200 बार किया रेप, 2 साल तक जिंदगी पर रखा कंट्रोल... 20 साल की मॉडल ने सुनाई जेफरी एपस्टीन की खौफनाक कहानी
जेफरी एपस्टीन पर एक पूर्वी यूरोपीय मॉडल ने यौन शोषण के गंभीर आरोप लगाए हैं. मॉडल का दावा है कि 20 साल की उम्र में एपस्टीन से मुलाकात के बाद वह उसके जाल में फंस गई थी और उसने उसके साथ 200 से ज्यादा बार रेप किया.
अमेरिका के कुख्यात फाइनेंसर और यौन अपराधी जेफरी एपस्टीन से जुड़े मामले में एक और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. पूर्वी यूरोप की एक मॉडल ने आरोप लगाया है कि एपस्टीन ने उसे अपने जाल में फंसाकर उसका यौन शोषण किया. पीड़िता के मुताबिक, जब उसकी मुलाकात एपस्टीन से हुई थी, तब वह महज 20 साल की थी और मॉडलिंग की दुनिया में अपना करियर बनाने की कोशिश कर रही थी.
बीबीसी की एक नई डॉक्यूमेंट्री में मॉडल ने अपनी पहचान छिपाते हुए सिमोना नाम से आपबीती सुनाई है. उसने दावा किया कि एपस्टीन ने उसके साथ 200 से ज्यादा बार रेप किया. मॉडल ने यह भी बताया कि कैसे एपस्टीन ने उसे अपने नेटवर्क में शामिल किया. इस मामले में एक बड़ी मॉडल एजेंसी की प्रमुख फेथ केट्स का नाम भी सामने आया है. हालांकि, केट्स के वकीलों ने उन पर लगे आरोपों को खारिज किया है.
एपस्टीन से कहां मिली थी मॉडल?
बीबीसी से बातचीत में सिमोना ने बताया कि जब वह न्यूयॉर्क में जेफरी एपस्टीन से मिली थी, तब वह 20 साल की थी. उस समय वह एक मॉडलिंग एजेंसी के साथ काम कर रही थी. मुलाकात के दौरान एपस्टीन ने उसे अपनी करीबी दोस्त फेथ केट्स से मिलवाया था. फेथ केट्स उस समय दुनिया की बड़ी मॉडल एजेंसियों में शामिल नेक्स्ट मैनेजमेंट की प्रमुख थीं. सिमोना के मुताबिक, उसे शुरुआत में एपस्टीन के इरादों की जानकारी नहीं थी. उसे अंदाजा नहीं था कि वह मॉडलिंग के बहाने लड़कियों को अपने गलत नेटवर्क में फंसाने की कोशिश कर रहा था.
मॉडल ने सुनाई दर्दनाक कहानी
सिमोना ने आरोप लगाया कि एपस्टीन के संपर्क में आने के बाद उसकी जिंदगी पूरी तरह बदल गई. उसके मुताबिक, एपस्टीन ने उसका यौन शोषण किया और अगले दो साल तक उसकी जिंदगी पर अपना नियंत्रण बनाए रखा. अपनी आपबीती बताते हुए उसने कहा "लोगों को लगता है कि हमें कुछ मिला, कि हमने कुछ पाने के लिए इस गलत व्यवहार पर सहमति दी, चाहे वह पैसे का हो या असर का, लेकिन यह सच नहीं है. हमें गहरा सदमा लगा है."
फेथ केट्स पर क्या लगाए आरोप?
सिमोना ने अपनी बातचीत में फेथ केट्स की भूमिका को लेकर भी कई दावे किए. उसके मुताबिक, केट्स ने उसे प्लास्टिक सर्जरी कराने का सुझाव दिया था. इतना ही नहीं, उन्होंने एक सर्जन की जानकारी भी जेफरी एपस्टीन को भेजी थी. मॉडल ने दावा किया कि इस मुलाकात के बाद एपस्टीन ने उसे मॉडलिंग छोड़कर अपने साथ काम करने के लिए मनाने की कोशिश की. रिपोर्ट के अनुसार, एपस्टीन के साथ काम करने के लिए तैयार होने के बाद वह उसकी सहायक के तौर पर जुड़ गई थी.
अमेरिका के न्याय विभाग की ओर से जारी दस्तावेजों में भी एपस्टीन और केट्स के बीच बातचीत का जिक्र मिला है. इन फाइलों के मुताबिक, एपस्टीन ने केट्स से पांच अन्य मॉडल्स से मुलाकात कराने के लिए कहा था. फेथ केट्स के वकीलों ने सिमोना की ओर से लगाए गए आरोपों का खंडन किया है. उन्होंने कहा कि केट्स ने कभी किसी मॉडल को प्लास्टिक सर्जरी कराने की सलाह नहीं दी थी.




