अमेजन के जंगल से अचानक बाहर आए 20 आदिवासी, क्यों मांगनी पड़ी बाहरी दुनिया से मदद? जानें कौन होते हैं अवा जनजाति
ब्राजील के अमेजन जंगल से करीब 20 अलग-थलग रहने वाले अवा आदिवासी बाहर आए और खाना मांगा. जानें कौन हैं ये लोग और जंगल में उनके सामने क्या खतरा है.
दुनिया के सबसे बड़े वर्षावन अमेजन से एक ऐसा नजारा सामने आया है, जिसने पूरी दुनिया का ध्यान खींचा है. ब्राजील के घने जंगलों में बाहरी दुनिया से दूर रहने वाले करीब 20 आदिवासी अचानक जंगल से बाहर आ गए. उन्होंने सरकारी टीम से खाना मांगा और मदद स्वीकार की.
ये अवा (Awa) जनजाति के लोग हैं, जिनमें कुछ समुदाय आज भी बाहरी दुनिया से संपर्क नहीं रखते. लेकिन इनके अचानक बाहर आने के पीछे सिर्फ खाने की जरूरत नहीं, बल्कि जंगल में तेजी से बढ़ती घुसपैठ और अस्तित्व का संकट भी बड़ी वजह माना जा रहा है. आखिर कौन हैं ये आदिवासी और जंगल में इनके सामने ऐसा कौन सा खतरा पैदा हो गया है?
कैमरे में कैद हुई दुनिया से छिपकर रहने वाले आदिवासियों की दुर्लभ मुलाकात
ब्राजील के उत्तरपूर्वी राज्य मारान्हाओ में सोमवार को यह दुर्लभ घटना हुई. ब्रिटेन की आदिवासी अधिकार संस्था सर्वाइवल इंटरनेशनल ने मंगलवार को इस मुलाकात का वीडियो और तस्वीरें साझा कीं. संस्था के मुताबिक, करीब 20 अलग-थलग रहने वाले अवा आदिवासी सरकारी टीम के पास पहुंचे और उन्होंने खाने की मांग की.
यह मुलाकात अरारिबोइया इंडिजिनस लैंड में हुई, जहां गुआजाजारा समुदाय के लोग भी रहते हैं. इस ऐतिहासिक मुलाकात का वीडियो गुआजाजारा समुदाय के सदस्यों ने रिकॉर्ड किया था. बताया गया कि आदिवासी सरकारी नियंत्रण चौकी और तवारी गांव के पास पहुंचे थे.
कौन हैं अवा आदिवासी, क्यों बाहरी दुनिया से रखते हैं दूरी?
अवा ब्राजील के मारान्हाओ क्षेत्र में रहने वाला एक स्वदेशी समुदाय है. यह तुपी-गुआरानी भाषाई समूह से जुड़ा है. इस समुदाय के कुछ लोग आज भी बाहरी दुनिया से संपर्क किए बिना जंगलों में रहते हैं. वे अपनी पारंपरिक जीवनशैली और प्राकृतिक संसाधनों पर निर्भर हैं.
ऐसे समुदायों के लिए बाहरी दुनिया से दूरी बनाए रखना उनकी सुरक्षा और अस्तित्व से जुड़ा मामला है. यही वजह है कि उनकी मर्जी के बिना उनसे संपर्क करने की कोशिश को खतरनाक माना जाता है.
अवैध लकड़ी तस्करों और शिकारियों ने बढ़ाया खतरा
अवा आदिवासियों के सामने सबसे बड़ा संकट उनके जंगल और जमीन पर बढ़ती घुसपैठ है. अवैध लकड़ी काटने वाले, शिकारी और जमीन पर कब्जा करने वाले लोग लगातार उनके इलाके में पहुंच रहे हैं. सर्वाइवल इंटरनेशनल की निदेशक कैरोलिन पियर्स के मुताबिक, घुसपैठ के कारण ये आदिवासी जंगल के लगातार छोटे होते जा रहे हिस्से में सिमटने को मजबूर हैं. यानी जिस जंगल में ये पीढ़ियों से रहते आए हैं, वही अब इनके लिए सुरक्षित नहीं रह गया है.
ब्राजील सरकार ने क्यों अपनाई है संपर्क न करने की नीति?
ब्राजील की आदिवासी मामलों की एजेंसी फुनाई (Funai) का कहना है कि सरकार इन अलग-थलग समुदायों से संपर्क करने की कोशिश नहीं कर रही है. एजेंसी वायरल वीडियो और सोशल मीडिया पर सामने आए दावों की समीक्षा कर रही है. इसके पीछे एक बड़ी वजह इन आदिवासियों की सेहत और सुरक्षा है. बाहरी लोगों के संपर्क में आने से उन्हें ऐसी संक्रामक बीमारियां हो सकती हैं, जिनके खिलाफ उनके शरीर में पर्याप्त प्रतिरोधक क्षमता नहीं होती. इसलिए किसी भी मुलाकात या मदद के दौरान बेहद सावधानी बरतना जरूरी है.
बाहरी लोगों के संपर्क में आने से खत्म हो गई थी 40 फीसदी नुकाक आबादी
अमेजन क्षेत्र में रहने वाले अलग-थलग आदिवासी समुदायों के लिए बाहरी दुनिया से संपर्क कई बार जानलेवा साबित हुआ है. इसका उदाहरण कोलंबिया का नुकाक समुदाय है. 1980 के दशक में बाहरी लोगों के संपर्क में आने के बाद इस समुदाय के करीब 40 फीसदी लोगों की बीमारियों के कारण मौत हो गई थी. यही वजह है कि आदिवासी अधिकारों के लिए काम करने वाले संगठन बिना योजना और सुरक्षा के ऐसे समुदायों से संपर्क करने का विरोध करते हैं.
अवा आदिवासियों का जंगल से बाहर आना इसलिए भी चिंता बढ़ाता है, क्योंकि यह उनके सामने मौजूद भोजन और सुरक्षा के संकट की ओर इशारा करता है. उनके लिए सबसे बड़ा सवाल अब अपनी जमीन, जंगल और पारंपरिक जीवन को बचाए रखने का है.




