Begin typing your search...

'अल्लाह ने आदेश दिया...', पेरिस में 3 महिलाओं पर चाकू से हमला करने के बाद बोला आरोपी, VIDEO हो रहा वायरल

पेरिस में एक युवक ने 3 महिलाओं पर अचानक चाकुओं से हमला कर दिया. हालांकि हमले के बाद आसपास मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

paris knife attack
X

paris knife attack

( Image Source:  X/ @LibertyPinnacle )

फ्रांस की राजधानी पेरिस में दिनदहाड़े एक युवक ने 2 चाकुओं से 3 महिलाओं पर हमला कर दिया, जिसमें एक गर्भवती महिला भी शामिल थी. 3 में से 2 महिलाओं की हालात गंभीर बताई जा रही है. हालांकि इस घटना के बाद वहां मौजूद लोगों ने आरोपी युवक को पकड़ लिया. जिसके बाद ड्यूटी से बाहर मौजूद एक पुलिस अधिकारी ने उसे हिरासत में ले लिया. पुलिस फिलहाल आरोपी की पहचान, हमले के मकसद और उसके मानसिक व वैचारिक पहलुओं की जांच कर रही है.

जानकारी के मुताबिक, घटना पेरिस के व्यस्त पोर्त द क्लिशी इलाके के पास हुई. आरोपी ने किचन में इस्तेमाल होने वाले दो बड़े चाकुओं से 19, 24 और 36 वर्ष की तीन महिलाओं पर हमला कर दिया. अचानक हुए इस हमले से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. फ्रांसीसी मीडिया के अनुसार, घायल महिलाओं में से एक गर्भवती है. हालांकि, सुरक्षा कारणों से अभी तक पीड़ितों की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है.

सोशल पर वायरल हो रहा वीडियो

घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है. वीडियो में लंबे काले बालों वाला एक व्यक्ति क्रीम रंग का ट्रैकसूट पहने दिखाई देता है. उसके दोनों हाथों में बड़े चाकू हैं और वह एक युवती की ओर बढ़ते हुए उस पर हमला करने की कोशिश करता नजर आता है. हालांकि, वीडियो से यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि वह युवती घायल हुई या नहीं. वीडियो के दूसरे हिस्से में वही व्यक्ति जमीन पर पड़ा दिखाई देता है. आसपास मौजूद लोगों ने उसे दबोच रखा है और दोनों चाकू उसके पास सड़क पर पड़े दिखाई देते हैं.

क्या बोला आरोपी?

रिपोर्ट के मुताबिक जब आरोपी को काबू किया गया तो वह बार-बार कह रहा था कि "अल्लाह ने मुझे ऐसा करने का आदेश दिया." पुलिस ने फिलहाल इस कथन के आधार पर किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है और कहा है कि हमले के पीछे की वास्तविक वजह की जांच की जा रही है.

क्या बोला चश्मदीद?

26 वर्षीय मोहम्मद-अली बुहादजार ने घटना का वीडियो रिकॉर्ड किया और बाद में उसे स्नैपचैट पर साझा किया. उसन मीडिया को बताया कि "जब मैंने उसे एक महिला की पीठ में चाकू मारते देखा, तो मैं चिल्लाया कि अरे इसे रोकते हैं. इसके बाद कई लोग उसकी तरफ दौड़ पड़े. एक व्यक्ति ने उस पर सूटकेस फेंका. उसके हाथ से चाकू गिर गए. उसी समय मैंने उसे पकड़ लिया, उसे पैर से गिरा दिया और हम सबने मिलकर उसे जमीन पर दबोच लिया."

फ्रांस के राष्ट्रीय आतंकवाद विरोधी अभियोजक कार्यालय ने कहा है कि वह इस मामले में जांच शुरू करने पर विचार कर रहा है. हालांकि, अभी तक अधिकारियों ने इस घटना को आधिकारिक रूप से आतंकवादी हमला घोषित नहीं किया है. जांच एजेंसियां सभी संभावित पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं.

अगला लेख