इंडोनेशिया में समुद्र के बीच धधक उठा जहाज, 5 लोगों की मौत- 41 अब भी लापता; यात्रियों ने पानी में कूदकर बचाई जान- 10 Points
इंडोनेशिया के मदुरा द्वीप के पास यात्रियों से भरे एक जहाज में भीषण आग लगने से कम से कम 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 41 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं. हादसे की वजह का अभी पता नहीं चल पाया है. बचाव अभियान जारी है.
Indonesia Ferry Fire: इंडोनेशिया में रविवार सुबह एक बड़ा समुद्री हादसा हो गया. मदुरा द्वीप के पास करीब 250 यात्रियों और क्रू को लेकर जा रही KMP Mutiara Sentosa 2 जहाज में अचानक भीषण आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में फेरी का बड़ा हिस्सा लपटों और घने काले धुएं से घिर गया.
अधिकारियों के मुताबिक, इस हादसे में कम से कम 5 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 41 लोग अभी भी लापता हैं. हादसे के बाद समुद्र में अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों को बचाने के लिए आसपास मौजूद जहाजों को तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन में लगाया गया.
हादसे से जुड़े 10 बड़े अपडेट्स
- KMP Mutiara Sentosa 2 इंडोनेशिया के सुराबाया स्थित तंजुंग पेराक पोर्ट से मकासर, सुलावेसी द्वीप की ओर जा रही थी.
- सफर के कई घंटे बाद फेरी के कप्तान ने जहाज में आग लगने की जानकारी दी. इसके कुछ समय बाद फेरी से संपर्क टूट गया.
- सुराबाया सर्च एंड रेस्क्यू ऑफिस के मुताबिक, बाद में जहाज को सापुड़ी द्वीप से करीब 19 नॉटिकल मील उत्तर में पाया गया.
- जब रेस्क्यू टीम ने फेरी का पता लगाया तो हालात बेहद गंभीर थे. जहाज लगभग पूरी तरह आग की चपेट में था.
- कुछ यात्री अपनी जान बचाने के लिए फेरी के ब्रिज और आगे के हिस्से में जमा थे और वहां से मदद का इंतजार कर रहे थे.
- आग फैलने के बाद यात्रियों के बीच दहशत फैल गई. सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में फेरी के ऊपरी डेक से घना काला धुआं निकलता हुआ दिखाई दे रहा है.
- कई यात्री लाइफ जैकेट पहने हुए जहाज के एक हिस्से में जमा नजर आए. कुछ यात्रियों ने आग से बचने के लिए समुद्र में छलांग भी लगा दी. आसपास मौजूद जहाजों ने उन्हें सुरक्षित निकालने के लिए तुरंत मदद शुरू कर दी.
- सुराबाया सर्च एंड रेस्क्यू ऑफिस के प्रमुख नानांग सिगिट के मुताबिक, TB Hasnur 26 और British Mentor समेत आसपास के जहाज यात्रियों को निकालने में मदद कर रहे हैं.
- कुल चार जहाज फेरी के पास पहुंचकर बचाव अभियान में शामिल हुए.
- SAR 249 Permadi नाम का रेस्क्यू जहाज भी घटनास्थल के लिए रवाना हुआ, लेकिन उसे वहां पहुंचने में करीब छह घंटे लगने का अनुमान था.
आग कैसे लगी? अभी जांच जारी
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि फेरी में आग आखिर किस वजह से लगी. अधिकारियों ने अभी तक आग के कारण की पुष्टि नहीं की है. हादसे की जांच की जा रही है और बचाव अभियान भी लगातार जारी है. रेस्क्यू एजेंसियां समुद्र में लापता यात्रियों की तलाश कर रही हैं। हादसे में मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका से भी इनकार नहीं किया गया है.




