ना की उम्मीदवारी के पक्ष में समर्थन तैयार करने का काम करेगा. फिलहाल खन्ना राष्ट्रपति चुनाव लड़ने को लेकर विचार कर रहे हैं, लेकिन उन्होंने अपनी उम्मीदवारी की आधिकारिक घोषणा नहीं की है.
राष्ट्रपति चुनाव लड़ने पर क्या बोले रो खन्ना?
रो खन्ना ने अभी यह साफ नहीं किया है कि वह 2028 के राष्ट्रपति चुनाव में उम्मीदवार बनेंगे या किसी दूसरे नेता का समर्थन करेंगे. एनबीसी न्यूज को दिए बयान में उन्होंने कहा "हमें अमेरिका की अगली न्यू डील की जरूरत है. मैं चुनाव लड़ूंगा या किसी और को सपोर्ट करूंगा, यह मैं छुट्टियों के बाद अपने परिवार के साथ तय करूंगा."
कौन हैं रो खन्ना?
रो खन्ना का पूरा नाम रोहित खन्ना है. उनका जन्म 13 सितंबर 1976 को अमेरिका के पेंसिल्वेनिया राज्य के फिलाडेल्फिया शहर में हुआ था. उनके माता-पिता 1970 के दशक में भारत से अमेरिका जाकर बस गए थे. उनके परिवार का भारत की आजादी की लड़ाई से भी संबंध रहा है. उनके नाना अमरनाथ विद्यालंकार स्वतंत्रता सेनानी थे और उन्होंने लाला लाजपत राय के साथ काम किया था. रो खन्ना ने शिकागो विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र में ग्रेजुएट हैं. इसके बाद उन्होंने येल लॉ स्कूल से कानून की डिग्री हासिल की. राजनीति में आने से पहले वह स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालय में अर्थशास्त्र पढ़ाते थे.
रो खन्ना का राजनीतिक अनुभव भी काफी पुराना है. उन्होंने 2009 से 2011 तक तत्कालीन राष्ट्रपति बराक ओबामा के प्रशासन में अमेरिकी वाणिज्य विभाग के उप सहायक सचिव के रूप में काम किया था. साल 2016 में उन्होंने पहली बार कैलिफोर्निया के 17वें संसदीय क्षेत्र से चुनाव जीतकर अमेरिकी संसद में जगह बनाई. फिलहाल वह अमेरिकी संसद में कांग्रेशनल इंडिया कॉकस के सह-अध्यक्ष हैं. वह अपनी पत्नी रितु खन्ना और दो बच्चों के साथ कैलिफोर्निया के फ्रीमोंट में रहते हैं.




